Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरrajasthan western disturbance active rain wind alert
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, इस जिले में बारिश,तेज हवाओं का अलर्ट जारी

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, इस जिले में बारिश,तेज हवाओं का अलर्ट जारी

संक्षेप:

राजस्थान में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई इलाकों में सुबह और शाम गलन भरी ठंड लोगों को बेहाल कर रही है। खासकर कोटा में शुक्रवार सुबह घनी धुंध और कोहरे के कारण सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा।

Dec 20, 2025 01:56 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share Share
Follow Us on

राजस्थान में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई इलाकों में सुबह और शाम गलन भरी ठंड लोगों को बेहाल कर रही है। खासकर कोटा में शुक्रवार सुबह घनी धुंध और कोहरे के कारण सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। दृश्यता बेहद कम होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जयपुर समेत अन्य जिलों में भी सुबह और शाम ठिठुरन भरी सर्दी का असर साफ नजर आया।

मौसम विभाग के अनुसार, बीते कुछ दिनों से सक्रिय सर्द हवाओं और बदलते मौसमी तंत्र के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है, जहां अलसुबह खेतों और सड़कों पर कोहरे की चादर छाई रही।

जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक शुक्रवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं कोहरा दर्ज किया गया, जबकि शेष अधिकांश भागों में मौसम सामान्य रहा। हालांकि मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि भरतपुर संभाग और आसपास के जिलों में शनिवार को भी सुबह के समय घना कोहरा छाने की प्रबल संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 22 दिसंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। हालांकि इसके बावजूद राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क ही रहने की संभावना है और बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं है।

मौसम विभाग का कहना है कि 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं का प्रभाव एक बार फिर बढ़ेगा। इसके चलते न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही राज्य के पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना भी बनी हुई है। ऐसे में ठंड का असर और तेज हो सकता है।

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दौसा में 5.7, लूणकरणसर में 5, सीकर में 5, नागौर में 5.1, वनस्थली में 6, चूरू में 7.1, माउंट आबू में 11.4 और जयपुर में 11.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने, कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में सर्दी और कोहरे का असर और बढ़ सकता है, ऐसे में सतर्क रहना जरूरी है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;