राजस्थान के टोंक में दो समुदायों के बीच झड़प, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

Mar 04, 2026 12:36 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

राजस्थान के टोंक शहर में मंगलवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो अलग-अलग समुदायों के बीच झगड़ा और पथराव हो गया। घटना पुरानी टोंक थाना क्षेत्र के संघपुरा मोहल्ले की है। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग अलग-अलग समूहों में एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात बन गए। 

राजस्थान के टोंक में दो समुदायों के बीच झड़प, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

राजस्थान के टोंक शहर में मंगलवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो अलग-अलग समुदायों के बीच झगड़ा और पथराव हो गया। घटना पुरानी टोंक थाना क्षेत्र के संघपुरा मोहल्ले की है। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग अलग-अलग समूहों में एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात बन गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही रंजिश के चलते कहासुनी हुई थी। यह कहासुनी देखते ही देखते झगड़े में बदल गई और कुछ ही देर में पथराव शुरू हो गया। घटना के दौरान एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए।

घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल में भी दोनों पक्षों के समर्थकों की भीड़ जमा हो गई, जिससे वहां भी तनाव का माहौल बन गया।

तीन थाना क्षेत्रों का जाब्ता और आरएसी तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। शहर कोतवाली, पुरानी टोंक और सदर थाना क्षेत्र का जाब्ता मौके पर तैनात किया गया। इसके अलावा पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाया गया और आरएसी के जवानों को भी क्षेत्र में लगाया गया।

संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। संघपुरा मोहल्ले में रातभर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

डीएसपी बोले—अफवाहों पर ध्यान न दें

टोंक के डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया, “दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ है। फिलहाल मौके पर शांति है। दोनों पक्ष जो भी रिपोर्ट देंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

होली और रमजान के दौरान बढ़ी सतर्कता

घटना ऐसे समय में हुई है जब शहर में होली का पर्व और रमजान का महीना चल रहा है। ऐसे में प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट मोड पर रखा है और लगातार निगरानी की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

बीजेपी जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी

घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने घटना को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि “दहशतगर्दों ने भीड़ के रूप में हमला किया है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।”

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शांति भंग करने वालों की पहचान कर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।

पुलिस कर रही दोनों पक्षों की रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मिलने का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है और शहर में शांति बनी हुई है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।