
राजस्थान: गाली-गलौज से रोकने पर युवक ने पड़ोसी पर चाकू से किया हमला, बचाव में आए पिता भी घायल; हालत गंभीर
राजस्थान के उदयपुर जिले के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गाली-गलौज करने से रोकने पर एक बदमाश ने पड़ोसी पर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
राजस्थान के उदयपुर जिले के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गाली-गलौज करने से रोकने पर एक बदमाश ने पड़ोसी पर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में पड़ोसी के पिता भी घायल हो गए, जो बचाव में मौके पर पहुंचे थे। दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक को उदयपुर रैफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
प्रतापनगर पुलिस के अनुसार यह घटना नया बापूनगर स्थित टंकी वाले पार्क के पास रविवार रात करीब 10:30 बजे हुई। सीआई राजपाल सिंह ने बताया कि सौरभ झा पुत्र गोविंद झा पार्क के पास आग सेकने बैठा था और बिना किसी कारण जोर-जोर से गाली-गलौज कर रहा था। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग परेशान हो गए।
उसी समय पास ही रहने वाले महेशदास पुत्र गोवर्धन दास विरवानी ने अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित खिड़की से आवाज देकर सौरभ को गाली-गलौज करने से मना किया और शांत रहने को कहा। इससे नाराज होकर सौरभ महेश पर भड़क उठा और उसे धमकी देते हुए नीचे आने की चुनौती देने लगा।
सीआई के अनुसार बार-बार टोके जाने पर भी जब सौरभ नहीं माना, तो महेश नीचे आया और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान सौरभ गुस्से में अपने घर गया और रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर वापस लौटा। उसने आते ही बिना कुछ समझे महेश के सीने, पेट और हाथ पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया। वार इतनी तेजी से किए गए कि महेश गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की आवाज सुनकर महेश के बुजुर्ग पिता गोवर्धनदास मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। लेकिन सौरभ ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे भी घायल हो गए। चाकू छीनने के प्रयास में सौरभ के हाथ पर भी हल्की चोट आई।
इसके बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों का इलाज शुरू हुआ। हालांकि महेश की हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर के ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया। वहीं बुजुर्ग पिता की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद प्रतापनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सौरभ के खिलाफ पहले भी स्थानीय स्तर पर विवादों की शिकायतें मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस इसके पृष्ठभूमि और वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
वारदात के बाद नए बापूनगर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात अक्सर पार्क के आसपास असामाजिक तत्व जुटते हैं और शराब व नशे की स्थिति में लोगों को परेशान करते हैं। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




