होली के बाद और बढ़ेगी गर्मी: राजस्थान में चढ़ता पारा, कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के पार

Mar 02, 2026 05:30 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share

राजस्थान में होली से पहले ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और मौसम विभाग के अनुसार त्योहार के बाद तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। 

होली के बाद और बढ़ेगी गर्मी: राजस्थान में चढ़ता पारा, कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के पार

राजस्थान में होली से पहले ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और मौसम विभाग के अनुसार त्योहार के बाद तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को मार्च के शुरुआती दिनों में ही तेज गर्मी का अहसास होने लगा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क (ड्राय) बना रहेगा। साथ ही आगामी दो से तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। इसका सीधा असर होली के बाद पड़ने वाली गर्मी पर दिखाई देगा।

दिन में तेज धूप, लोग घरों में रहने को मजबूर

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के सभी हिस्सों में आसमान साफ रहा और सुबह से लेकर देर शाम तक तेज धूप खिली रही। पश्चिमी जिलों में दोपहर के समय धूप इतनी तीखी रही कि लोग अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचते नजर आए।

बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के शुरुआती दौर के लिए काफी अधिक माना जा रहा है। जोधपुर में तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर (सीकर) में 35.5, जैसलमेर में 34.7 और बीकानेर में 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फलोदी में 34.6, चित्तौड़गढ़ में 34.6, करौली में 33.3, जालोर में 33.5 और दौसा में 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

नागौर में अधिकतम तापमान 33.2, चूरू में 33.6, कोटा में 33.4, पिलानी (झुंझुनूं) में 33.7, वनस्थली (टोंक) में 33.6, भीलवाड़ा में 33 और जयपुर में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि राज्यभर में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

रात में भी नहीं मिल रही राहत

गर्मी का असर अब केवल दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि रात में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कई शहरों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जो मार्च के इस समय के लिए सामान्य से अधिक है।

बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा जवाई डैम (पाली) में 20.6, जैसलमेर में 20, जालोर में 20.7 और फलोदी में 19.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। बीकानेर में 18.9, कोटा में 18.8 और जयपुर में 18 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार इन शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा, जिससे रात के समय भी गर्मी का अहसास बढ़ गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

होली के बाद और बढ़ेगा पारा

मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी भी तरह की बारिश या बादल छाने की संभावना नहीं है। साफ आसमान और तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में होली के बाद प्रदेश में गर्मी के और तेज होने के संकेत हैं।

स्वास्थ्य पर असर, सावधानी जरूरी

विशेषज्ञों का मानना है कि तापमान में अचानक वृद्धि का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। दिन में तेज धूप के कारण डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और थकान जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है।

कुल मिलाकर, राजस्थान में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में इसके और तीखे होने के आसार हैं। होली के रंगों के साथ इस बार गर्मी का रंग भी गहराता नजर आएगा।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।