राजस्थान में बारिश का अलर्ट, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट के आसार; 17-18 फरवरी को बदलेगा मौसम

Feb 14, 2026 09:35 am ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share

राजस्थान में सर्दी के उतार-चढ़ाव के बीच एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार अगले सप्ताह राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को मौसम में बदलाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल सकता है। 

राजस्थान में बारिश का अलर्ट, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट के आसार; 17-18 फरवरी को बदलेगा मौसम

राजस्थान में सर्दी के उतार-चढ़ाव के बीच एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार अगले सप्ताह राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को मौसम में बदलाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल सकता है। इस सिस्टम के असर से दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले दो-तीन दिन तक आसमान साफ रहने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और दोपहर में हल्की गर्मी का अहसास होगा। हालांकि सुबह और शाम के समय न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने से हल्की सर्दी बनी रहेगी।

इन संभागों में बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केन्द्र के पूर्वानुमान के मुताबिक जयपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ ही बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और तापमान में गिरावट आएगी। खासतौर पर 17 और 18 फरवरी को बादल छाए रहने और हल्की वर्षा की संभावना अधिक है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान गिरकर सामान्य से नीचे आ सकता है, जबकि रात का तापमान भी 2 से 3 डिग्री तक कम हो सकता है। इससे एक बार फिर सर्दी का असर बढ़ेगा।

बीते 24 घंटे का तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। इसके अलावा उदयपुर, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, डूंगरपुर, जालौर और पाली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज हुआ। इन जिलों में दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस की गई।

वहीं, शेखावाटी क्षेत्र में सुबह और शाम के समय सर्दी का असर अधिक रहा। चूरू, सीकर, झुंझुनूं और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। फतेहपुर में सबसे कम 4.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि सीकर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट से सुबह-शाम ठंड का असर बना रहा।

दिन में गर्मी, सुबह-शाम सर्दी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल प्रदेश में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। दिन में धूप तेज होने से गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात में तापमान गिरने से सर्दी महसूस की जा रही है। आगामी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह अंतर कुछ हद तक कम हो सकता है और दिन के तापमान में गिरावट आएगी।

किसानों और आमजन के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियात बरतें। जिन क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है, वहां सरसों और गेहूं की फसलों पर सकारात्मक असर पड़ सकता है। हालांकि तेज हवाओं की स्थिति में खड़ी फसलों को नुकसान से बचाने के लिए निगरानी जरूरी होगी।

आमजन को भी बदलते मौसम के मद्देनजर स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। सुबह और शाम के समय गर्म कपड़ों का उपयोग करने और तापमान में संभावित गिरावट को देखते हुए सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 16 फरवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम फिर से साफ होने की उम्मीद है। राज्य में अगले सप्ताह तापमान में गिरावट के साथ सर्दी एक बार फिर दस्तक दे सकती है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।