राजस्थान में प्रेमी संग पति को मारने वाली अंजलि पुलिस को देती रही चकमा, कॉल डिटेल ने खोल दी पूरी कहानी
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सामने आए दिल दहला देने वाले हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने वाली अंजू की साजिश का खुलासा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से हुआ, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की परतें खोल दीं

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सामने आए दिल दहला देने वाले हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने वाली अंजू की साजिश का खुलासा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से हुआ, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। 30 जनवरी को रावला मंडी थाना क्षेत्र के गांव 01 केएलएम निवासी प्राइवेट टीचर आशीष (27) की उसकी पत्नी अंजू ने अपने प्रेमी संजू और उसके दोस्तों के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
मामले में अंजू के चाचा रवि कुमार ने कड़ा बयान देते हुए कहा कि अंजू ने जो घिनौना काम किया है, उससे पूरा परिवार शर्मिंदा है। उन्होंने अंजू, उसके प्रेमी संजू और उसके साथियों रॉकी व बादल के लिए फांसी या उम्रकैद की सजा की मांग की है।
घटना के बाद अंजू ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि एक कार में आए लुटेरों ने उसके पति की हत्या कर दी। आशीष को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि अंजू का इलाज शुरू किया गया। हालांकि, पुलिस को शुरू से ही अंजू पर शक था क्योंकि उसके शरीर पर संघर्ष का कोई निशान तक नहीं था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के शक को और मजबूत कर दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि आशीष की मौत गला घोंटने से हुई थी, न कि किसी सड़क लूट या हादसे में। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की और अंजू की कॉल डिटेल निकलवाई।
इस बीच, आशीष के परिवार का हाल बेहाल है। बेटे की मौत के छह दिन बाद भी मां को यकीन नहीं हो पा रहा कि उसका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। वह बार-बार आंगन में पड़े पलंग पर बेसुध होकर बेटे को पुकारती रहती हैं। तीन महीने पहले ही घर में बहू के स्वागत की खुशियां थीं, लेकिन अब वही बहू बेटे की कातिल निकली।
आशीष को उसके चाचा रामचंद्र ने करीब चार साल पहले गोद लिया था। रामचंद्र एक सरकारी टीचर हैं और उनकी दो बेटियां हैं। उन्होंने बताया कि बेटे की कमी पूरी होने के बाद परिवार में खुशियां लौट आई थीं। शादी के बाद अंजू का व्यवहार भी बेहद अच्छा था। वह एक संस्कारी बहू की तरह घर संभालती थी, जिससे किसी को उसके इरादों पर शक तक नहीं हुआ।
आशीष के पिता रामरख ने बताया कि आशीष चार भाइयों में सबसे छोटा था और 30 अक्टूबर 2025 को उसकी शादी अंजू से हुई थी। संयुक्त परिवार में 16 सदस्य रहते हैं और तीन महीने तक अंजू ने अपने व्यवहार से सभी का दिल जीत लिया।
घटना वाले दिन आशीष अपने चचेरे भाई अंकित और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शाम को घूमने गया था। घर लौटने के बाद अंजू उसे बातों में उलझाकर फिर बाहर ले गई। पहले से झाड़ियों में छिपे प्रेमी संजू और उसके दोस्त रॉकी व बादल ने मौके का फायदा उठाया। आरोप है कि पहले डंडों से हमला किया गया और फिर मफलर से आशीष का गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
हत्या को लूट का रूप देने के लिए अंजू ने आशीष का मोबाइल और अपने कानों के झुमके प्रेमी को दे दिए। लेकिन कॉल डिटेल ने पूरी साजिश बेनकाब कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि अंजू और संजू लंबे समय से संपर्क में थे। पूछताछ में संजू टूट गया और उसने हत्या की साजिश कबूल कर ली।
अनूपगढ़ डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया कि अंजू को दो दिन और अन्य आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस जघन्य हत्याकांड के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


