राजस्थान में सूरज का कहर, श्रीगंगानगर 44.5°C के साथ देश में सबसे गर्म
राजस्थान में गर्मी ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि सीमावर्ती क्षेत्र श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर बनकर उभरा है।

राजस्थान में गर्मी ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि सीमावर्ती क्षेत्र श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर बनकर उभरा है। यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग के भारत मौसम विज्ञान विभाग जयपुर केंद्र ने शुक्रवार को भी 5 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। हालांकि राहत की बात यह है कि 25 अप्रैल से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण राज्य के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
स्कूलों का समय बदला, बच्चों को राहत देने की कोशिश
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जयपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और दौसा में सुबह के समय कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। कोटा में 12वीं तक की कक्षाओं का समय सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया गया है, जबकि दौसा और अन्य जिलों में भी छोटे बच्चों के लिए दोपहर की गर्मी से बचाव के लिए समय में बदलाव किया गया है।
देशभर में भी गर्मी का कहर
सिर्फ राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के कई हिस्सों में गर्मी चरम पर है। श्रीगंगानगर के अलावा अकोला (44.3°C), अमरावती (44.4°C), भठिंडा (44°C), प्रयागराज (44.4°C) और वर्धा जैसे शहरों में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया है।
बीते 24 घंटे: तपिश और हल्की हवाओं का दौर
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही तेज धूप रही। हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर और अलवर समेत कई शहरों में हल्की हवाएं चलीं, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।
कल से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर बीकानेर संभाग, जयपुर संभाग, भरतपुर संभाग, जोधपुर संभाग और अजमेर संभाग में देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
शहरों का हाल: कहीं सन्नाटा, कहीं भीड़
जयपुर: दिन का तापमान 39.6°C और न्यूनतम 26.4°C दर्ज हुआ। 26-27 अप्रैल को मौसम बदलने के संकेत हैं।
उदयपुर: फतहसागर झील पर गर्मी के कारण सन्नाटा देखने को मिला। तापमान 39°C के आसपास रहा।
जोधपुर: तेज गर्मी के चलते शहर में ज्यूस और ठंडे पेय की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है।
अजमेर: तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया, तापमान 38.2°C दर्ज हुआ।
कोटा: सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, तापमान 43°C तक पहुंच गया।
सीकर: अगले दो दिनों तक लू का असर जारी रहने की संभावना है।
अलवर: 3 दिन के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है, साथ ही पानी की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
आगे क्या?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों तक गर्मी का असर बरकरार रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी और हल्की बारिश के चलते तापमान में 2-4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। हालांकि, मई की शुरुआत में एक बार फिर तेज गर्मी लौटने के संकेत हैं।
एडवाइजरी:
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


