RAS से IAS बने राजस्थान के 16 अफसर; लिस्ट में CM की संयुक्त सचिव का नाम भी शामिल
IAS में प्रमोशन के बाद फिलहाल सभी अधिकारी अपने मौजूदा पदों पर ही काम करते रहेंगे। राजस्थान में पंचायत चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण तत्काल बड़े स्तर पर प्रशासनिक तबादले होने की संभावना नहीं है।

राजस्थान में राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के 16 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में प्रमोट किया गया है। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। प्रमोट होने वाले अधिकारियों में मुख्यमंत्री की संयुक्त सचिव अंजू राजपाल, RAS एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी और उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विशिष्ट सहायक (SA) उम्मेद सिंह भी शामिल हैं। सूची में तीन महिला अधिकारियों के नाम हैं।
IAS में प्रमोशन पाने वाले अधिकारी 1998 और 1999 बैच के RAS हैं। इन अधिकारियों के नामों पर पिछले महीने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की बोर्ड बैठक में विचार किया गया था। खास बात यह रही कि पहली बार यह बैठक दिल्ली के बजाय जयपुर में आयोजित की गई थी। बैठक में IAS प्रमोशन के लिए 18 अधिकारियों के नाम प्रस्तावित किए गए थे। इनमें से 16 अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है। यह चयन वर्ष 2025 की रिक्तियों के आधार पर किया गया है।
पंचायत चुनाव के बाद मिलेगी नई पोस्टिंग
IAS में प्रमोशन के बाद फिलहाल सभी अधिकारी अपने मौजूदा पदों पर ही काम करते रहेंगे। राजस्थान में पंचायत चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण तत्काल बड़े स्तर पर प्रशासनिक तबादले होने की संभावना नहीं है। ऐसे में प्रमोट हुए अधिकारियों को नई जिम्मेदारी और पोस्टिंग के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करना होगा। पंचायत चुनाव के बाद IAS और RAS अधिकारियों की तबादला सूची जारी होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर नगर निगम तक के अधिकारी शामिल
IAS में प्रमोट होने वाले अधिकारियों में विभिन्न विभागों में जिम्मेदारी संभाल रहे अफसर शामिल हैं। इनमें मुख्यमंत्री कार्यालय, तकनीकी शिक्षा, पशुपालन, अल्पसंख्यक मामलात, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पंजीयन एवं मुद्रांक, जनजाति क्षेत्रीय विकास और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में तैनात अधिकारी हैं। कई अधिकारी पहले एसडीओ, जिला परिषद के सीईओ, नगर निगम आयुक्त और विभिन्न मंत्रियों के विशिष्ट सहायक के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
जानिए, IAS बनने वाले 16 अधिकारियों की वर्तमान पोस्टिंग
1. उम्मेद सिंह: 1998 बैच के RAS अधिकारी उम्मेद सिंह उद्योग एवं वाणिज्य, युवा मामले और खेल विभाग के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विशिष्ट सहायक हैं। वे चूरू, बूंदी, महवा, सपोटरा और केशोरायपाटन में एसडीओ रह चुके हैं।
2. अंजू राजपाल: 1998 बैच की अधिकारी अंजू राजपाल मुख्यमंत्री की संयुक्त सचिव हैं। वे कार्मिक विभाग में संयुक्त सचिव और लोकायुक्त के ओएसडी पद पर भी काम कर चुकी हैं।
3. विवेक कुमार: 1998 बैच के विवेक कुमार जयपुर में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग में अतिरिक्त महानिरीक्षक (प्रशासन) हैं। वे मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव भी रह चुके हैं।
4. मुकेश कुमार शर्मा: 1998 बैच के मुकेश कुमार शर्मा राज्य सूचना आयोग, जयपुर में सचिव हैं। वे मुख्य सचिव कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
5. महेंद्र कुमार शर्मा: 1998 बैच के अधिकारी तकनीकी शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव हैं। वे पूर्व मंत्रियों रघु शर्मा, बीडी कल्ला और रामेश्वर रणवां के विशिष्ट सहायक रह चुके हैं।
6. डॉ. भागचंद बघाल: 1999 बैच के अधिकारी जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) में अतिरिक्त आयुक्त हैं। वे मुख्यमंत्री कार्यालय और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में भी तैनात रह चुके हैं।
7. असलम शेर खान: 1999 बैच के अधिकारी अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग में संयुक्त सचिव हैं। वे निंबाहेड़ा, बेगूं, अलवर और कोटा में एसडीओ रह चुके हैं।
8. नरेंद्र कुमार बंसल: 1999 बैच के अधिकारी जयपुर नगर निगम में अतिरिक्त आयुक्त हैं। वे पूर्व श्रम मंत्री टीकाराम जूली के विशिष्ट सहायक भी रह चुके हैं।
9. महावीर खराड़ी: 1998 बैच के अधिकारी उदयपुर में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अतिरिक्त आयुक्त (द्वितीय) हैं। वे RAS एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं और विभिन्न जिलों में एसडीओ के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
10. मेघना चौधरी:1998 बैच की अधिकारी अजमेर में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग की अतिरिक्त महानिरीक्षक हैं। वे माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर में सचिव रह चुकी हैं।
11. ओमप्रकाश जैन: 1998 बैच के अधिकारी उदयपुर स्थित माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक हैं।
12. राजेश सिंह: 1998 बैच के अधिकारी अजमेर में राजस्व मंडल के सदस्य हैं। वे जयपुर प्रथम, दूदू और सांगानेर में एसडीओ रह चुके हैं।
13. मदन लाल नेहरा: 1998 बैच के अधिकारी अजमेर में राजस्व मंडल के सदस्य हैं। वे सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं दाण्डिक न्याय विश्वविद्यालय, जोधपुर में रजिस्ट्रार भी रह चुके हैं।
14. दिनेश कुमार जांगिड़:1998 बैच के अधिकारी जयपुर में पशुपालन विभाग के संयुक्त सचिव हैं। वे कई जिलों में एसडीओ के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
15. पूनम प्रसाद सागर:1998 बैच की अधिकारी जयपुर में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अतिरिक्त आयुक्त हैं। वे उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव भी रह चुकी हैं।
16. गोपाल राम बिरदा:1998 बैच के अधिकारी जवाहर कला केंद्र, जयपुर में अतिरिक्त महानिदेशक हैं। वे प्रारंभिक शिक्षा विभाग में अतिरिक्त निदेशक, कॉलेज शिक्षा में अतिरिक्त आयुक्त और कोटा नगर निगम में आयुक्त रह चुके हैं। इसके अलावा कई जिलों में जिला परिषद के सीईओ के रूप में भी काम कर चुके हैं।

