तपते राजस्थान को राहत, 70 की स्पीड से अंधड़; जानिए आपके शहर का हाल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

राजस्थान में भीषण गर्मी और लगातार पड़ रही लू से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में जल्द ही मौसम करवट लेने वाला है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है

तपते राजस्थान को राहत, 70 की स्पीड से अंधड़; जानिए आपके शहर का हाल

राजस्थान में भीषण गर्मी और लगातार पड़ रही लू से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में जल्द ही मौसम करवट लेने वाला है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से आज शाम से कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी और लोगों को हीटवेव से राहत मिलने की संभावना है।

आज शाम से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा। हालांकि अब पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग ने बताया कि 28 मई की शाम से ही कई इलाकों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक 29 से 31 मई के बीच इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 30 मई के बाद आंधी-बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत दिए गए हैं।

इन संभागों में तेज अंधड़ और बारिश का अलर्ट

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सबसे पहले मौसम में बदलाव दिखाई देगा। इसके प्रभाव से जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी चल सकती है। साथ ही कई स्थानों पर बारिश और गर्जना की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहें तथा खुले स्थानों पर जाने से बचें। किसानों को भी फसलों और कृषि उपकरणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

तापमान में आएगी गिरावट, हीटवेव से मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से 29 मई से प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही 29 और 30 मई से प्रदेशवासियों को भीषण हीटवेव से काफी हद तक राहत मिलने की संभावना है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आंधी और बारिश के कारण गर्म हवाओं का असर कम होगा और लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी राहत महसूस होगी। विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि जून के पहले सप्ताह तक राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम का यह बदलाव जारी रह सकता है।

श्रीगंगानगर और चूरू में सबसे ज्यादा गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार पिछले कई दिनों से राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी और लू का असर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के पिलानी और पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर में कहीं-कहीं अति उष्ण लहर यानी सीवियर हीटवेव दर्ज की गई।

इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं। राज्य के कई हिस्सों में रातें भी बेहद गर्म दर्ज की गईं। विभाग के मुताबिक श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि हनुमानगढ़ के संगरिया क्षेत्र में सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अब प्रदेश में गर्मी का प्रकोप धीरे-धीरे कम होगा। आने वाले दिनों में लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।