राजस्थान में कांग्रेस के पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने छोड़ी पार्टी; डोटासरा पर आरोपों के बाद बड़ा ऐलान

लाइव हिन्दुस्तान
share

विश्वेंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर लगातार हमलावर थे। उन्होंने डोटासरा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की थी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस की ओर से विश्वेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश किए जाने की बात सामने आई थी। 

राजस्थान में कांग्रेस के पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने छोड़ी पार्टी; डोटासरा पर आरोपों के बाद बड़ा ऐलान
विश्वेंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर लगातार हमलावर थे। उन्होंने डोटासरा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की थी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस की ओर से विश्वेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश किए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि पार्टी की ओर से कोई अंतिम कार्रवाई होती, उससे पहले ही विश्वेंद्र सिंह ने खुद कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया।.

राजस्थान कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान अब बड़े मोड़ पर पहुंच गई है। पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलने के बाद विश्वेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पार्टी से अलग होने की घोषणा की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि दम घुटने से मरने के बजाय स्वाभिमान की मौत मरना बेहतर है।

विश्वेंद्र सिंह ने लिखा, “मेरा सार्वजनिक जीवन खुली किताब है, बेदाग है। मैंने मेरे दामन पर कभी दाग न तो लगने दिया और न ही लगने दूंगा। ऐसी परिस्थिति में दम घुटने से मरने के बजाय स्वाभिमान की मौत मरना बेहतर है।”

उन्होंने आगे लिखा कि उनके पुरखों ने कभी ऐसी चीजों से समझौता नहीं किया। उनका अनुसरण करते हुए वह भी कांग्रेस को अलविदा कहना बेहतर समझते हैं। विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि वह शायद अब पार्टी की "गलत रीति-नीति" के साथ कदमताल नहीं कर पाएंगे।

डोटासरा के खिलाफ बयानबाजी के बाद बढ़ा था विवाद

विश्वेंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर लगातार हमलावर थे। उन्होंने डोटासरा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की थी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस की ओर से विश्वेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश किए जाने की बात सामने आई थी।

हालांकि पार्टी की ओर से कोई अंतिम कार्रवाई होती, उससे पहले ही विश्वेंद्र सिंह ने खुद कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया।

‘छुटभैये नेताओं ने मेरे बारे में अनर्गल बयान दिए’

अपने इस्तीफे के ऐलान के साथ विश्वेंद्र सिंह ने कांग्रेस के भीतर अपने विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि उन्होंने जीवन में हमेशा अपने इष्ट गिरिराज महाराज और अंतरात्मा की आवाज सुनकर फैसला लिया है।

उन्होंने कहा कि आज कुछ "छुटभैये तथाकथित नेताओं" ने उनके बारे में अनर्गल बयान दिए हैं, जिससे उनके कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।

बोले- सच को सच कहना पाप है तो हर बार करूंगा

विश्वेंद्र सिंह ने लिखा कि उन्होंने हमेशा मान, सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जिया है और अपने उसूलों व आदर्शों से कभी समझौता नहीं किया।

उन्होंने कांग्रेस में चल रही "चापलूसी की परंपरा" को लेकर भी नाराजगी जताई। विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि यदि सच को सच कहना और गलत व झूठ का साथ नहीं देना पाप है, तो वह यह पाप हर बार करेंगे।

उन्होंने कहा, “मैं न गलत करता हूं और न ही गलत सहन करता हूं। मेरा सार्वजनिक जीवन जनता जनार्दन की देन है। मैं इनके लिए ही जीता हूं और इनके लिए ही मरूंगा।”

‘जिस पार्टी के लिए जीवन न्यौछावर किया, उसी ने ये सिला दिया’

विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि उनका अंतर्मन दुखी और व्यथित है। उन्होंने लिखा कि जिस पार्टी के लिए उन्होंने अपना जीवन न्यौछावर कर दिया, उसी पार्टी की ओर से उनकी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का यह सिला मिलने से वह अंदर से बहुत हिल गए हैं।

30 सितंबर को डोटासरा पर लगाए थे गंभीर आरोप

विश्वेंद्र सिंह ने 30 सितंबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए डोटासरा पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने शिक्षा मंत्री रहते REET में धांधली करवाने और सत्ता का दुरुपयोग कर बेटे, बहू व रिश्तेदारों को RAS इंटरव्यू में 80-80 नंबर दिलाने के आरोप लगाए थे।

विश्वेंद्र सिंह ने डोटासरा के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा था कि ऐसे आरोपों से घिरे नेताओं के खिलाफ कांग्रेस आलाकमान को कार्रवाई करनी चाहिए।

निकाय चुनाव में हार को लेकर भी साधा था निशाना

शहरी निकाय चुनाव में भरतपुर और डीग जिले में कांग्रेस का एक भी बोर्ड नहीं बनने को लेकर भी विश्वेंद्र सिंह ने डोटासरा को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने भरतपुर और डीग के कांग्रेस जिलाध्यक्षों पर भी सवाल उठाए थे।

विश्वेंद्र सिंह ने डोटासरा पर तंज कसते हुए कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष "मूक-बधिर बना बैठा है।" साथ ही उन्होंने डोटासरा को भरतपुर आने की चुनौती देते हुए कहा था कि उनका स्वागत पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान से भी अच्छा किया जाएगा।

डोटासरा बोले- हम सब एक हैं

विश्वेंद्र सिंह के आरोपों के बीच 1 अक्टूबर को डोटासरा ने कहा था कि यह इन बातों का समय नहीं है और "हम सब एक हैं।" उन्होंने कहा था कि कांग्रेस 125 साल पुरानी पार्टी है और उन्हें छह साल से ज्यादा समय से प्रदेशाध्यक्ष बनाए रखना कार्यकर्ताओं का आशीर्वाद है। डोटासरा ने विश्वेंद्र सिंह के आरोपों को भाजपा के कथित दुष्प्रचार से भी जोड़ा था।

कांग्रेस नेताओं ने भी किया था पलटवार

विश्वेंद्र सिंह के बयानों पर कांग्रेस के कई नेताओं ने पलटवार किया था। महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी ने उन्हें "बीजेपी का स्लीपर सेल" बताया था। प्रदेश महासचिव देशराज मीणा ने भी उन पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया था।

प्रदेश महासचिव जसवंत गुर्जर ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह के नाम से आ रहे बयान पार्टी की परंपरा के अनुरूप नहीं हैं।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरराजस्थान में कांग्रेस के पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने छोड़ी पार्टी; क्या वजह