
राजस्थान में तीन बच्चों वाले तहसीलदारों का प्रमोशन शुरू, 42 अफसर बने RAS;सरकार ने बदली पुरानी नीति
संक्षेप: राजस्थान में तीन बच्चों वाले सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए लंबे समय बाद खुशखबरी आई है। राज्य सरकार ने प्रमोशन पर लगी पाबंदी हटाते हुए ऐसे अफसरों को भी अब पदोन्नति का लाभ देना शुरू कर दिया है।
राजस्थान में तीन बच्चों वाले सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए लंबे समय बाद खुशखबरी आई है। राज्य सरकार ने प्रमोशन पर लगी पाबंदी हटाते हुए ऐसे अफसरों को भी अब पदोन्नति का लाभ देना शुरू कर दिया है। साल 2002 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब तीन बच्चों वाले अधिकारी को प्रमोशन मिला है। सरकार की बदली हुई नीति के पहले लाभार्थी तहसीलदार सत्य प्रकाश खत्री बने हैं, जिन्हें राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में प्रमोशन मिला है।

सरकार ने हाल ही में 42 तहसीलदारों को आरएएस में प्रमोट किया है। इनमें सत्य प्रकाश खत्री का नाम विशेष रूप से चर्चा में है क्योंकि उनके तीन बच्चे हैं और पहले ऐसी स्थिति में प्रमोशन रोक दिया जाता था। अब सरकार के फैसले से उन्हें आरएएस की जूनियर पे स्केल में प्रमोशन के साथ तीन काल्पनिक वार्षिक वेतन वृद्धि (Increment) भी मिलेगी। हालांकि, इन इंक्रीमेंट्स के एवज में कोई बकाया वेतन नहीं दिया जाएगा।
राज्य सरकार ने इस दिशा में बड़ा कदम 16 मार्च 2023 को उठाया था, जब कार्मिक विभाग ने तीन बच्चों वाले अफसरों को राहत देने के प्रावधानों वाला सर्कुलर जारी किया था। इसके तहत यह स्पष्ट किया गया था कि ऐसे अधिकारी जिन्हें तीसरे बच्चे के कारण प्रमोशन से वंचित रखा गया था, उन्हें अब मौका मिलेगा। यह संशोधन अब लागू हुआ है और इसके परिणामस्वरूप कई तहसीलदारों को आरएएस में पदोन्नति दी गई है।
जारी सूची के अनुसार, 42 तहसीलदारों को क्रमवार तारीखों से प्रमोशन दिया गया है। इनमें से 19 तहसीलदारों को 1 अप्रैल से आरएएस में पदोन्नति दी गई है। इनमें महावीर प्रसाद जैन, सत्य प्रकाश खत्री, गोपी किशन पालीवाल, महिपाल सिंह राजावत, लाला राम यादव, मुकेश कुमार अग्रवाल, दीपक सांखला, धीरज झांझरिया, आशीष कुमार शर्मा, दिनेश आचार्य, शिवन्या गुप्ता, गंभीर सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, प्रवीण रत्नू, सर्वेश्वर निंबार्क, अरविंद कविया, अनिल कुमार गोयल, भागीरथ सिंह लखावत और श्यामसुंदर बेनीवाल शामिल हैं।
इसके अलावा, 1 जून से मदाराम, रामस्वरूप जौहर, विनोद कुमार और अलका श्रीवास्तव को प्रमोशन मिला है। 1 जुलाई से पायल जैन, खुशबू शर्मा और स्वाति को पदोन्नति दी गई है, जबकि 1 अगस्त से प्रांजल कंवर, प्रीति चौहान और सुमन राठौर आरएएस बनी हैं।
1 सितंबर से सोनिका यादव, शीला कंवर और सुरेंद्र सिंह चौधरी को प्रमोशन मिला है। 1 अक्टूबर से अजीत कुमार बुंदेला, बाबूराम और जगदीश प्रसाद को पदोन्नति दी गई है। 1 नवंबर से दिनेश कुमार शर्मा, 1 दिसंबर से मनीषा बेरवाल, 1 जनवरी 2026 से कृष्ण सिंह और शिक्षा पवन, जबकि 1 फरवरी 2026 से सत्यवीर सिंह, रमेश चंद्र बढ़ेरा और हेमंत कुमार गोयल को आरएएस में प्रमोशन मिलेगा।
सूत्रों के अनुसार, प्रमोशन लिस्ट में शामिल 6 अफसरों के पद नवंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच खाली होंगे। ऐसे में उन्हें पद खाली होने की तारीख से आरएएस जॉइनिंग दी जाएगी। वहीं बाकी 36 अफसरों की पोस्टिंग के आदेश जल्द जारी होने की संभावना है।
राज्य के प्रशासनिक हलकों में इस कदम को “न्यायसंगत और मानवीय फैसला” माना जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि 2002 से लागू नियम ने कई योग्य अफसरों को पदोन्नति से वंचित रखा था। अब सरकार के इस निर्णय से न केवल अधिकारियों में उत्साह बढ़ा है, बल्कि यह बदलाव भविष्य में हजारों कर्मचारियों के लिए राहत का कारण बनेगा।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




