आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी; जोधपुर में इंफ्लूएंसर ने पिया जहर

Sachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share

सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर जोधपुर की महिला इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उन्हें मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया है,

आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी; जोधपुर में इंफ्लूएंसर ने पिया जहर

सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर जोधपुर की महिला इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उन्हें मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी (बालाजी फार्म हाउस) की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अनीता बिश्नोई ने घर में रखा जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना से पहले फेसबुक पर किया भावुक पोस्ट

आत्महत्या का प्रयास करने से करीब पांच घंटे पहले अनीता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। पोस्ट में लिखा था, “आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी।” यह पोस्ट सामने आने के बाद परिजनों और परिचितों में चिंता बढ़ गई थी।

पति ने लगाया मानसिक प्रताड़ना और धमकियों का आरोप

अनीता के पति दीनाराम ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर उनकी पत्नी को लगातार निशाना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि अनीता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजस्थान की संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और पारंपरिक मूल्यों से जुड़े वीडियो बनाती हैं।

दीनाराम के अनुसार हाल ही में अनीता ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने महिलाओं की वेशभूषा को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था, “कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आएगी।” इस वीडियो के वायरल होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल किया जाने लगा।

उन्होंने बताया कि बीते करीब 15 दिनों से अनीता को अश्लील टिप्पणियों, आपत्तिजनक संदेशों और व्यक्तिगत हमलों का सामना करना पड़ रहा था। कुछ लोगों द्वारा व्हाट्सएप के जरिए बदनाम करने की धमकियां भी दी जा रही थीं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं।

‘रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया’

दीनाराम ने बताया कि उन्होंने अनीता को मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया था कि वह किसी से डरती नहीं हैं। हालांकि लगातार हो रही ट्रोलिंग और आलोचनाओं का असर उन पर पड़ता जा रहा था।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रहे इस विवाद के कारण अनीता तनाव में रहने लगी थीं और आखिरकार उन्होंने यह कदम उठा लिया।

चार दिन पहले ट्रोलिंग पर जारी किया था वीडियो

घटना से चार दिन पहले अनीता ने अपने यूट्यूब चैनल ‘अनीता मारवाड़ी’ पर एक वीडियो जारी कर ट्रोलिंग का जवाब भी दिया था। वीडियो में उन्होंने कहा था कि उन्होंने महिलाओं के छोटे कपड़ों को लेकर अपनी व्यक्तिगत राय व्यक्त की थी और उसमें कुछ भी गलत नहीं कहा था।

वीडियो में अनीता ने कहा था कि उनकी पहचान राजस्थान की संस्कृति और पारंपरिक पहनावे से जुड़ी है। उन्होंने ट्रोल करने वालों को चुनौती देते हुए कहा था कि उनकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर छोटे कपड़ों में एक भी वीडियो दिखाई दे तो बताएं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनका उद्देश्य किसी महिला या वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर बनाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि अनीता के बेहोश होने के कारण पुलिस उनके बयान दर्ज नहीं कर सकी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सोशल मीडिया ट्रोलिंग तथा कथित धमकियों के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

अस्पताल में अनीता का उपचार जारी है, जबकि परिजन उनकी हालत में सुधार की उम्मीद कर रहे हैं। मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और उसके मानसिक प्रभावों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।