राजस्थान निकाय चुनाव वोटिंग में बूथों पर जमकर बवाल; कहीं हाथापाई तो कहीं पथराव

लाइव हिन्दुस्तान
share

राजस्थान में शहर की सरकार चुनने के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान कई जगह विवादों में घिर गया। 162 नगरीय निकायों में वोट डालने पहुंचे मतदाताओं के बीच जहां लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर उत्साह नजर आया

राजस्थान निकाय चुनाव वोटिंग में बूथों पर जमकर बवाल; कहीं हाथापाई तो कहीं पथराव
राजस्थान में शहर की सरकार चुनने के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान कई जगह विवादों में घिर गया। 162 नगरीय निकायों में वोट डालने पहुंचे मतदाताओं के बीच जहां लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर उत्साह नजर आया, वहीं कई मतदान केंद्रों पर फर्जी वोटिंग के आरोप, प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प, मारपीट और EVM खराब होने की घटनाओं ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया।

राजस्थान निकाय चुनाव के पहले चरण में 162 नगरीय निकायों में मतदान के दौरान कई जगह हंगामा, मारपीट और फर्जी वोटिंग के आरोप सामने आए। कहीं विधायक से धक्का-मुक्की हुई तो कहीं प्रत्याशी आपस में भिड़ गए। कई बूथों पर EVM खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ।

राजस्थान में शहर की सरकार चुनने के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान कई जगह विवादों में घिर गया। 162 नगरीय निकायों में वोट डालने पहुंचे मतदाताओं के बीच जहां लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर उत्साह नजर आया, वहीं कई मतदान केंद्रों पर फर्जी वोटिंग के आरोप, प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प, मारपीट और EVM खराब होने की घटनाओं ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया।

सबसे ज्यादा चर्चा डीडवाना-कुचामन के डीडवाना की रही। वार्ड-11 के बूथ पर परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे निर्दलीय विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की हो गई। विधायक के रिश्तेदारों ने कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों पर वोटर आईडी छीनने का आरोप लगाया। यूनुस खान ने कहा कि वोट देते समय उन पर आज तीसरी बार हमला हुआ है। उन्होंने दावा किया कि एसपी से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन सुरक्षा नहीं मिली।

अलवर में कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे पर फर्जी वोटिंग का आरोप

अलवर के वार्ड-31 में कांग्रेस प्रत्याशी पवन शर्मा के बेटे श्लोक शर्मा पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगा। विवाद के बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई।

वहीं अलवर के ही वार्ड-43 में भाजपा प्रत्याशी जगदीश अटल और उनके दोनों बेटों पर निर्दलीय प्रत्याशी अजय मीरवाल के समर्थकों से मारपीट के आरोप लगे। घायल मोहित और लोकेश जांगिड़ ने आरोप लगाया कि सुबह करीब 5 बजे मतदान से पहले उनके साथ मारपीट की गई और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। लोकेश के सिर में 15 टांके आने की बात सामने आई है।

धौलपुर में प्रत्याशियों में हाथापाई

धौलपुर नगर परिषद के वार्ड-57 में भाजपा प्रत्याशी पप्पू जाट और निर्दलीय प्रत्याशी कमलजीत के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर हाथापाई हो गई। दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए। इससे मतदान केंद्र पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति संभाली।

जयपुर जिले के दूदू के बिंजोलाव गांव में भी फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक भिड़ गए। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया। सीकर के खंडेला में भी वार्ड-17 में फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए।

कहीं वोटर पहुंचा तो पता चला- वोट पहले ही पड़ चुका है

चुनाव के दौरान सबसे बड़ा सवाल उन मतदाताओं को लेकर उठा, जो वोट डालने बूथ तक पहुंचे लेकिन उन्हें बताया गया कि उनके नाम से पहले ही मतदान हो चुका है।

अलवर के वार्ड-43 के भगवान सहाय, भरतपुर के वार्ड-31 की पूजा और बुजुर्ग सुल्तान ने ऐसा ही आरोप लगाया। भीलवाड़ा के वार्ड-22 में भी दो मतदाताओं ने आरोप लगाया कि उनका वोट कोई और पहले ही डाल चुका है। सवाई माधोपुर के वार्ड-32 के निर्दलीय प्रत्याशी महेश सोनी उर्फ भानू के नाम से भी किसी अन्य व्यक्ति द्वारा वोट डालने का आरोप लगा। उन्होंने चैलेंजिंग वोट की मांग की।

जालोर में भी एक व्यक्ति फर्जी वोट डालने पहुंचा। उसे बूथ से बाहर निकाल दिया गया। भागने की कोशिश करने पर प्रत्याशियों और समर्थकों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी।

नागौर में पथराव की सूचना, दो लोग हिरासत में

नागौर के खत्रीपुरा इलाके में वार्ड-51 और 48 के मतदान को लेकर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संख्या-5 स्थित बूथ पर विवाद हो गया। पथराव और हंगामे की सूचना के बाद पुलिस पहुंची। दो लोगों को हिरासत में लिया गया।

जोधपुर के बालेसर दुर्गावता में वार्ड-23 और 25 के मतदान केंद्र पर भी दो पक्षों में झड़प हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को हटाया।

EVM ने भी रोकी वोटिंग, कई बूथों पर लगी लंबी कतारें

विवादों के बीच कई जगह EVM की खराबी ने मतदाताओं का इंतजार बढ़ा दिया।

चूरू के सुजानगढ़ में वार्ड-39 के बूथ-55 पर सुबह 9 बजे से तीन बार EVM खराब हुई और करीब दो घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। अलवर के वार्ड-51 में EVM खराब होने के कारण करीब एक घंटे बाद वोटिंग शुरू हुई। डूंगरपुर में डेढ़ घंटे की देरी हुई।

बूंदी के केशोरायपाटन, झुंझुनूं के बगड़, दौसा के मंडावर, सवाई माधोपुर, कोटपूतली-बहरोड़ के पावटा-प्रागपुरा और जोधपुर के बालेसर में भी तकनीकी खराबी के कारण मतदान देर से शुरू हुआ। जयपुर जिले के शाहपुरा में EVM का एक बटन काम नहीं करने पर लोगों ने बूथ के बाहर प्रदर्शन किया।

BLO पर आरोप, मोबाइल जब्त कर बूथ से हटाया

झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड-18 में BLO पर मतदान प्रभावित करने के आरोप लगे। निर्दलीय प्रत्याशी सहीराम बराला की शिकायत पर निर्वाचन टीम ने BLO का मोबाइल जब्त कर उसे बूथ से हटा दिया।

राजसमंद के नाथद्वारा में वार्ड-2 से AAP प्रत्याशी कान सिंह को पुलिस ने चेक बाउंस मामले में डिटेन कर लिया। वे वार्ड-5 में मतदान करने पहुंचे थे। वहीं भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बूथ के पास पैसे बांटने का आरोप लगाया। पुलिस ने लोगों को 100 मीटर के दायरे से बाहर कर दिया।

कुवैत से सिर्फ वोट डालने पहुंचे कारोबारी

इन तमाम विवादों के बीच लोकतंत्र के प्रति उत्साह की तस्वीर भी सामने आई। डूंगरपुर में विनोद पंचाल कुवैत से वोट डालने पहुंचे। उनका वहां ज्वेलरी का कारोबार है और वे मतदान के लिए बुधवार सुबह ही डूंगरपुर पहुंचे।

पहले चरण में 57 लाख से ज्यादा मतदाता 20,623 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। चार नगर निगमों में दोपहर एक बजे तक भीलवाड़ा में सबसे ज्यादा 67.53% मतदान दर्ज हुआ। 17 नगर पालिकाओं के 25, चार नगर परिषदों के 6 और एक नगर निगम के एक वार्ड में सदस्य निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

अब दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा, जबकि दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरराजस्थान निकाय चुनाव वोटिंग में बूथों पर जमकर बवाल; कहीं हाथापाई तो कहीं पथराव