उमस से मिलेगी राहत, कल से बरसेंगे बादल: राजस्थान के 10 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिन राजस्थान के पूर्वी हिस्से के लिए बारिश वाले रहेंगे। खासकर 19 से 23 अगस्त के बीच भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा।

राजस्थान में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने 19 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। 19 अगस्त को 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 20 और 21 अगस्त को बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 21 अगस्त के बीच भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
राजस्थान में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से करीब 15 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से बारिश की गतिविधियों में कमी आई है और कई जिलों में उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई है।
कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदला
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। इसका असर पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के आसपास देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है।
मौसम विभाग का कहना है कि इन मौसमी परिस्थितियों के कारण राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। 20 से 23 अगस्त के दौरान भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है।
सोमवार को ज्यादातर जिलों में उमस
इससे पहले सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, पिछले 24 घंटे के दौरान अलवर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, जालोर, सिरोही, उदयपुर और प्रतापगढ़ के आसपास हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
जयपुर में सोमवार को पूरे दिन मौसम साफ रहा। तेज धूप के साथ उमस का असर रहा। जिले में कहीं भी बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोटा में 5.8 MM बारिश
कोटा में सोमवार सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर बाद आसमान में काली घटाएं छा गईं और शहर के कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। शाम 5:30 बजे तक 5.8 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। यहां अधिकतम तापमान 31.3 और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
अजमेर में दिनभर गर्मी और उमस का असर रहा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। शाम को मौसम बदला और तेज हवा चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, हालांकि बारिश नहीं हुई।
उदयपुर में बादल, अलवर में बारिश की संभावना
उदयपुर में सुबह बादल छाए रहे और मौसम सुहावना रहा। दोपहर में हल्की धूप निकली, लेकिन बीच-बीच में बादल छाए रहे। शहर का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अलवर में सुबह धूप निकलने के बाद गर्मी और उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक अलवर में बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
सीकर-जोधपुर में फिलहाल अलर्ट नहीं
सीकर में सोमवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही। सुबह कुछ देर घने बादल छाए, लेकिन बाद में धूप निकल आई। हवा चलने से उमस कुछ कम महसूस हुई। सीकर में फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। यहां अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जोधपुर में सोमवार को मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह यहां मानसून सामान्य रहने की संभावना है। फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सोमवार को जोधपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिन राजस्थान के पूर्वी हिस्से के लिए बारिश वाले रहेंगे। खासकर 19 से 23 अगस्त के बीच भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा।


