किसी भी समझदार और देशभक्त को इसमें दिक्कत नहीं होगी; CJP के रांका ने प्रशासन को क्यों कहा शुक्रिया
‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का मकसद बताते हुए आशुतोष रांका ने कहा, 'इसी के लिए तो हम लड़ रहे है। स्कूल ठीक हो, बच्चे अच्छे से पढ़ सकें। किसी भी समझदार और देशभक्त व्यक्ति को इसमें दिक्कत नहीं हो सकती।'
कॉकरोच जनता पार्टी इस स्वतंत्रता दिवस पर 'स्कूल ठीक करो' अभियान की शुरुआत की थी, जिसके तहत वह देश के अलग-अलग गांवों में बने जर्जर स्कूलों को दिखा रही है और प्रशासन से उनकी मरम्मत व उनमें जरूरी सुधार करने की मांग कर रही है। और लगता है कि उसकी यह मुहिम रंग भी लाने लगी है और प्रशासन पर इसका असर भी होने भी लगा है। क्योंकि राजस्थान के एक गांव में CJP टीम के दौरे और वहां के सरकारी स्कूल की खस्ता हालत बताने के हफ्तेभर बाद ही प्रशासन ने उस स्कूल की कायापलट करने का काम शुरू करवा दिया है। जिसके बाद कॉकरोच पार्टी के राष्ट्रीय सह-संयोजक आशुतोष रांका ने अलवर जिला प्रशासन को शुक्रिया कहा है।
प्रशासन के शुरू किए काम की तस्वीरें शेयर करते हुए रांका ने इसे अपने अभियान का असर बताया और कहा कि यह वही स्कूल है जहां हम पिछले हफ्ते गए थे। इस बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए रांका ने कहा कि 'राजस्थान के जोधावास, थानागाजी स्थित स्कूल में मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। यह वही स्कूल है जहां हम पिछले हफ्ते गए थे।'
आगे उन्होंने वहां शुरू हुए काम की जानकारी देते हुए कहा कि 'क्लासरूम्स की मरम्मत की जा रही है, जर्जर भवन को जमींदोज कर दिया गया है। वाशरूम और प्लेग्राउंड भी जल्द तैयार हो जाएगा।' आगे उन्होंने अपने अभियान का मकसद बताते हुए कहा कि 'इसी के लिए तो हम लड़ रहे है। स्कूल ठीक हो, बच्चे अच्छे से पढ़ सकें। किसी भी समझदार और देशभक्त व्यक्ति को इसमें दिक्कत नहीं हो सकती।'
अपनी पोस्ट के अंत में रांका ने इस काम को शुरू करने के लिए अलवर जिला कलेक्टर और मजिस्ट्रेट को धन्यवाद दिया और लिखा, 'इस पर काम करने के लिए धन्यवाद। आपसे अनुरोध है कि आप अपने इलाके के अन्य जर्जर स्कूलों का भी निरीक्षण करेंगे।' इस पोस्ट के साथ रांका ने स्कूल भवन की छत पर हुए वाटर प्रूफिंग के काम का वीडियो और तोड़े गए जर्जर भवन का फोटो भी शेयर किया।
इससे कुछ दिन पहले देशभर के बच्चों और टीचर्स से अपील करते हुए आशुतोष रांका ने अपने-अपने स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी में बेहतर सुविधाएं एवं बेहतर पढ़ाई के लिए आवाज बुलंद करेंने का आह्वान किया था, और कहा था कि ऐसी हर एक लड़ाई में कॉकरोच जनता पार्टी मजबूती से आपके साथ खड़ी होगी। रांका ने कहा था कि अच्छी शिक्षा लक्ज़री नहीं, हमारा हक है।


