
इश्क़ के नाम पर खून-खराबा: जोधपुर में पत्थरबाज़ी और तलवारबाज़ी, घायल एम्स रेफर
कहते हैं इश्क़ और जंग में सब जायज़ है, लेकिन जब मोहब्बत दुश्मनी में बदल जाए तो उसका अंजाम बेहद खौफनाक होता है। ऐसा ही नजारा सोमवार देर रात जोधपुर में देखने को मिला
कहते हैं इश्क़ और जंग में सब जायज़ है, लेकिन जब मोहब्बत दुश्मनी में बदल जाए तो उसका अंजाम बेहद खौफनाक होता है। ऐसा ही नजारा सोमवार देर रात जोधपुर में देखने को मिला, जहां एक प्रेम विवाह ने दो परिवारों को खून के प्यासे दुश्मन बना दिया।

कुड़ी भगतासनी थाना क्षेत्र के झालामंड इलाके का शांत माहौल अचानक तब युद्धभूमि में बदल गया, जब मोती मार्केट में राजू सुपर मॉल के सामने दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते गालियों की बरसात, पत्थरों की बरख़ा और तलवार-चाकू की चमक ने पूरे इलाके को दहला दिया।
दरअसल, मामला एक प्रेम विवाह से जुड़ा हुआ है। लड़का-लड़की ने समाज और परिवार की परवाह किए बिना सात फेरे ले लिए। लेकिन रिश्तों की यह गुत्थी इतनी आसानी से सुलझती नहीं दिखी। परिवारों के बीच खींचतान बढ़ती गई और सोमवार को यह खींचतान खूनी टकराव में बदल गई।
घटना की रात दोनों पक्ष भिड़े तो पहले थोड़ी बहस हुई। मगर देखते ही देखते गुस्सा इतना भड़क गया कि तलवारें म्यान से बाहर निकल आईं। चाकू हवा में लहराने लगे और पत्थर बरसने लगे। लोगों की चीख-पुकार और हथियारों की टकराहट ने पूरा माहौल दहला दिया।
चश्मदीदों के मुताबिक, “ऐसा लग रहा था जैसे कोई पुरानी दुश्मनी का हिसाब चुकाया जा रहा हो। हथियार ऐसे चल रहे थे मानो जिंदगी की कीमत कुछ भी नहीं।”
इस भिड़ंत में गोपी, पवन मेघवाल, अनिल कुमार और एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को खून से लथपथ हालत में एंबुलेंस से एम्स अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में देर रात तक घायलों के इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम जुटी रही।
घटना की सूचना मिलते ही कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी हम्मीर सिंह भाटी ने बताया कि दोनों गुटों में जमकर चाकूबाजी और तलवारबाजी हुई है। एक पक्ष ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि झगड़े की जड़ प्रेम विवाह है, लेकिन इसके पीछे और भी कारण खंगाले जा रहे हैं। वहीं, मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हथियारों से लैस युवक एक-दूसरे पर टूट पड़ते नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। बाजार के दुकानदारों ने कहा कि अचानक हुई इस खून-खराबे से लोग दहशत में हैं। “हम तो समझे कोई डकैती हो रही है। लेकिन यह तो मोहब्बत की जंग निकली,” एक दुकानदार ने व्यंग्य में कहा।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत रहने की हिदायत दी है। घायलों के बयान लिए जा रहे हैं और दोषियों की तलाश तेज कर दी गई है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब इश्क़ का रंग लाल खून में बदल जाए, तो समाज में शांति कैसे कायम रहेगी?

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




