राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, दिन में लू, शाम को बारिश से राहत
राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक ओर जहां सुबह से दोपहर तक प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, वहीं दोपहर बाद कई जिलों में आंधी और बारिश राहत लेकर आ रही है। गुरुवार को भी ऐसा ही देखने को मिला

राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक ओर जहां सुबह से दोपहर तक प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, वहीं दोपहर बाद कई जिलों में आंधी और बारिश राहत लेकर आ रही है। गुरुवार को भी ऐसा ही देखने को मिला, जब दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम होते-होते राजधानी जयपुर समेत कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति शुक्रवार को भी बनी रह सकती है, लेकिन 16 मई के बाद प्रदेश में फिर से तेज गर्मी और हीटवेव का दौर शुरू होने की संभावना है।
अलर्ट जारी, दोहरी चुनौती बरकरार
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के करीब 10 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं तीन जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट और एक जिले में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और लोगों को गर्मी व आंधी-बारिश दोनों का सामना करना पड़ेगा।
पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का असर
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दोपहर तक मौसम साफ रहा और तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलीं। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में सबसे अधिक तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी, जोधपुर और आसपास के इलाके भी हीटवेव की चपेट में रहे। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग में भी तेज गर्मी और लू ने लोगों को बेहाल किया।
जयपुर में बारिश से मिली राहत
राजधानी जयपुर में दिनभर गर्मी के बाद शाम को मौसम ने करवट ली। करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी के बाद शहर के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 42 डिग्री से गिरकर लगभग 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग ने जयपुर में शुक्रवार को भी आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
जोधपुर और कोटा में गर्मी का प्रकोप
जोधपुर में गुरुवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। तेज गर्मी के बीच लोगों को राहत देने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर पानी का छिड़काव किया गया। कोटा में भी सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग परेशान नजर आए, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री दर्ज किया गया।
अजमेर में लू का असर, सड़कों पर सन्नाटा
अजमेर में भी सुबह से तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को झुलसा दिया। दोपहर के समय लू के थपेड़ों के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी कम होने के कारण गर्मी का असर और ज्यादा महसूस हुआ।
उदयपुर और अलवर में भी राहत नहीं
उदयपुर में भी तापमान लगातार 42 डिग्री के आसपास बना हुआ है और लू का असर जारी है। वहीं अलवर में सुबह बादल छाए रहने के बावजूद तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को राहत नहीं मिली।
सीकर में बदला मौसम, बूंदाबांदी
सीकर में गुरुवार को दिनभर उमस बनी रही और शाम होते-होते मौसम बदल गया। तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
आगे फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में इस तरह का मिश्रित मौसम बना रहेगा, लेकिन 16 मई के बाद एक बार फिर तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और हीटवेव का प्रभाव ज्यादा देखने को मिलेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


