Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जोधपुरrajasthan jodhpur son kills mother murder case
राजस्थान के जोधपुर में बेटे ने मां का गला घोंटा,हत्या कर पूरी रात शव के पास लेटा रहा बेटा

राजस्थान के जोधपुर में बेटे ने मां का गला घोंटा,हत्या कर पूरी रात शव के पास लेटा रहा बेटा

संक्षेप:

जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां जाजीवाल खीचियान गांव में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर पूरी रात उसका शव पास ही चारपाई पर लेटकर गुजार दी।

Jan 06, 2026 03:57 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां जाजीवाल खीचियान गांव में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर पूरी रात उसका शव पास ही चारपाई पर लेटकर गुजार दी। जब अगली सुबह पोता घर पहुंचा तो गेट अंदर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से छत के रास्ते घर में दाखिल होने पर जो मंजर सामने आया, उसने सभी को सन्न कर दिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मामला 4 जनवरी की शाम करीब 6 बजे का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 47 वर्षीय ओमप्रकाश ने अपनी 75 वर्षीय मां परमुड़ी देवी की मारपीट कर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के वक्त घर में मां-बेटे के अलावा कोई नहीं था।

गेट बंद मिला, छत से पहुंचा घर के अंदर

ओमप्रकाश का बेटा सुरेंद्र जब घर लौटा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। उसने कई बार आवाज दी और दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर वह पड़ोसी के घर की छत पर चढ़ा और वहां से अपने घर में दाखिल हुआ।

अंदर का दृश्य देखकर सुरेंद्र के पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में दादी परमुड़ी देवी चारपाई पर मृत पड़ी थीं। उनके गले पर लाल-नीले निशान थे और कान व नाक से खून बह रहा था। वहीं पास की दूसरी चारपाई पर पिता ओमप्रकाश चुपचाप लेटा हुआ था।

शव के पास पड़ी मिली खून से सनी रस्सी

सूचना मिलने पर बनाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई त्रिलोक दान ने बताया कि मृतका के शव के पास एक रस्सी पड़ी थी, जिस पर खून के निशान थे। प्रारंभिक जांच में ही गला दबाकर हत्या की आशंका स्पष्ट हो गई। महिला के गले पर संघर्ष के स्पष्ट निशान मिले।

पुलिस ने जब ओमप्रकाश से पूछताछ की तो वह टूट गया और बोला— “मैंने ही मारा है।” आरोपी के कपड़ों पर भी खून के निशान पाए गए।

ज्वेलरी गायब, नशे की लत बनी वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि परमुड़ी देवी की ज्वेलरी भी मौके से गायब थी। थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि आरोपी ओमप्रकाश नशे का आदी है। आशंका है कि नशे की लत पूरी करने के लिए उसने पहले मां के साथ मारपीट की, फिर रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी और ज्वेलरी छीनकर छुपा दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला की ज्वेलरी बरामद कर ली है।

पुलिस को खुद लेना पड़ा संज्ञान

इस मामले में एक चौंकाने वाली बात यह रही कि परिवार के लोग पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने को तैयार नहीं थे। एसआई त्रिलोक दान ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सबूतों के आधार पर खुद संज्ञान लिया और मामला दर्ज किया।

सोमवार को एफआईआर दर्ज कर आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पत्नी पर भी कर चुका है जानलेवा हमला

पूछताछ में एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओमप्रकाश ने कुछ दिन पहले अपनी पत्नी का भी गला दबा दिया था। वह बड़ी मुश्किल से बच पाई और अस्पताल में भर्ती रही थी। इस घटना के बाद भी परिवार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।

ओमप्रकाश के दो बेटे हैं— जितेंद्र और सुरेंद्र। दोनों इस घटना के बाद सदमे में हैं।

गांव में पसरा सन्नाटा

इस जघन्य वारदात के बाद जाजीवाल खीचियान गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से नशे की हालत में रहता था और अक्सर घर में झगड़े करता था।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। यह मामला न सिर्फ रिश्तों की क्रूरता को उजागर करता है, बल्कि नशे की लत के खतरनाक अंजाम की भी एक भयावह तस्वीर पेश करता है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।