राजस्थान हाईकोर्ट को फिर मिली बम धमकी: सुनवाई स्थगित, कड़ी सुरक्षा के बीच बार एसोसिएशन चुनाव में वोटिंग जारी

Dec 11, 2025 12:48 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share

जयपुर में राजस्थान हाईकोर्ट को लगातार चौथे दिन गुरुवार सुबह फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद कोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 11 बजे रजिस्ट्रार (CPC) को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई।

राजस्थान हाईकोर्ट को फिर मिली बम धमकी: सुनवाई स्थगित, कड़ी सुरक्षा के बीच बार एसोसिएशन चुनाव में वोटिंग जारी

जयपुर में राजस्थान हाईकोर्ट को लगातार चौथे दिन गुरुवार सुबह फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद कोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 11 बजे रजिस्ट्रार (CPC) को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई। सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट किया गया और पूरे परिसर को खाली कराया गया। इसके चलते आज होने वाली सभी सुनवाई स्थगित कर दी गई। हालांकि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रखे गए।

धमकी मिलने से पहले ही हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, क्योंकि गुरुवार को बार एसोसिएशन का चुनाव होना था। सुबह 6 बजे से ही डॉग स्क्वायड और बम डिटेक्शन स्क्वायड को कोर्ट कैंपस में तैनात कर दिया गया था। मतदान सुबह 8 बजे शुरू होना था, इसलिए उससे पहले पूरे परिसर, मतदान केंद्र और आसपास के क्षेत्रों की सघन तलाशी ली गई।

इसी दौरान 11 बजे धमकी वाला ईमेल आते ही कोर्ट प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। मुख्य भवन, कोर्ट रूम, जजेज़ चेंबर और वकीलों के बैठने के स्थानों को मूव कराया गया। परिसर में सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई गई और दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

हालांकि बम धमकी के बाद भी चुनाव प्रक्रिया नहीं रोकी गई। चुनाव समिति ने पहले ही सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी, इसलिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात था। इसके चलते मतदान बिना बाधा जारी रखा गया। अधिवक्ता सुबह से ही वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं और चुनाव स्थल पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के 42वें चुनाव में इस बार कुल 17 पदों के लिए 66 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष, महासचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव सहित सभी अहम पद शामिल हैं। करीब 5,500 अधिवक्ता मतदान के लिए पात्र हैं। चुनाव शाम 5 बजे तक जारी रहेगा, जबकि मतगणना शुक्रवार को होगी। परिणाम भी शुक्रवार को देर शाम तक घोषित किए जाने की संभावना है।

हाईकोर्ट बार के चुनाव के साथ ही गुरुवार को डिस्ट्रिक्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन (कलेक्ट्री बार) के चुनाव भी हो रहे हैं। यहां 23 पदों के लिए 40 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और 1,655 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से ही जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।

इसके अलावा दी बार एसोसिएशन जयपुर (सैशन कोर्ट बार) सहित प्रदेश की अन्य बार एसोसिएशंस में शुक्रवार को एक साथ मतदान होगा। सुरक्षा के मद्देनजर इन सभी परिसरों में भी पुलिस और बम स्क्वायड की तैनाती बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

पिछले चार दिनों से लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हर धमकी ईमेल के बाद हाईकोर्ट की सुरक्षा परतों को और मजबूत किया जा रहा है। धमकी भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में ईमेल किसी फर्जी आईडी से भेजा जाना सामने आया है।

कोर्ट परिसर में वोटिंग की भीड़ और बार चुनाव की गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा को तीन गुना बढ़ाया गया है। पुलिस का कहना है कि खतरे को देखते हुए किसी भी स्थिति में लापरवाही नहीं बरती जा रही है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।