Hindi Newsराजस्थान न्यूज़कोटाrajasthan anta assembly byelection voters turnout details
राजस्थान की अंता विधानसभा में कल उपचुनाव, निर्दलीयों ने बनाया मुकाबला दिलचस्प; जानिए कितने वोटर करेंगे मतदान

राजस्थान की अंता विधानसभा में कल उपचुनाव, निर्दलीयों ने बनाया मुकाबला दिलचस्प; जानिए कितने वोटर करेंगे मतदान

संक्षेप:

बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। चुनाव आयोग ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुल 2,27,563 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Nov 10, 2025 10:58 am ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, अंता
share Share
Follow Us on

बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। चुनाव आयोग ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुल 2,27,563 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,15,982 पुरुष, 1,10,241 महिलाएं और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 268 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

निर्वाचन विभाग की ओर से प्रत्येक मतदान दल के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) के जवान तैनात रहेंगे। पूरे विधानसभा क्षेत्र में 12 क्विक रिस्पांस टीम, 43 मोबाइल पार्टियां, 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 12 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी, 12 एरिया मजिस्ट्रेट, 4 वरिष्ठ पुलिस पर्यवेक्षक और 4 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे। प्रशासन का दावा है कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी दल चौकस रहेंगे।

मतदान के लिए वोटर आईडी के साथ 11 अन्य दस्तावेजों को भी मान्य रखा गया है। इनमें आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सेवा पहचान पत्र, बैंक पासबुक और विकलांग प्रमाण पत्र जैसे पहचान पत्र शामिल हैं।

अंता उपचुनाव में कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया और भाजपा के मोरपाल सुमन के बीच माना जा रहा है। हालांकि निर्दलीय उम्मीदवार नरेश कुमार मीणा ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। इनके अलावा पुखराज सोनल, पंकज कुमार, बिलाल खान, मंजूर आलम, योगेश कुमार शर्मा (राइट टू रिकॉल पार्टी) और अन्य निर्दलीय उम्मीदवार भी किस्मत आजमा रहे हैं।

यह उपचुनाव भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा की सदस्यता रद्द होने के बाद कराया जा रहा है। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया को 5861 वोटों से हराकर यह सीट जीती थी।

हालांकि, कंवरलाल मीणा को 20 साल पुराने मामले में सजा होने के बाद उनकी विधायकी समाप्त कर दी गई। मामला 2005 में झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र का है, जब उन्होंने कथित रूप से तत्कालीन एसडीएम रामनिवास मेहता पर पिस्टल तान दी थी।

दरअसल, 3 फरवरी 2005 को खाताखेड़ी उपसरपंच चुनाव के पुनर्मतदान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रास्ता रोक रखा था। इसी दौरान मौके पर पहुंचे अधिकारियों से विवाद के बाद कंवरलाल मीणा ने एसडीएम की कनपटी पर पिस्टल तानते हुए धमकी दी थी। बाद में मामला अदालत पहुंचा और ट्रायल कोर्ट ने 2018 में उन्हें बरी किया, लेकिन अपील कोर्ट ने इस फैसले को पलटते हुए दोषी ठहराया। परिणामस्वरूप, चुनाव आयोग ने उनकी सदस्यता रद्द कर अंता में उपचुनाव की घोषणा की।

जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत किसी भी जनप्रतिनिधि को 2 साल या उससे अधिक की सजा मिलने पर उसकी सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाती है। साथ ही, दोषी ठहराया गया सांसद या विधायक 6 साल तक चुनाव नहीं लड़ सकता। इस नियम के तहत अब कंवरलाल मीणा 2028 के विधानसभा चुनाव तक अयोग्य रहेंगे।

वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण अभियान के दौरान अंता विधानसभा में 1336 नए मतदाता जुड़े हैं। 1 अक्टूबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार अब कुल मतदाता संख्या 2,27,563 हो गई है।

मतदान प्रक्रिया मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। प्रशासन की निगरानी में मतदान के बाद ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा, जहां 12 नवंबर को मतगणना होगी।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma
इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में पिछले 5 साल का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान से पहले, जी राजस्थान, महानगर टाइम्समें सेवा दे चुके हैं। राजस्थान विश्विद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। गुलाबी नगरी जयपुर में ही जन्म हुआ। राजस्थान की राजनीति और समृद्ध कला, संस्कृति पर लिखना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।