
कोटा रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, तीरदांजी के नेशनल लेवल खिलाड़ी की ट्रेन से गिरकर मौत
राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर महाराष्ट्र के एक तीरंदाज खिलाड़ी की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। महाराष्ट्र की टीम पंजाब के बठिंडा में आर्चरी टूर्नामेंट खेल कर वापस लौट रही थी तभी यह हादसा हो गया।
राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर महाराष्ट्र के एक तीरंदाज खिलाड़ी की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। महाराष्ट्र की टीम पंजाब के बठिंडा में आर्चरी टूर्नामेंट खेल कर वापस लौट रही थी तभी यह हादसा हो गया। मृतक खिलाड़ी की पहचान महाराष्ट्र के नासिक निवासी अर्जुन सोनावाने के रूप में हुई है जो एक नेशनल लेवल का तीरंदाज खिलाड़ी थे। ट्रेन से गिरने के बाद अर्जुन ट्रेन और प्लैटफार्म के बीच में बुरी तरह से फंस गया था।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त खिलाड़ी अपने साथियों के साथ ट्रेन के गेट पर खड़े थे। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन और प्लैटफार्म के बीच में फंस गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर टीम के मैनेजर के सुपुर्द कर दिया है।
जीआरपी थाने के हेड कॉन्स्टेबल डालचंद ने बताया कि सूचना मिली थी कि शकूरबस्ती से मुंबई सेंट्रल जा रही सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक यात्री गंभीर घायल हो गया। यात्री ट्रेन और प्लैटफॉर्म के बीच में फंस गया था, जिसको अन्य यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की मदद से बाहर निकल गया और गंभीर हालत में एमबीएस अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई।
सामने आया है कि खिलाड़ी अर्जुन अपनी पूरी टीम के साथ शकूरबस्ती-मुंबई सेंट्रल एसी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे थे। जैसे ही ट्रेन कोटा पहुंची तो वह अपने साथियों के साथ खाना लेने के लिए प्लैटफॉर्म पर उतर रहे थे। जब ट्रेन की रफ्तार काफी धीमी थी तो उतरने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया।
वहीं टीम के मैनेजर अनिल कमलापुरे ने बताया कि हमारी टीम बठिंडा पंजाब में आर्चरी टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए गई थी। टूर्नामनेट खेलकर टीम वापस महाराष्ट्र जा रही थी। ट्रेन जब कोटा रेलवे स्टेशन पहुंची तो खाने के लिए हमने ऑर्डर किया था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। मैनेजर ने बताया कि अर्जुन ग्रेजुएशन कर रहा था और पिछले 5 सालों से तीरंदाजी कर रहा था। अर्जुन आठ बार नेशनल भी खेल चुके थे। वहीं स्टेट और नेशनल टूर्नामेंट में आठ बार गोल्ड मेडल भी जीत चुके थे। अर्जुन के पिता किसान हैं।
रिपोर्ट : योगेंद्र महावर





