कोटा पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के भतीजे पर FIR; प्रोफेसर को धमकाने और पीछा करने का आरोप
राजस्थान के कोटा शहर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कोटा विश्वविद्यालय की एक महिला प्रोफेसर ने पूर्व पार्षद ओम गुंजल पर पीछा करने, धमकाने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर अनंतपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजस्थान के कोटा शहर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कोटा विश्वविद्यालय की एक महिला प्रोफेसर ने पूर्व पार्षद ओम गुंजल पर पीछा करने, धमकाने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर अनंतपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
प्रोफेसर की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला प्रोफेसर ने अनंतपुरा थाने में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह आरोपी ओम गुंजल को पिछले करीब सात वर्षों से जानती हैं। ओम गुंजल पहले कोटा विश्वविद्यालय से एमबीए कर चुका है और वर्तमान में उनके मार्गदर्शन में पीएचडी कर रहा है।
शिकायत में प्रोफेसर ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया है। वह उन्हें लगातार परेशान करने लगा और बात-बात पर धमकियां देने लगा। महिला प्रोफेसर के अनुसार आरोपी कई बार शराब के नशे में उनके घर तक पहुंच जाता था, जिससे उन्हें काफी डर और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा था।
रात में घर पहुंचकर करता था परेशान
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी कई बार देर रात उनके घर की घंटी बजाता था और जबरन संपर्क करने की कोशिश करता था। इस वजह से उन्हें मानसिक तनाव के साथ-साथ अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता होने लगी।
प्रोफेसर का कहना है कि आरोपी की इन हरकतों के चलते वह लंबे समय से भय के माहौल में जी रही थीं और आखिरकार उन्होंने पुलिस की शरण लेने का फैसला किया।
सुरक्षा के लिए लगाए CCTV कैमरे
आरोपी की लगातार गतिविधियों से परेशान होकर महिला प्रोफेसर ने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं। इतना ही नहीं, उनकी सोसायटी के अन्य निवासियों ने भी सुरक्षा के मद्देनजर उनके फ्लोर पर कैमरे लगवाए हैं।
प्रोफेसर ने आरोप लगाया कि आरोपी कई बार उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दे चुका है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह कोटा शहर में एक अपार्टमेंट के फ्लैट में अकेली रहती हैं, ऐसे में इस तरह की घटनाओं ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
आरोपी का राजनीतिक कनेक्शन
पुलिस के अनुसार आरोपी ओम गुंजल पूर्व पार्षद रह चुका है और वह प्रहलाद गुंजल का भतीजा बताया जा रहा है। इस वजह से मामला और भी चर्चा में आ गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और किसी भी तरह का दबाव नहीं माना जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
मामले की जांच एएसआई प्रताप सिंह को सौंपी गई है। अनंतपुरा थाने के सीआई रमेश कविया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पीछा करने (स्टॉकिंग) और धमकाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटनाओं की पुष्टि हो सके और आरोपी की गतिविधियों का स्पष्ट रिकॉर्ड मिल सके। जरूरत पड़ने पर अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जाएंगे।
सुरक्षा की मांग, कार्रवाई का इंतजार
पीड़ित महिला प्रोफेसर ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


