राजस्थान का पारा 10 डिग्री तक लुढ़का, कोहरा छाया; ओले-बारिश से बढ़ी ठिठुरन, आज से मौसम फिर बदलेगा
राजस्थान में दो दिन तक हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को भले ही मौसम साफ रहा, लेकिन ठंड और कोहरे का असर पूरे प्रदेश में साफ दिखाई दिया। कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई।

राजस्थान में दो दिन तक हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को भले ही मौसम साफ रहा, लेकिन ठंड और कोहरे का असर पूरे प्रदेश में साफ दिखाई दिया। कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई। बारिश और ओले गिरने से दिन के तापमान में करीब 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को अचानक बढ़ी सर्दी का सामना करना पड़ा।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर अब समाप्त हो गया है। गुरुवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा, धूप निकलेगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते हैं। विभाग ने अगले पांच दिन तक मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।
कोहरे से यातायात प्रभावित
बारिश के बाद बढ़ी नमी और ठंडी हवाओं के कारण सुबह कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोटपूतली-बहरोड़, अजमेर, कोटा और टोंक सहित कई जिलों में सुबह 8 बजे तक विजिबिलिटी 50 मीटर के आसपास रही।
नेशनल हाईवे 48 पर कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में कोहरे के कारण ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही। वाहन चालकों को लाइट जलाकर बेहद सावधानी से वाहन चलाने पड़े। कम दृश्यता के चलते सुबह के समय सड़क पर वाहनों की संख्या भी सामान्य से कम रही। जयपुर-दिल्ली मार्ग पर भी कोहरे का असर देखा गया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।
कई जिलों में बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा, टोंक, अजमेर और चित्तौड़गढ़ सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बुधवार को कई स्थानों पर ओले गिरने से दिन का तापमान 10 डिग्री तक गिर गया, जिससे सर्दी का असर अचानक बढ़ गया।
अजमेर में 2.6 मिमी बारिश
अजमेर में मंगलवार और बुधवार को हुई हल्की बारिश के बाद गुरुवार सुबह तक मौसम में ठंडक बनी रही। सुबह साढ़े आठ बजे तक घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी 50 मीटर तक दर्ज की गई।
बीते 24 घंटों में सुबह साढ़े आठ बजे तक 2.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह साढ़े पांच बजे तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस और साढ़े आठ बजे 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री रहा, जो पिछले दिन की तुलना में 1.4 डिग्री कम है। कोटड़ा, प्रगतिनगर और पसंद नगर क्षेत्रों में भी सुबह घना कोहरा रहा।
ओलों से बढ़ी ठंड
बुधवार को कई जिलों में हुई ओलावृष्टि के कारण वातावरण में ठंडक और बढ़ गई। दिन में धूप नहीं निकलने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को दिन के समय भी ठिठुरन महसूस हुई। करीब एक सप्ताह बाद प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह सर्दी का अहसास दोबारा लौटा है।
आगे क्या रहेगा हाल?
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर अब समाप्त हो चुका है। अधिकांश जिलों में आज से मौसम साफ रहेगा और दिन में अच्छी धूप निकलेगी। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, अगले एक-दो दिन तक सुबह-शाम सर्द हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड बनी रह सकती है।
प्रदेश में फिलहाल किसी नई बारिश या ओलावृष्टि का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम साफ रहने से फसलों और आम जनजीवन को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, कोहरे के चलते वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
दो दिन की बारिश और ओलावृष्टि के बाद बदला मौसम अब धीरे-धीरे सामान्य होने की ओर बढ़ रहा है, लेकिन ठंडी हवाओं और सुबह के कोहरे ने फिलहाल सर्दी का अहसास फिर से गहरा कर दिया है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


