राजस्थान के सवाईमाधोपुर में टैंक में मिले 3 मासूमों के शव, ट्रेन के आगे कूदी मां
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर उपखंड क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मीना बड़ौदा गांव में घर से महज 150 मीटर दूर बने पानी के टैंक में तीन मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर उपखंड क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मीना बड़ौदा गांव में घर से महज 150 मीटर दूर बने पानी के टैंक में तीन मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान दिव्या (5), भारती (3) और डेढ़ वर्षीय दीपक के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी सोमवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को मिली। वजीरपुर थानाधिकारी राजवीर के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक परिजन बच्चों के शव टैंक से बाहर निकाल चुके थे। शवों को वजीरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया गया।
इसी बीच जांच में सामने आया कि बच्चों की मां संगीता मीणा रविवार रात करीब 8 बजे भरतपुर रेलवे स्टेशन पर सोगरिया एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूद गई थी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी ने गंभीर रूप से घायल संगीता को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
एक दिन पहले पोस्ट किया था वीडियो
घटना ने तब और गंभीर मोड़ ले लिया जब पता चला कि संगीता ने एक दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में उसने कथित रूप से ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।
वीडियो में वह कहती नजर आई
“भैया अखिलेश, मैं मजबूरी में जा रही हूं छोड़कर। मेरे साथ राकेश, कविता और कमला ने खूब मारपीट की। घर से धक्का देकर निकाल दिया। मेरी मौत के ये जिम्मेदार हैं। मेरे बच्चों को लेकर मैं जा रही हूं। इनको सजा मिलनी चाहिए।”
उसने आगे कहा कि वह काफी समय से सब कुछ सह रही थी, लेकिन अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा।
पीहर पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
संगीता का पीहर करौली जिले के आलमपुर गांव में है। सूचना मिलते ही पीहर पक्ष के लोग सवाई माधोपुर पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब 7 साल पहले संगीता की शादी मीना बड़ौदा निवासी प्रवीण मीणा से हुई थी और शादी के बाद से ही उसे ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था।
पीहर पक्ष का आरोप है कि बच्चों के शव अस्पताल में रखे होने के बावजूद पिता या ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा। परिजनों ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही है जांच
वजीरपुर थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होंगी। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल कर रही है।
राजस्थान में घरेलू विवाद और पारिवारिक प्रताड़ना से जुड़े मामलों में यह घटना एक बार फिर कई सवाल खड़े कर रही है—क्या समय रहते शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई हो पाती तो चार जिंदगियां बचाई जा सकती थीं?
फिलहाल गांव में मातम पसरा है। तीन मासूमों और उनकी मां की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



