राजस्थान मॉनसून पर लगा ब्रेक, 41°C के पार पहुंचा पारा; IMD का नया अपडेट

लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
Follow us on Google News
share

मानसून की रफ्तार थमने के बाद पूरे प्रदेश में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हवा की गति कम होने और बादलों के बीच धूप निकलने से दिनभर चिपचिपी गर्मी महसूस की गई।

राजस्थान मॉनसून पर लगा ब्रेक, 41°C के पार पहुंचा पारा; IMD का नया अपडेट

राजस्थान में मानसून फिलहाल सुस्त पड़ गया है। आसमान में बादलों की आवाजाही जरूर हो रही है, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई। बारिश का सिलसिला थमते ही सूरज के तेवर एक बार फिर तीखे हो गए हैं और कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ा है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

हालांकि मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। विभाग के अनुसार, 16 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है। यदि उदयपुर संभाग से बादलों की एंट्री अनुकूल रही तो बारिश का नया दौर शुरू होगा, जो अरावली पर्वतमाला को पार करते हुए दक्षिणी और पश्चिमी राजस्थान तक पहुंच सकता है। ऐसे में उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

बारिश थमी तो बढ़ी गर्मी और उमस

मानसून की रफ्तार थमने के बाद पूरे प्रदेश में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हवा की गति कम होने और बादलों के बीच धूप निकलने से दिनभर चिपचिपी गर्मी महसूस की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल वातावरण में नमी बनी हुई है, लेकिन मजबूत बारिश देने वाला सिस्टम सक्रिय नहीं होने से बादल बरस नहीं पा रहे हैं।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में श्रीगंगानगर का तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फलोदी में 39.4, बीकानेर में 39.2, जैसलमेर में 38.4, चूरू में 38.6, पिलानी में 38.2, अलवर में 38.1 और संगरिया (हनुमानगढ़) में 37.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।

अलवर में उमस से लोग बेहाल, 16 से 18 जुलाई तक अलर्ट

अलवर में सोमवार सुबह मौसम सामान्य रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। तेज धूप और हवा नहीं चलने से लोग दिनभर पसीने से तरबतर नजर आए। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 16 से 18 जुलाई के बीच जिले में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

जोधपुर में बादल रहे, लेकिन बारिश नहीं

जोधपुर में सुबह से हल्के बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई तक जिले में किसी बड़े बारिश सिस्टम की संभावना नहीं है, हालांकि बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

उदयपुर में बदला मौसम का मिजाज

उदयपुर में दिनभर मौसम बदलता रहा। सुबह तेज धूप निकली, लेकिन कुछ देर बाद बादलों ने आसमान को ढक लिया। शाम के समय ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। डबोक मौसम केंद्र के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिनों में यहां से मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है।

कोटा और सीकर में भी बारिश का इंतजार

कोटा में दिनभर बादलों की आवाजाही रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद उमस बनी रही।

वहीं सीकर में भी सुबह से बादल छाए रहे। जिले में एक कमजोर वेदर सिस्टम सक्रिय होने से मौसम में बदलाव जरूर आया, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे तक बादलों की गतिविधियां बनी रहेंगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

अजमेर में नमी बढ़ने से चिपचिपी गर्मी

अजमेर में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह हवा में नमी 80 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद नमी घटकर 50 प्रतिशत रह गई, लेकिन गर्मी का असर बना रहा। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

16 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ा हुआ है, लेकिन 16 जुलाई से एक नया सिस्टम सक्रिय होने की उम्मीद है। यदि दक्षिणी राजस्थान से बादलों की अच्छी एंट्री होती है तो पहले उदयपुर संभाग में बारिश शुरू होगी और इसके बाद इसका असर पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों तक देखने को मिल सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में लोगों को उमस से राहत मिलने और बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।