राजस्थान में बहू की शिकायत लेकर कोर्ट पहुंची सास, अदालत ने कहा दर्ज करो जबरन वसूली के मामले में FIR

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, निम्बाहेड़ा, राजस्थान
share

जानकारों का कहना है कि यह मामला अपने आप में दुर्लभ है, क्योंकि व्यावसायिक और संपत्ति विवादों के मामलों में जबरन वसूली और धोखाधड़ी के मामले बेहद आम हैं, लेकिन वैवाहिक मामलों में सास की तरफ से बहू पर आरोप लगाने का यह मामला इसे असाधारण रूप से दुर्लभ बनाता है।

राजस्थान में बहू की शिकायत लेकर कोर्ट पहुंची सास, अदालत ने कहा दर्ज करो जबरन वसूली के मामले में FIR

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें यहां की एक अदालत ने एक वैवाहिक मामले में अपने ससुराल पक्ष से जबरन वसूली करने के मामले में बहू के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने आरोपी बहू के खिलाफ पर्याप्त वीडियो और अन्य सबूत मिलने के बाद भारतीय दंड संहिता की धारा 384 (जबरन वसूली) और 406 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत संज्ञान लिया और FIR दर्ज करने का आदेश दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अदालत ने यह आदेश आरुषि जैन नाम की महिला के खिलाफ दिया है। इस बारे में उसकी सास और पीड़िता रेणु चौरड़िया ने एक विरोध याचिका दायर करते हुए इस मामले में संज्ञान लेने की अपील की थी। जिसके बाद 17 अक्टूबर, 2025 को निम्बाहेड़ा की न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने इस मामले में एक आदेश जारी किया। इस मामले में पुलिस ने पहले एक अंतिम रिपोर्ट दायर करते हुए सास की शिकायत को बहू द्वारा दर्ज दहेज मामले की प्रतिक्रिया बताया था, लेकिन अदालत ने जब गवाहों के बयान और दस्तावेजी सबूतों की समीक्षा की तो मामले की सच्चाई को अलग पाया और पुलिस की रिपोर्ट से असहमति जताते हुए पुलिस से बहू के खिलाफ एक्शन लेने को कहा।

इस मामले को लेकर पीड़ित सास रेणु चौरड़िया द्वारा दायर की गई शिकायत में पीड़िता की तरफ से आरोप लगाया गया कि उनकी बहू आरुषि जैन ने अपने माता-पिता डॉ. अनिल जैन और श्रीमती अल्पना जैन के साथ मिलकर पारिवारिक संपत्ति व गहनों के लिए उन्हें परेशान किया, धमकाया और जबरन वसूली की। इस दौरान आरुषि ने अपनी बुजुर्ग और कैंसर रोगी सास को धमकाते हुए और उन पर दबाव डालते हुए उनके पैतृक गहने और उनका स्त्रीधन छीन लिया।

मामले की सुनवाई के दौरान कई गवाहों और वीडियो साक्ष्यों की जांच के बाद अदालत ने पाया कि प्रथम दृष्टया ऐसे सबूत मौजूद हैं जिनसे पता चलता है कि शिकायतकर्ता और उसके परिवार के गहने दबाव में लिए गए थे। जिसके बाद मजिस्ट्रेट ने आरुषि जैन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 384 और 406 के तहत संज्ञान लिया और उसे मुकदमे का सामना करने का निर्देश दिया।

जानकारों का कहना है कि यह मामला अपने आप में दुर्लभ है, क्योंकि व्यावसायिक और संपत्ति विवादों के मामलों में जबरन वसूली और धोखाधड़ी के मामले बेहद आम हैं, लेकिन वैवाहिक और पारिवारिक मामलों में आमतौर पर पति या ससुराल वालों को ही आरोपी बनाया जाता है, ऐसे में सास की तरफ से बहू के खिलाफ इतने गंभीर आरोप लगाने का यह मामला इसे असाधारण रूप से दुर्लभ बनाता है।

कानूनी विशेषज्ञों का साथ ही यह भी कहना है कि अदालत का आदेश इस बात की पुष्टि करता है कि पर्याप्त सबूत पेश किए जाने पर आपराधिक कानून सभी लिंगों पर समान रूप से लागू होता है, साथ ही उन्होंने इसे सामान्य वैवाहिक मुकदमों से उलट बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि कानून को सभी पीड़ितों की रक्षा करनी चाहिए, चाहे उनका लिंग या रिश्ता कुछ भी हो। इस केस में शिकायतकर्ता पीड़िता का प्रतिनिधित्व अधिवक्ता अपूर्वा चौरड़िया ने किया।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Rajasthan News, Jaipur News, Jodhpur News, Alwar News, Ajmer News, Udaipur News और Kota News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।