
राजस्थान में SOG ने डमी कैंडिडेट पकड़ा,डमी कैंडिडेट बैठाकर पास करवाई थी थर्ड ग्रेड परीक्षा; दौसा में कर रहा था नौकरी
राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा में डमी कैंडिडेट बनकर परीक्षा देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा में डमी कैंडिडेट बनकर परीक्षा देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक उम्मीदवार की जगह परीक्षा देकर उसे फर्जी तरीके से शिक्षक बनवा दिया था। इस फर्जी शिक्षक की पोस्टिंग दौसा जिले के एक सरकारी स्कूल में हुई थी।
एडीजी (SOG) विशाल बंसल ने बताया कि यह पूरा मामला वर्ष 2022 की थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा से जुड़ा हुआ है। फर्जीवाड़े के जरिए शिक्षक बने आरोपी का नाम सचिन कुमार (22) है, जो धौलपुर जिले के कोलारी का निवासी है। आरोपी को 6 नवंबर को SOG ने गिरफ्तार किया था। सचिन कुमार की पोस्टिंग राजकीय प्राथमिक विद्यालय भोंदू का पुरा, पंचायत नाहरखोहरा, ब्लॉक सिकराय, जिला दौसा में हुई थी।
परीक्षा-2022 का आयोजन 25 फरवरी 2023 को हुआ था। सचिन कुमार का परीक्षा केंद्र अलवर जिले के बुध विहार स्थित नेशनल टीटी कॉलेज फॉर गर्ल्स में आया था। लेकिन वह खुद परीक्षा में नहीं गया। उसकी जगह पर उसने एक डमी कैंडिडेट को बैठाकर परीक्षा दिलवाई।
इस डमी कैंडिडेट ने सचिन कुमार की जगह परीक्षा देकर उसे पास करवा दिया। परीक्षा पास करने के बाद सचिन का चयन थर्ड ग्रेड टीचर के पद पर हुआ और उसकी नियुक्ति दौसा के स्कूल में कर दी गई।
वर्ष 2024 में SOG को इस फर्जीवाड़े की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान सचिन कुमार के दस्तावेज और हस्ताक्षर के नमूने जुटाए गए। इन्हें फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा गया। एफएसएल रिपोर्ट में हस्ताक्षर मेल नहीं खाए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि परीक्षा में बैठा व्यक्ति कोई और था। इसके बाद SOG ने कार्रवाई करते हुए सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
सचिन कुमार से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसकी जगह परीक्षा देने वाला डमी कैंडिडेट पुष्पेंद्र सिंह (22) है, जो धौलपुर जिले के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के निवासी बनवारी लाल गुर्जर का बेटा है।
इसके बाद SOG की टीमों ने पुष्पेंद्र सिंह की तलाश में धौलपुर और आसपास के इलाकों में दबिश दी। मंगलवार सुबह टीम ने पुष्पेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह सचिन कुमार की जगह परीक्षा में बैठा था और उसने एग्जाम पास करवाया था।
SOG अब यह पता लगा रही है कि क्या पुष्पेंद्र सिंह ने अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी डमी कैंडिडेट के रूप में हिस्सा लिया था। टीम उसके नेटवर्क, संपर्कों और फर्जीवाड़े के अन्य संभावित मामलों की जांच कर रही है।
एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि शिक्षा विभाग को इस पूरे प्रकरण की जानकारी दे दी गई है। विभाग से कहा गया है कि आरोपी शिक्षक की नियुक्ति रद्द कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




