राजस्थान में दूसरे चरण की वोटिंग खत्म, 147 निकायों में EVM से हंगामे तक खूब चला विवाद

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

बाड़मेर में कांग्रेस-BJP प्रत्याशियों के रिश्तेदारों में मारपीट हुई, जबकि झुंझुनूं में निर्दलीय प्रत्याशी पर हमला कर सिर फोड़ने का आरोप है। जयपुर में भाजपा प्रत्याशी बुजुर्ग वोटर के पैर पकड़ते नजर आए।

राजस्थान में दूसरे चरण की वोटिंग खत्म, 147 निकायों में  EVM से हंगामे तक खूब चला विवाद
बाड़मेर में कांग्रेस-BJP प्रत्याशियों के रिश्तेदारों में मारपीट हुई, जबकि झुंझुनूं में निर्दलीय प्रत्याशी पर हमला कर सिर फोड़ने का आरोप है। जयपुर में भाजपा प्रत्याशी बुजुर्ग वोटर के पैर पकड़ते नजर आए।

राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज मतदान हुआ। 6 नगर निगम समेत 147 निकायों में वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हुई। इस चरण में 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता 18,266 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। वोटिंग शुरू होते ही कई जगह विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आई हैं। बाड़मेर में कांग्रेस-BJP प्रत्याशियों के रिश्तेदारों में मारपीट हुई, जबकि झुंझुनूं में निर्दलीय प्रत्याशी पर हमला कर सिर फोड़ने का आरोप है। जयपुर में भाजपा प्रत्याशी बुजुर्ग वोटर के पैर पकड़ते नजर आए।

6 बजते ही मतदान केंद्र के गेट बंद

उदयपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भुवाना स्थित मतदान केंद्र पर शाम 5:57 बजे निर्वाचन स्टाफ ने मतदाताओं को सूचना दी कि अब गेट बंद किया जा रहा है। इसके बाद शाम 6 बजते ही मतदान केंद्र के गेट बंद कर दिए गए।

5:55 PM| वोटिंग सेंटर के बाहर विधायक के खड़े रहने पर कांग्रेस नेताओं ने जताई आपत्ति

उदयपुर में मतदान खत्म होने से पहले वार्ड 76 के शोभागपुरा वोटिंग सेंटर के बाहर विधायक फूल सिंह मीणा के खड़े रहने पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी को पुलिस ने कुछ नहीं कहा, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के साथ भेदभाव किया जा रहा है। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को गेट से करीब 100 मीटर दूर हटा दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

5:50 PM| फलोदी में फर्जी वोटिंग को लेकर 2 पक्ष भिड़े, लाठी-डंडों से मारपीट में 2 घायल

फलोदी नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 में फर्जी वोटिंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया। मारपीट में महिला लक्ष्मी (30) और युवक लक्की (25) घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।

5:40 PM| ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ वोट देने पहुंचीं महिला

कोटा नगर निगम के वार्ड 74 की भाग संख्या 5 में माया शर्मा खराब स्वास्थ्य के बावजूद ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ मतदान करने पहुंचीं। वह रामपुरा के महात्मा गांधी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खराब स्वास्थ्य के बीच मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डालने का उनका जज्बा चर्चा का विषय रहा।

5:25 PM| अजमेर में फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा, कांग्रेस समर्थकों ने लगाए नारे

अजमेर के वार्ड 63 में पुलिस लाइंस स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों ने भाजपा पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाते हुए विरोध किया और नारेबाजी की। मतदान केंद्र के बाहर मौजूद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विरोध कर रही भीड़ को हटाया।

5:10 PM| कोटा में कांग्रेस प्रत्याशी का फर्जी वोटिंग का आरोप

कोटा के वार्ड नंबर 33 से कांग्रेस प्रत्याशी जसवंत सुमन ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया है। जसवंत सुमन ने बताया कि करीब 8-10 मतदाताओं को बिना वोट डाले ही लौटना पड़ा, क्योंकि उनके नाम से पहले ही मतदान किया जा चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ता बूथ के अंदर आकर बार-बार वोटर लिस्ट एक्सचेंज कर रहे हैं, जबकि उन्हें और निर्दलीय प्रत्याशी कृष्ण मुरारी कहार को लिस्ट एक्सचेंज नहीं करने दी गई। दोनों प्रत्याशियों ने इसका विरोध जताया है।

4:55 PM| सादुलशहर में निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप खीचड़ से मारपीट

श्रीगंगानगर के सादुलशहर में नगरपालिका के बूथ नंबर 5 पर पूर्व नगरपालिका चेयरमैन और निर्दलीय गुट के प्रत्याशी प्रदीप खीचड़ के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। प्रदीप खीचड़ ने भाजपा विधायक गुरवीर सिंह बराड़ के समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

4:30 PM| चिड़ावा में फर्जी मतदान को लेकर भाजपा-निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक भिड़े

झुंझुनूं के चिड़ावा में पिलानी रोड स्थित वार्ड 38 के पोलिंग बूथ पर फर्जी मतदान को लेकर भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों में विवाद हो गया। निर्दलीय प्रत्याशी रमेश और भाजपा प्रत्याशी सुनील भड़िया के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप के बाद मारपीट की नौबत आ गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। महिलाओं ने भी मारपीट के आरोप लगाए हैं।

4:15 PM| जयपुर के वार्ड 101 में फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा

जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 101 के पानीपेच वाटर वर्क्स स्थित पोलिंग बूथ पर फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा हो गया। निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया। इस दौरान बूथ के बाहर काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।

3:50 PM| 5 दिन पहले हुई डिलीवरी, आज परिजनों संग वोट डालने पहुंचीं BJP प्रत्याशी

चित्तौड़गढ़ की कपासन नगर पालिका के वार्ड 20 से भाजपा प्रत्याशी पिंकी सुथार मतदान करने पहुंचीं। खास बात यह रही कि पिंकी की महज 5 दिन पहले डिलीवरी हुई है और उन्होंने बेटे को जन्म दिया है। इसके बावजूद वह आज परिजनों के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

3:30 PM| अजमेर में 51.69% मतदान

द्वितीय चरण के मतदान में अजमेर जिले के तीन प्रमुख निकायों में कुल 3,00,697 वोट पड़े। जिले में कुल औसत मतदान 51.69% दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा मतदान पुष्कर नगर परिषद में हुआ, जहां 70.80% यानी 12,383 वोट पड़े। किशनगढ़ नगर परिषद में 60.19% मतदान दर्ज हुआ, यहां 75,939 मतदाताओं ने वोट डाला। वहीं अजमेर नगर निगम क्षेत्र में 2,12,375 मतदाताओं ने मतदान किया, जिससे यहां मतदान प्रतिशत 48.48% रहा।

3:00 PM| बूथ संख्या 5 पर एजेंट बदलने को लेकर विवाद, हंगामा

रिबर्थ पब्लिक स्कूल स्थित बूथ पर एजेंट के तौर पर रिलीवर बदलने को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी रामप्यारी देवी की ओर से विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा।

बूथ पर पहुंची पुलिस, एसएचओ ने कराया मामला शांत

रिबर्थ पब्लिक स्कूल के बूथ संख्या 5 पर एजेंट बदलने को लेकर विवाद के बाद एसएचओ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया।

कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे और एसएचओ में तीखी नोकझोंक

रामप्यारी देवी के बेटे एवं पूर्व पार्षद कमल वाल्मीकि की पुलिस अधिकारी से हुई तीखी बहस, मौके पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल।

बूथ संख्या 5 पर एजेंट बदलने को लेकर विवाद, हंगामा
रिबर्थ पब्लिक स्कूल स्थित बूथ पर एजेंट के तौर पर रिलीवर बदलने को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी रामप्यारी देवी की ओर से विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा।
बूथ पर पहुंची पुलिस, एसएचओ ने कराया मामला शांत
रिबर्थ पब्लिक स्कूल के बूथ संख्या 5 पर एजेंट बदलने को लेकर विवाद के बाद एसएचओ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया।
कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे और एसएचओ में तीखी नोकझोंक
रामप्यारी देवी के बेटे एवं पूर्व पार्षद कमल वाल्मीकि की पुलिस अधिकारी से हुई तीखी बहस, मौके पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल।

2:35 PM| राजस्थान में 1 बजे तक 44.90% मतदान

राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर 1 बजे तक प्रदेश में औसतन 44.90% मतदान दर्ज किया गया है। छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी नगरपालिकाओं में वोटर्स में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा मतदान अलवर के बड़ौदा मेव में 75.13%, झालावाड़ के मनोहरथाना में 72.37%, हनुमानगढ़ के गोलूवाला में 70.95%, बालोतरा के धोरीमन्ना में 69.56% और चित्तौड़गढ़ के आकोला में 68.99% हुआ है। वहीं बड़े निकायों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। अजमेर नगर निगम में 35.61%, जयपुर में 37.40%, सिरोही नगर परिषद में 38%, कोटा नगर निगम में 38.58%, उदयपुर में 39.21%, पाली में 42.17% और जोधपुर नगर निगम में 43.51% मतदान दर्ज किया गया है।

2:15 PM| टोंक में 1 बजे तक 57.58% मतदान

टोंक जिले में दूसरे चरण के तहत निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक जिले में सबसे ज्यादा मतदान डिग्गी नगरपालिका में 64.35% हुआ। इसके बाद लांबा हरिसिंह में 62.82%, टोडारायसिंह में 57.93%, मालपुरा में 54.12% और टोंक नगर परिषद में 48.26% मतदान दर्ज किया गया। छोटे कस्बाई निकायों में वोटरों का खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जबकि टोंक नगर परिषद क्षेत्र में मतदान की गति अपेक्षाकृत धीमी है। मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग जारी है।

1:35 PM| जयपुर में महिला के वोट डालने पहुंचने से पहले ही हो गया मतदान

जयपुर के वार्ड नंबर 49 के बूथ संख्या 4 पर 35 वर्षीय सुनीता देवी मतदान करने पहुंचीं तो उनके नाम से पहले ही वोट डाले जाने की बात सामने आई। इस पर कांग्रेस प्रत्याशी धर्म सिंह सिंघानिया ने मौके पर जमकर नारेबाजी की और विरोध जताया।

1:15 PM| भीलवाड़ा में दोपहर 1 बजे तक 64.41% मतदान, हमीरगढ़ टॉप पर

भीलवाड़ा जिले की नगरपालिकाओं में दोपहर 1 बजे तक मतदान जारी है। हमीरगढ़ 64.41% मतदान के साथ सबसे आगे है, जबकि बनेड़ा में भी मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं शाहपुरा और मांडलगढ़ में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है।

1:00 PM| सीकर में फर्जी वोटर पकड़े

सीकर के वार्ड नंबर 18 में पुलिस ने फर्जी वोटिंग करने पहुंचीं दो महिलाओं को पकड़ लिया। दोनों को पुलिस की गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाया गया।

12:55 PM| पाली के फालना में बूथ एजेंट की मौत

पाली के फालना में वार्ड नंबर 21 के पीएमश्री स्कूल में कांग्रेस प्रत्याशी रवि के बूथ एजेंट दिनेश पुत्र पन्नालाल ने बूथ से घर जाने के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि दिनेश को धमकाया गया था। इससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। सूचना पर फालना SHO पन्नालाल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश कर रहे हैं।

12:40 PM| अजमेर में वोटर आईडी को लेकर हंगामा

अजमेर के डीएवी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर मोबाइल में वोटर आईडी और जरूरी दस्तावेज ले जाने को लेकर हंगामा हो गया। एक मतदाता मोबाइल फोन लेकर मतदान केंद्र के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। मतदान दल ने मोबाइल अंदर ले जाने से रोक दिया, जिसके बाद मतदाता और मतदान दल के बीच बहस हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की और मामला शांत कराया।

12:25 PM| इटली से वोट देने पहुंचा युवक

श्रीगंगानगर में नगर परिषद चुनाव में वोट डालने के लिए इटली से शमशेर सैनी पहुंचे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को वोट जरूर देना चाहिए, क्योंकि यह संवैधानिक कर्तव्य है। शमशेर ने बताया कि उनके भाई सुरेंद्र स्वामी की पत्नी सरस्वती स्वामी चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने चुनाव प्रचार में भी हिस्सा लिया था।

12:10 PM| मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ किया मतदान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने एनडब्ल्यूआर ऑफिस के पास स्थित नवोदय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज, गेटोर-जगतपुरा पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ किया मतदान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने एनडब्ल्यूआर ऑफिस के पास स्थित नवोदय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज, गेटोर-जगतपुरा पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

12:00 PM| कोटा में मतदान जारी, विधायक कल्पना देवी ने बेटे संग डाला वोट

कोटा में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया लगातार जारी है। मतदाता सुबह से ही अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।लाडपुरा से भाजपा विधायक कल्पना देवी ने शुक्रवार को अपने पुत्र के साथ सिविल लाइंस स्थित सरकारी स्कूल मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। उन्होंने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदाताओं से की मतदान की अपील

वोट डालने के बाद विधायक कल्पना देवी ने लोकतंत्र के इस उत्सव में सभी नागरिकों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने शहर के विकास और सशक्त नेतृत्व के लिए मतदान करने का संदेश दिया।

11:47 AM| जोधपुर में पोलिंग कर्मचारी पर आरोप

जोधपुर के महामंदिर इलाके के जैन मंदिर स्कूल बूथ पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वोट डालने पहुंचने के दौरान पोलिंग कर्मचारी पर उनके पैर छूने का आरोप लगा है। बीजेपी विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सौरभ सारस्वत ने इसे लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत दी है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोलिंग कर्मचारी ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के पैर छुए, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। गहलोत शुक्रवार सुबह परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे थे।

11:35 AM| भीलवाड़ा में कुछ देर रोकना पड़ा मतदान

भीलवाड़ा की हमीरगढ़ नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 स्थित मूनपुरा बूथ पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते मतदान कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।

अधिकारियों के मुताबिक ईवीएम में तकनीकी फाल्ट आने के कारण वोटिंग प्रभावित हुई। मशीन को ठीक करने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई।

11:20 AM| झुंझुनूं में महिला मतदाताओं की फोटो-वीडियोग्राफी को लेकर विवाद

झुंझुनूं के चिड़ावा के वार्ड नंबर 15 में महिला मतदाताओं की फोटो-वीडियोग्राफी को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि प्रशासन के कैमरामैन ने महिलाओं के बुर्के और घूंघट हटाकर फोटो लेने की कोशिश की, जिस पर वार्डवासियों ने आपत्ति जताई।

मामले को लेकर मौके पर हंगामा हो गया। पुलिस ने कैमरामैन का मेमोरी कार्ड जब्त कर लिया। इसके बाद प्रत्याशी शीशराम सैनी बिल्लू और सुरेश भूकर भी मौके पर पहुंचे।

बाद में समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और कैमरामैन को उसका मेमोरी कार्ड वापस दिला दिया गया।

11:00 AM | जयपुर: 16.23% मतदान, वार्ड-60 में सबसे तेज वोटिंग; वार्ड-30 में रफ्तार सुस्त

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक नगर निगम क्षेत्र में 16.23% मतदान हुआ। कुल 24 लाख 33 हजार 198 मतदाताओं में से 3 लाख 94 हजार 855 अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं। वार्ड-60 में सबसे तेज मतदान हुआ, जहां सुबह 10 बजे तक 27.18% वोटिंग दर्ज की गई। वहीं वार्ड-30 में मतदान की रफ्तार सबसे सुस्त रही और यहां महज 5.95% मतदान हुआ।

10:50 AM | दूसरे चरण में 20.51% मतदान, धोरीमन्ना सबसे आगे; बड़े शहरों में रफ्तार धीमी

राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत 147 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 20.51% मतदान दर्ज किया गया। धोरीमन्ना नगर पालिका में सबसे ज्यादा 44.38% वोटिंग हुई है। इसके बाद बड़ौदामेव में 44.02%, गजसिंहपुर में 42.51%, मनोहरथाना में 42.34% और बाप नगर पालिका में 41.62% मतदान हुआ। वहीं बड़े शहरों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है। जोधपुर नगर निगम में 19.96%, पाली में 19.14%, जयपुर नगर निगम में 16.23%, अजमेर में 14.58%, कोटा में 14.55% और उदयपुर नगर निगम में सबसे कम 12.06% मतदान दर्ज हुआ।

10:35 AM | हनुमानगढ़: वार्ड-59 में युवक का सिर फोड़ा, निर्दलीय प्रत्याशी पर आरोप

हनुमानगढ़ जंक्शन के वार्ड-59 स्थित सुरेशिया में हनुमान वर्मा का ईंट मारकर सिर फोड़ने का आरोप लगा है। हमले का आरोप निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन नायक पर लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। मामले को लेकर मौके पर कुछ देर तनाव की स्थिति बनी रही।

10:25 AM | दौसा: कांग्रेस सांसद से उलझे BJP प्रत्याशी, बूथ पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर हंगामा

दौसा नगर परिषद के मतदान केंद्र संख्या-79 पर कांग्रेस सांसद मुरारीलाल मीणा के पहुंचने के दौरान हंगामा हो गया। सांसद के मीडिया प्रभारी उमाशंकर भी परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी के बूथ एजेंट ने उमाशंकर की बेटी पर फर्जी मतदान करने का आरोप लगा दिया, जिसके बाद मतदान केंद्र के अंदर काफी देर तक हंगामा हुआ। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी योगेश शर्मा की सांसद मुरारीलाल मीणा से तीखी बहस भी हुई।

10:15 AM | पुष्कर: बूथ पर EVM खराब, 20 मिनट रुकी वोटिंग

अजमेर जिले के पुष्कर नगर परिषद के बूथ नंबर-7 पर EVM खराब होने से मतदान प्रक्रिया करीब 20 मिनट तक बाधित रही। बूथ पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई थी। EVM में खराबी की जानकारी मिलते ही कुछ मतदाता बिना वोट डाले ही वापस लौट गए। बाद में मशीन की व्यवस्था होने के बाद मतदान शुरू कराया गया।

10:05 AM | उदयपुर: 98 साल के मीठालाल ने डाला पहला वोट

उदयपुर के वार्ड-25 स्थित सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 98 वर्षीय मीठालाल चित्तौड़ा ने सुबह 7 बजे सबसे पहले मतदान किया। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब 25 साल से अपने वार्ड के बूथ पर सबसे पहले वोट डालते आ रहे हैं। मतदान के बाद उन्होंने लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की और लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

9:55 AM | जयपुर: खेल मंत्री राठौड़ बोले- निकाय चुनाव भी काफी अहम, जनता ही बड़े नेता बनाती है

खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि हर चुनाव की तरह निकाय चुनाव भी काफी अहम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का पैसा धरातल तक पहुंचे, इसके लिए ये चुनाव महत्वपूर्ण हैं। राठौड़ ने कहा कि कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की बुनियादी जरूरतों को पार्षद देखेगा। कांग्रेस की ओर से भाजपा के बड़े नेताओं के सड़क पर उतरने को लेकर की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि जनता ही बड़े नेता बनाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं के लिए ये छोटी चीज हो सकती है, लेकिन हमारे लिए छोटी नहीं है। यही वजह है कि भाजपा के बड़े नेताओं से लेकर कार्यकर्ता तक चुनाव में जुटे हुए हैं।

9:45 AM | जयपुर: EVM खराब होने पर मतदाताओं ने किया हंगामा

जयपुर के वार्ड-113 स्थित कांवटिया का खुर्रा की अग्रवाल धर्मशाला में बनाए गए मतदान केंद्र पर EVM खराब होने से मतदाताओं में नाराजगी फैल गई। सुबह 7:15 बजे से करीब आधे घंटे तक मशीन खराब रही, जिसके चलते मतदान प्रभावित हुआ। EVM खराब होने की सूचना के बाद कुछ मतदाता बिना वोट डाले ही वापस लौट गए। मशीन में खराबी को लेकर मौके पर मतदाताओं ने हंगामा भी किया।

9:35 AM | जोधपुर: अशोक गहलोत बोले- जनता को इनको सबक सिखाना चाहिए

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने परिवार सहित जोधपुर के महामंदिर स्थित जैन स्कूल में मतदान किया। वोट डालने के बाद गहलोत ने कहा कि कुछ लोग संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में संविधान को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने राजस्थान की स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार ने ढाई साल में कुछ नहीं किया है। गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की मशीनरी खराब है और जनता को इनको सबक सिखाना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने परिवार सहित जोधपुर के महामंदिर स्थित जैन स्कूल में मतदान किया। वोट डालने के बाद गहलोत ने कहा कि कुछ लोग संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं,

9:25 AM | हनुमानगढ़: दो बूथों पर EVM खराब

हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड-47 और 48 के दो मतदान केंद्रों पर EVM में खराबी आ गई। कांग्रेस प्रत्याशी के बटन को लेकर परेशानी सामने आने के बाद टेक्निकल टीम ने मौके पर जांच की और दोनों EVM को बदल दिया। EVM बदलने के बाद करीब 20 मिनट की देरी से दोनों मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो सकी।

9:20 AM | जयपुर: डिप्टी CM दीया कुमारी ने किया मतदान

डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने जयपुर के वार्ड-141 स्थित पेंशन कार्यालय बूथ नंबर-10 पर मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने राजस्थान में जहां-जहां नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है, वहां के मतदाताओं से वोट जरूर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान करना नागरिक के नाते सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य है। यह लोकतंत्र का उत्सव है और इसमें हर नागरिक को अपनी भागीदारी जरूर निभानी चाहिए।

9:10 AM | अजमेर: बिना ID वोट डालने पहुंचीं द्रोपदी कोली

अजमेर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रह चुकीं और कांग्रेस से विधानसभा प्रत्याशी रहीं द्रोपदी कोली बिना आईडी के मतदान करने पहुंचीं। मामला ऑल सेंट स्कूल, धोला भाटा स्थित बूथ का है। पहचान पत्र नहीं होने के कारण उन्हें वोट डालने की अनुमति नहीं दी गई।

9:05 AM | झुंझुनूं: EVM खराब होने से 50 मिनट रुका मतदान

झुंझुनूं जिले की सिंघाना नगर पालिका के वार्ड नंबर-25 के बूथ नंबर-25 पर EVM खराब होने के कारण सुबह 7 बजे मतदान शुरू नहीं हो सका। सूचना मिलने पर अधिकारी और टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची। करीब 50 मिनट बाद EVM की खराबी दूर हुई और मतदान शुरू कराया गया।

8:55 AM | कोटा: मतदान शुरू होने से 15 मिनट पहले बूथ पहुंच गए मदन दिलावर

कोटा में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मतदान शुरू होने से करीब 15 मिनट पहले ही बूथ पर पहुंच गए। उन्होंने वार्ड-52 की भाग संख्या-2 के बूथ पर मतदान किया। वे शुरुआती मतदाताओं में शामिल रहे। शहर के कई बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

8:45 AM | जयपुर: BJP प्रत्याशी ने बुजुर्ग वोटर के पैर पकड़े

जयपुर के वार्ड नंबर-114 की केसरियों की धर्मशाला में बनाए गए बूथ पर मतदान शुरू होते ही विवाद हो गया। वार्ड नंबर-27 से भाजपा प्रत्याशी अपने पक्ष में वोट की अपील करते हुए एक बुजुर्ग वोटर के पैर पकड़ते नजर आए। घटना को लेकर मौके पर चर्चा शुरू हो गई।

8:30 AM | झुंझुनूं: मतदान से पहले निर्दलीय प्रत्याशी का सिर फोड़ा

झुंझुनूं के चिड़ावा नगर पालिका में मतदान शुरू होने से पहले निर्दलीय प्रत्याशी अशोक शर्मा पर हमला करने का आरोप लगा है। प्रत्याशी के मुताबिक, तीन बाइक सवारों ने उनके साथ मारपीट की और उनका सिर फोड़ दिया। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

8:20 AM | बाड़मेर: वोटरों को बूथ ले जाने को लेकर भिड़े प्रत्याशियों के रिश्तेदार

बाड़मेर के धोरीमन्ना नगरपालिका के वार्ड नंबर-5 में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के वोटरों को बूथ तक ले जाने को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर कांग्रेस प्रत्याशी की रिश्तेदार महिला ने भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार को थप्पड़ मार दिया।

8:00 AM | दूसरे चरण की वोटिंग शुरू

राजस्थान में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। 6 नगर निगम समेत 147 निकायों में वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता 18,266 उम्मीदवारों में से अपने पार्षद चुनेंगे। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा।

7:45 AM | पहले चरण में 76.41% हुआ था मतदान

राजस्थान निकाय चुनाव के पहले चरण में 9 सितंबर को 162 निकायों के लिए मतदान हुआ था। इसमें कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। आज दूसरे चरण के मतदान के बाद दोनों चरणों के नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।

7:30 AM | 14 सितंबर को आएंगे चुनाव परिणाम

राजस्थान निकाय चुनाव के दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। इसके साथ ही नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में पार्षदों के चुनाव परिणाम सामने आएंगे।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरराजस्थान में दूसरे चरण की वोटिंग खत्म, 147 निकायों में मतदान पूरा