राजस्थान में बारातियों से भरी बस पलटी, 3 की मौत; 40 से ज्यादा घायल
बांसवाड़ा जिले में दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। सज्जनगढ़ से बारात लेकर लौट रही बस बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई

बांसवाड़ा जिले में दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। सज्जनगढ़ से बारात लेकर लौट रही बस बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक बाराती घायल हो गए। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसा कलिंजरा थाना क्षेत्र में घोटिया आम्बा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ा वडालीपाड़ा गांव से बारात सनलई गांव गई थी। शादी संपन्न होने के बाद शाम करीब 6:30 बजे बारात वापस लौट रही थी। रास्ते में घोटिया आम्बा के पास एक ढलान पर ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
बताया जा रहा है कि बारात में कुल दो बसें शामिल थीं। आगे चल रही बस ढलान से सुरक्षित निकल गई, लेकिन पीछे आ रही बस हादसे का शिकार हो गई। बस में सवार अधिकांश लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे कई बारातियों को गंभीर चोटें आईं।
मौके पर जुटी भीड़, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी गई। घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से बड़ोदिया हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
घायलों की संख्या ज्यादा होने के कारण अस्पताल में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्राथमिक उपचार के बाद करीब 46 घायलों को गंभीर हालत में बांसवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया है। कुछ घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर और एसपी पहुंचे अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। कलेक्टर यादव ने अस्पताल प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
दूल्हा-दुल्हन सुरक्षित
कलिंजरा थाना प्रभारी सीआई योगेश कुमार ने बताया कि दूल्हा चिमनलाल वारजी गरासिया निवासी सनदलाई है। उसकी बारात सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ा वडालीपाड़ा गांव गई थी। वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि दूल्हा और दुल्हन दोनों कार में सवार थे, इसलिए वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मृतकों की पहचान
हादसे में टीटा सोखा डोडियार, दलू भूरा दामा और एक महिला कमला गरासिया की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है।
सांसद राजकुमार रोत ने जताई संवेदना
बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद राजकुमार रोत ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि बारिगामा तालाब के पास विकट मोड़ पर बारात से भरी बस के पलटने की खबर बेहद दुखद है। हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने घायलों को तुरंत और बेहतर इलाज दिलाने के लिए प्रशासन से बात करने की बात भी कही।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ढलान पर तेज गति और नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी और ढलान वाले इलाकों में यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



