सर, IRCTC बदलनी होगी…जयपुर की छात्रा की बात रेल मंत्री ने मानी; अब कैप्चा-पॉपअप का झंझट खत्म

लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
Follow us on Google News
share

छात्रों के सुझाव सुनने के बाद रेल मंत्री ने उसी मंच से वेबसाइट को पूरी तरह आधुनिक बनाने का भरोसा दिया। इसके बाद डिजाइन प्रक्रिया में MNIT के विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया

सर, IRCTC बदलनी होगी…जयपुर की छात्रा की बात रेल मंत्री ने मानी; अब कैप्चा-पॉपअप का झंझट खत्म

कभी IRCTC की वेबसाइट पर टिकट बुक करना किसी परीक्षा से कम नहीं लगता था। लॉगिन करते ही कैप्चा, फिर पॉप-अप, फिर कई स्टेप, सीट देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलना और तत्काल टिकट के समय वेबसाइट का अटक जाना… लेकिन अब यह अनुभव बदलने वाला है। इसकी सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस बदलाव की शुरुआत जयपुर के मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT) की एक छात्रा के सुझाव से हुई।

भारतीय रेलवे ने बुधवार रात 9 बजे IRCTC की नई बीटा वेबसाइट लॉन्च कर दी। अब यूजर्स मौजूदा वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए बीटा लिंक के जरिए नए पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं। रेलवे ने इसे अभी परीक्षण चरण में रखा है ताकि देशभर के यात्री इसका इस्तेमाल कर अपने सुझाव दे सकें। इन्हीं सुझावों के आधार पर अगले कुछ सप्ताह में इसका फाइनल वर्जन लॉन्च किया जाएगा।

जयपुर में हुई बातचीत बनी बदलाव की वजह

कुछ समय पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर स्थित MNIT पहुंचे थे। यहां विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान छात्रों ने IRCTC वेबसाइट को लेकर खुलकर अपनी परेशानियां बताईं। उन्होंने कहा कि वेबसाइट का डिजाइन पुराना लगता है, टिकट बुकिंग की प्रक्रिया जरूरत से ज्यादा जटिल है और यूजर इंटरफेस आज के दौर के हिसाब से सहज नहीं है।

छात्रों के सुझाव सुनने के बाद रेल मंत्री ने उसी मंच से वेबसाइट को पूरी तरह आधुनिक बनाने का भरोसा दिया। इसके बाद डिजाइन प्रक्रिया में MNIT के विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया और उनके सुझावों के आधार पर वेबसाइट का नया स्वरूप तैयार किया गया। यही वजह है कि अब इस बदलाव को जयपुर से निकले एक आइडिया की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

अब टिकट बुकिंग होगी पहले से ज्यादा आसान

नई वेबसाइट में सबसे बड़ा बदलाव यूजर एक्सपीरियंस को लेकर किया गया है। टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले कैप्चा और अनावश्यक पॉप-अप को काफी हद तक कम किया गया है। सीट उपलब्धता देखने के लिए अलग-अलग क्लास में बार-बार स्विच करने की जरूरत भी कम होगी।

बुकिंग प्रक्रिया को पहले की तुलना में छोटा और आसान बनाया गया है, जिससे कम समय में टिकट बुक किया जा सके। नियमित यात्रियों के लिए यात्री विवरण भरने का अनुभव भी अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। वेबसाइट का नया लेआउट मोबाइल और डेस्कटॉप दोनों पर ज्यादा साफ, तेज और आधुनिक दिखाई देता है।

त्योहार और तत्काल टिकट में मिलेगी राहत

IRCTC पर हर दिन लाखों लोग टिकट बुक करते हैं, लेकिन त्योहारों और तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान सर्वर पर अचानक दबाव बढ़ने से वेबसाइट धीमी पड़ जाती थी। कई बार पेज खुलने में देर लगती थी या पूरी प्रक्रिया बीच में अटक जाती थी।

इसी समस्या को दूर करने के लिए रेलवे केवल वेबसाइट ही नहीं, बल्कि उसके पीछे काम करने वाले पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी अपग्रेड कर रहा है। खास बात यह है कि यह पूरा काम मौजूदा सिस्टम को बंद किए बिना किया जा रहा है, ताकि यात्रियों की टिकट बुकिंग प्रभावित न हो।

अभी बीटा वर्जन, आपकी राय भी होगी अहम

रेलवे ने फिलहाल वेबसाइट का बीटा वर्जन जारी किया है। इसका मकसद सिर्फ नई डिजाइन दिखाना नहीं, बल्कि यात्रियों से वास्तविक अनुभव के आधार पर सुझाव लेना है। यूजर्स वेबसाइट की स्पीड, डिजाइन, नेविगेशन और टिकट बुकिंग प्रक्रिया को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे सकेंगे। इन सुझावों के बाद जरूरी बदलाव कर वेबसाइट का फाइनल वर्जन लॉन्च किया जाएगा।

रोज 14.5 लाख टिकट, इसलिए जरूरी था बदलाव

IRCTC की वेबसाइट पहली बार वर्ष 2002 में शुरू हुई थी। पिछले दो दशकों में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं और ऑनलाइन टिकट बुकिंग करने वालों की संख्या कई गुना बढ़ चुकी है। आज इस पोर्टल पर औसतन हर दिन करीब 14.5 लाख टिकट बुक किए जाते हैं।

इतने बड़े ट्रैफिक को देखते हुए रेलवे के लिए वेबसाइट और रिजर्वेशन सिस्टम को आधुनिक बनाना जरूरी हो गया था। नए सिस्टम का उद्देश्य सिर्फ वेबसाइट को आकर्षक बनाना नहीं, बल्कि उसे तेज, स्थिर और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना भी है।

डिजिटल इंडिया की दिशा में एक नई पहल

IRCTC का नया बीटा पोर्टल केवल एक वेबसाइट अपडेट नहीं, बल्कि भारतीय रेलवे की डिजिटल सेवाओं को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस बदलाव में जयपुर के छात्रों की भागीदारी ने यह भी साबित कर दिया कि अगर नीति निर्माण में युवाओं के सुझावों को जगह मिले तो तकनीक आम लोगों के लिए और अधिक आसान बन सकती है।

अब नजर इस बात पर रहेगी कि बीटा वर्जन पर यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक के बाद रेलवे अंतिम पोर्टल में और क्या नए बदलाव करता है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो आने वाले दिनों में ट्रेन टिकट बुक करना पहले की तुलना में कहीं ज्यादा तेज, आसान और झंझट मुक्त अनुभव होगा।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरसर, IRCTC बदलनी होगी…जयपुर की छात्रा की बात रेल मंत्री ने मानी; अब झंझट खत्म