राजस्थान में तेज आंधी बनी काल, जैसलमेर में दीवार गिरने से कलाकार की मौत, बाड़मेर में 3 घायल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

राजस्थान में जून की शुरुआत मौसम के बड़े बदलाव के साथ हुई है। भीषण गर्मी से झुलस रहे प्रदेश को जहां बारिश और तेज हवाओं ने राहत दी है, वहीं कई जगह यह मौसम जानलेवा भी साबित हुआ।

राजस्थान में तेज आंधी बनी काल, जैसलमेर में दीवार गिरने से कलाकार की मौत, बाड़मेर में 3 घायल

राजस्थान में जून की शुरुआत मौसम के बड़े बदलाव के साथ हुई है। भीषण गर्मी से झुलस रहे प्रदेश को जहां बारिश और तेज हवाओं ने राहत दी है, वहीं कई जगह यह मौसम जानलेवा भी साबित हुआ। जैसलमेर में आंधी के दौरान रिसोर्ट की दीवार गिरने से एक लोक कलाकार की मौत हो गई, जबकि बाड़मेर में मकान ढहने और लोहे की एंगल गिरने से तीन लोग घायल हो गए। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेश के 19 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का यह दौर 5 जून तक जारी रह सकता है।

प्रदेश में मौसम के अचानक बदले मिजाज का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर फलोदी रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जैसलमेर में दर्दनाक हादसा, लोक कलाकार की मौत

जैसलमेर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सम सैंड ड्यून्स स्थित जुमा हेरिटेज रिसोर्ट में सोमवार रात तेज आंधी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लोक कलाकारों के ड्रेसिंग रूम की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में बेरसियाला गांव निवासी 25 वर्षीय लोक कलाकार स्वरूप खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियों समेत तीन अन्य कलाकार घायल हो गए। घटना के बाद पर्यटन क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बाड़मेर में आंधी से मकान ढहा, तीन घायल

बाड़मेर जिले के रामसर उपखंड के पाबूसरिया गांव में तेज आंधी के कारण टीनशेड का कमरा ढह गया। हादसे में पिता-पुत्र मलबे के नीचे दब गए। वहीं एक अन्य घर में खुद को बचाने के लिए बाहर भाग रही महिला के सिर पर लोहे की एंगल गिर गई। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

कई जिलों में बरसे मेघ, कहीं ओले तो कहीं झमाझम बारिश

सोमवार दोपहर बाद प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर, पाली, नागौर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, कोटा, टोंक, अलवर, बूंदी, भीलवाड़ा, जयपुर और सवाई माधोपुर समेत कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई।

फलोदी और नागौर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक 20 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नागौर में 13 एमएम, अजमेर में 12.6 एमएम और टोंक के निवाई क्षेत्र में 11 एमएम बारिश दर्ज हुई।

जयपुर में शाम को बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत

राजधानी जयपुर में दिन के समय हल्की गर्मी महसूस की गई और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक जयपुर में इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है।

कोटा और उदयपुर में ठंडी हवाओं ने बदला माहौल

कोटा में जून के पहले दिन तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। शाम के समय बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया।

उदयपुर में भी शाम को धूलभरी हवाओं के बाद बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले चार दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तापमान में और गिरावट आ सकती है।

जोधपुर, अलवर और सीकर में भी असर

जोधपुर में दोपहर बाद बादल छाए और शाम को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है।

अलवर में दिनभर बादल छाए रहे और राजगढ़ सहित कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं सीकर में तापमान तीन डिग्री बढ़कर 38 डिग्री पहुंच गया, लेकिन बादलों की आवाजाही के कारण उमस का असर भी देखने को मिला।

5 जून तक राहत और सतर्कता दोनों जरूरी

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान से लेकर पूर्वी हिस्सों तक अगले कुछ दिनों तक तेज हवाएं, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे जहां तापमान में गिरावट बनी रहेगी, वहीं तेज आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।