
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर,7 जिलों में बारिश का अलर्ट; तापमान में तेज गिरावट से सर्दी बढ़ी
राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। उत्तरी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। उत्तरी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार उदयपुर, जोधपुर और अजमेर संभाग में गुरुवार से बादल छाने की स्थिति बनेगी, वहीं सात जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं।
बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में उत्तरी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शेखावाटी क्षेत्र तो सामान्य सर्दी वाले इलाकों को भी पीछे छोड़ चुका है। सीकर और फतेहपुर में तापमान माउंट आबू से भी कम रिकॉर्ड हुआ। बुधवार को फतेहपुर (सीकर) का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश का सबसे कम तापमान रहा। वहीं माउंट आबू में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस था।
सीकर जिले में बुधवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे जनजीवन पर ठंड का असर साफ दिखाई दिया। नागौर में 5.2, चूरू में 5.6, करौली में 7.1, दासा में 6.5, झुंझुनूं में 7.5, बीकानेर के लूणकरणसर में 4.5, गंगानगर में 8.7, अलवर में 6.5, वनस्थली (टोंक) में 9.3 और पिलानी में 7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। ऐसे में साफ है कि प्रदेश के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में शीतलहर का प्रभाव बढ़ गया है।
दिन के तापमान की बात करें तो बर्फीली हवाओं और ठंडे मौसम के कारण प्रदेश में धूप निकलने के बावजूद राहत नहीं मिल रही है। बुधवार को राजस्थान के किसी भी शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस नहीं पहुंचा। बाड़मेर में सर्वाधिक 29.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जैसलमेर में 27.6, जोधपुर में 27.4, जालौर में 28.1, नागौर और बीकानेर में 26.4, चित्तौड़गढ़ में 26.3, कोटा में 24.3, जयपुर में 25, अलवर में 25.8, अजमेर और उदयपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
फतेहपुर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो बुधवार की तुलना में 3.7 डिग्री अधिक है। कृषि अनुसंधान केंद्र के डॉ. नरेंद्र पारीक के अनुसार बादल छाने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। कस्बे के बाहरी क्षेत्रों में हल्का कोहरा भी छाया रहा।
27 और 28 नवंबर को मौसम में बदलाव की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 नवंबर को जालोर, सिरोही, पाली, उदयपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा और अजमेर जिलों में बादल छा सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।
वहीं 28 नवंबर को दौसा, जयपुर, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और उदयपुर जिलों में मौसम बदलेगा। इन क्षेत्रों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
कुल मिलाकर, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे प्रदेश के दक्षिण और उत्तर-पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। इससे अगले एक-दो दिनों में कई जिलों में दिन और रात के तापमान में और उतार-चढ़ाव होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को सर्दी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




