साहब मीटिंग में हैं… कौन हैं वो जर्मनी टूर वाले IAS? जिनकी विदेश यात्रा से गरमाए प्रशासनिक गलियारे

लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
Follow us on Google News
share

DOP से जुड़े अधिकारी से जब लाइव हिंदुस्तान ने बात की तो उन्होंने बताया की परमिशन की फाइल आई है पूरा मामला भी हमारे संज्ञान में आया है

साहब मीटिंग में हैं… कौन हैं वो जर्मनी टूर वाले IAS? जिनकी विदेश यात्रा से गरमाए प्रशासनिक गलियारे

राजस्थान सचिवालय में इन दिनों फाइलों से ज्यादा एक सीनियर IAS अफसर की विदेश यात्रा की चर्चा हो रही है। गलियारों में कानाफूसी है, कॉरिडोर में सवाल हैं और दफ्तरों में एक ही जिज्ञासा साहब आखिर हैं कहां? जवाब मिलता है, मीटिंग में हैं…लेकिन प्रशासनिक हलकों में चर्चा कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, ख़ान पान से जुड़े एक वरिष्ठ IAS अधिकारी 12 जुलाई को जर्मनी के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि विदेश जाने से पहले उन्होंने इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवाया और जर्मनी के बाद यूरोप के अन्य देशों में बाइक से एडवेंचर टूर की भी योजना बनाई है। हालांकि इस पूरी यात्रा को लेकर अभी तक न तो संबंधित अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने आई है और न ही राज्य सरकार ने कोई स्पष्टीकरण दिया है।

लेकिन असली चर्चा यात्रा से ज्यादा उसकी प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर है।

क्या बिना मंजूरी विदेश चले गए साहब?

सचिवालय में चर्चा इस बात की है कि क्या अधिकारी ने विदेश यात्रा के लिए सरकार से नियमानुसार अनुमति ली थी? सूत्रों का दावा है कि विदेश यात्रा से जुड़ी फाइल कार्मिक विभाग तक जरूर पहुंची थी, लेकिन उसे अब तक सक्षम स्तर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव या संबंधित प्राधिकारी से अंतिम स्वीकृति नहीं मिली थी।

इसी दावे ने पूरे घटनाक्रम को और दिलचस्प बना दिया है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और सरकार की ओर से भी इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है।

DOP से जुड़े अधिकारी से जब लाइव हिंदुस्तान ने बात की तो उन्होंने बताया की परमिशन की फाइल आई है पूरा मामला भी हमारे संज्ञान में आया है लेकिन अप्रूवल नहीं दी थी छुट्टी की कुछ अर्जेंट होने के कारण चले गए होंगे।

यही वजह है कि सचिवालय में सवाल गूंज रहा है अगर यात्रा निजी थी तो क्या निर्धारित प्रक्रिया पूरी की गई? और यदि सरकारी थी तो उसका उद्देश्य क्या था?

दफ्तर में पूछो तो जवाब - साहब मीटिंग में हैं’

सूत्रों के अनुसार, अधिकारी पिछले कुछ दिनों से कार्यालय में नियमित रूप से मौजूद नहीं हैं। उनके सचिवालय स्थित कार्यालय में आने वाले लोगों को भी यही बताया जा रहा है कि “साहब जरूरी मीटिंग में हैं।”

दिलचस्प यह भी है कि स्टाफ के पास भी उनकी वापसी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं बताई जा रही। ऐसे में विभाग के भीतर और बाहर चर्चाओं का दौर लगातार तेज होता जा रहा है।

पहले भी सुर्खियों में रहे थे यही अधिकारी

यह पहला मौका नहीं है जब यही वरिष्ठ IAS अधिकारी चर्चा के केंद्र में आए हों। कुछ महीने पहले भी उनके एक फैसले ने प्रशासनिक हलकों में लंबी बहस छेड़ दी थी।

दरअसल, जयपुर के दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के ऑडिटोरियम में विभाग की ओर से एक बड़ी कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेशभर से करीब 300 से अधिक जिला रसद अधिकारी, प्रवर्तन अधिकारी, प्रवर्तन निरीक्षक और अन्य विभागीय अधिकारी शामिल हुए थे।

कार्यशाला का एजेंडा विभागीय कामकाज, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और लंबित मामलों पर चर्चा बताया गया था। लेकिन अधिकारियों के मुताबिक कार्यक्रम ने कुछ देर बाद अलग ही मोड़ ले लिया।

विभागीय बैठक में फाउंडेशन की प्रस्तुति

सूत्रों के अनुसार, विभागीय चर्चा के बाद मंच पर मोटिवेशनल स्पीकर्स पहुंचे और फाउंडेशन से जुड़ी विस्तृत प्रस्तुति दी गई। अधिकारियों को संस्था के कार्यक्रमों और उससे जुड़ने के लाभ बताए गए तथा सदस्य बनने के लिए प्रेरित भी किया गया।

चर्चा इस बात को लेकर भी हुई कि बैठक के लिए जारी आधिकारिक आदेश या एजेंडा में कहीं भी ऐसे किसी सत्र का उल्लेख नहीं था। ऐसे में कई अधिकारियों ने इसे लेकर हैरानी जताई।

बताया गया कि बाद में एक सोशल मीडिया ग्रुप भी बनाया गया, जिसमें फाउंडेशन से जुड़े संदेश साझा किए गए। उस समय इस पूरे घटनाक्रम ने विभाग के भीतर काफी बहस छेड़ दी थी और मामला लंबे समय तक प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।

पुराना विवाद, नई चर्चा

अब उसी अधिकारी की जर्मनी यात्रा की खबर सामने आने के बाद पुराना विवाद भी फिर चर्चा में लौट आया है। सचिवालय के कई अधिकारी इसे लेकर अलग-अलग सवाल उठा रहे हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विदेश दौरा पूरी तरह निजी है या किसी आधिकारिक उद्देश्य से किया गया है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरसाहब मीटिंग में हैं… कौन हैं जर्मनी टूर वाले IAS? जिनकी विदेश यात्रा चर्चा में