राजस्थान: पत्नी की हत्या में पति मास्टरमाइंड, दो किरायेदार बने सुपारी किलर

Jan 20, 2026 08:23 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले का मंगलवार को पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया। इस हत्याकांड में महिला का पति ही मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपनी पत्नी की हत्या के लिए घर में रहने वाले दो किरायेदारों को सुपारी दी थी।

राजस्थान: पत्नी की हत्या में पति मास्टरमाइंड, दो किरायेदार बने सुपारी किलर

अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले का मंगलवार को पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया। इस हत्याकांड में महिला का पति ही मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपनी पत्नी की हत्या के लिए घर में रहने वाले दो किरायेदारों को सुपारी दी थी। पुलिस ने दोनों किरायेदारों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी पति को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है।

मामले का खुलासा मंगलवार को वृत्ताधिकारी (सीओ) मनीष बड़गुर्जर ने प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि पैसों के लालच में आकर दो किरायेदारों ने महिला की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या की थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पूरे हत्याकांड की परतें खुलीं।

दो किरायेदार गिरफ्तार, पति निकला मास्टरमाइंड

सीओ मनीष बड़गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने अलवर निवासी हेमंत कुमार शर्मा (23) पुत्र मुरारी लाल शर्मा और नागौर निवासी विकास ठोलिया (19) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मृतका के घर पर किरायेदार के रूप में रह रहे थे। हेमंत प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि विकास बीएड का छात्र है।

पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि महिला के पति भागचंद रावत के कहने पर उन्होंने हत्या को अंजाम दिया। पति ने फोन पर हत्या करने के निर्देश दिए थे और इसके बदले पैसे देने का लालच दिया था।

15 जनवरी को मिला था शव, संदिग्ध हालात में हुई थी मौत

सीओ ने बताया कि 15 जनवरी को महिला मोहिनी देवी की घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और पड़ोसियों व घर में रहने वाले किरायेदारों से पूछताछ की।

शुरुआत में मामला सामान्य प्रतीत हो रहा था, लेकिन महिला की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई।

मोबाइल लोकेशन से खुला बड़ा राज

पुलिस ने मृतका के घर में रहने वाले सभी किरायेदारों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाले गए। जांच के दौरान हेमंत और विकास की भूमिका संदिग्ध लगी। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने भागचंद रावत के कहने पर चुन्नी से महिला का गला घोंट दिया था। हत्या के बाद शव को घर में ही छोड़कर ताला लगा दिया गया और दोनों अपने कमरे में चले गए।

पति ने दूरी का झांसा दिया, भिनाय में ही था मौजूद

आरोपी पति भागचंद रावत ने किरायेदारों से कहा था कि वह उनसे करीब 1700 किलोमीटर दूर है। लेकिन जब पुलिस ने मोबाइल लोकेशन की जांच की तो सामने आया कि वह अजमेर जिले के भिनाय इलाके में ही रहकर किरायेदारों को फोन कर रहा था और पूरी वारदात को निर्देशित कर रहा था।

हत्या के बाद गहने और मोबाइल दबाए

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपियों ने महिला के गहने और मोबाइल फोन को घर के अंदर एक गड्ढा खोदकर दबा दिया था, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। जब महिला का बेटा अजय सिंह रावत घर पहुंचा और ताला खोला तो रसोई में महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली।

बेटे के सामने दोनों आरोपी अनजान बनते रहे और यह जताया कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस को गुमराह करने के लिए एक आरोपी ने जानबूझकर एटीएम जाकर ट्रांजैक्शन भी किया, ताकि वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो सके और खुद को घटना के समय बाहर साबित कर सके।

दाह संस्कार में भी शामिल हुए आरोपी

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी इतने शातिर थे कि उन्होंने मृतका के बेटे के साथ मिलकर महिला को अस्पताल पहुंचाया, पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया में भी साथ रहे और अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। लगातार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल लोकेशन ने उनकी साजिश को बेनकाब कर दिया।

बेटे ने दर्ज कराया था मामला

इस पूरे मामले में मृतका के बेटे अजय सिंह रावत ने आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि 15 जनवरी की सुबह वह नौकरी पर गया था। उसके पिता भागचंद 31 दिसंबर को मां से झगड़ा कर घर छोड़कर चले गए थे। दिन में बहन का फोन आया, जिसने मां का फोन नहीं लगने की बात कही।

ड्यूटी से लौटने पर घर के दोनों ओर ताले लगे मिले। ताला तोड़कर अंदर जाने पर रसोई में मां अचेत अवस्था में पड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

फिलहाल पुलिस ने दोनों किरायेदारों को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी पति से गहन पूछताछ जारी है। मामले में आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।