उदयपुर में जंगल की आग का तांडव,MP के पर्यटक की मौत
राजस्थान के पर्यटन शहर उदयपुर में जंगल में लगी भीषण आग ने एक पर्यटक की जान ले ली। शहर के बाहुबली हिल क्षेत्र में रविवार रात लगी आग के दौरान मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से घूमने आए एक युवक जंगल में फंस गए।

राजस्थान के पर्यटन शहर उदयपुर में जंगल में लगी भीषण आग ने एक पर्यटक की जान ले ली। शहर के बाहुबली हिल क्षेत्र में रविवार रात लगी आग के दौरान मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से घूमने आए एक युवक जंगल में फंस गए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
फायर ब्रिगेड और प्रशासन के अनुसार आग इतनी तेज थी कि करीब तीन हेक्टेयर जंगल जलकर खाक हो गया। आग की लपटों और घने धुएं के बीच फंसे पर्यटक ने इमरजेंसी नंबर पर कॉल कर मदद भी मांगी थी, लेकिन जब तक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तब तक वह बेहोश हो चुके थे।
अकेले पहाड़ी पर घूमने गया था युवक
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा तहसील स्थित ऊपरवाड़ा गांव निवासी 33 वर्षीय माखन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि माखन सिंह उदयपुर घूमने आए थे और सोमवार रात बाहुबली हिल इलाके की पहाड़ियों पर अकेले घूमने निकल गए।
इसी दौरान जंगल में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलने के कारण वह पहाड़ी क्षेत्र में फंस गए और बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल पाया।
इमरजेंसी कॉल कर मांगी थी मदद
घटना के दौरान माखन सिंह ने अपनी जान बचाने के लिए कई कोशिशें कीं। उन्होंने इमरजेंसी नंबर पर कॉल कर जंगल में आग लगने की सूचना दी और खुद के फंसे होने की जानकारी भी दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि जंगल में तेजी से फैलती आग और घने धुएं के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया। टीम जब तक मौके पर पहुंची, तब तक माखन सिंह आग और धुएं के बीच फंसकर बेहोश हो चुके थे।
रेस्क्यू के बाद अस्पताल में भर्ती
रेस्क्यू टीम ने माखन सिंह को वहां से बाहर निकालकर तुरंत उदयपुर के महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें गंभीर हालत में भर्ती कराया गया।
एमबी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन के अनुसार माखन सिंह की हालत बेहद गंभीर थी। आग और धुएं के कारण उनका शरीर काफी प्रभावित हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
धुएं से दम घुटने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत का प्रमुख कारण आग से फैले धुएं के कारण दम घुटना माना जा रहा है। हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
माखन सिंह रतलाम के एक शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और उन्हें घूमने-फिरने का काफी शौक था। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया खौफनाक मंजर
फायर ब्रिगेड अधिकारी बी.एल. चौधरी ने बताया कि आग काफी भयानक थी और पूरी पहाड़ी काले धुएं से ढक गई थी। लगभग आधा किलोमीटर तक जंगल का हिस्सा आग की चपेट में आ गया था।
उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब 12 बजे आग पर काबू पा लिया। इसके बावजूद किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरी रात दमकल की टीमें मौके पर तैनात रहीं।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान माखन सिंह को बचाया नहीं जा सका और यह हादसा एक दुखद त्रासदी में बदल गया।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


