Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरrajasthan government hospital free medicine child death
राजस्थान में सरकारी अस्पताल की मुफ्त दवा ने ली मासूम की जान

राजस्थान में सरकारी अस्पताल की मुफ्त दवा ने ली मासूम की जान

संक्षेप:

राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में बांटी जाने वाली मुफ्त दवा अब सवालों के घेरे में आ गई है। वजह है एक मासूम की मौत, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। खोरी ब्राह्मणान गांव का 5 साल का नीतियांश, जो पिछले 4-5 दिन से खांसी से परेशान था

Tue, 30 Sep 2025 01:31 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, सीकर
share Share
Follow Us on

राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में बांटी जाने वाली मुफ्त दवा अब सवालों के घेरे में आ गई है। वजह है एक मासूम की मौत, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। खोरी ब्राह्मणान गांव का 5 साल का नीतियांश, जो पिछले 4-5 दिन से खांसी से परेशान था, अब इस दुनिया में नहीं है। वजह बताई जा रही है वही खांसी की सिरप, जो उसके इलाज के नाम पर चिराना सीएचसी से मुफ्त में घर लाई गई थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मासूम की मां ने बीती रात करीब साढ़े 11 बजे बेटे को खांसी की सिरप पिलाई। उम्मीद थी कि दवा असर करेगी और बच्चा चैन की नींद सोएगा। लेकिन किस्मत ने एक खौफनाक करवट ली। रात 3:30 बजे बच्चे को अचानक हिचकियां आईं, मां ने पानी पिलाकर उसे सुला दिया। सुबह जब नींद खुली तो बच्चे की सांसें थम चुकी थीं। परिवार ने तुरंत सीकर के एसके अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

5 साल के नीतियांश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता झारखंड में होटल चलाते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वे फौरन गांव लौट आए। गांव में मातम पसरा है और मां की चीखें हर किसी को झकझोर रही हैं। परिजन का कहना है कि मासूम ने कोई बाहर की दवा नहीं ली थी, केवल सरकारी अस्पताल से मिली वही सिरप पिलाई गई थी।

यह हादसा कोई पहला मामला नहीं है। सिर्फ 2 दिन पहले अजितगढ़ इलाके में भी यही खांसी की सिरप पीने से दो बच्चे बीमार हो गए थे। सवाल उठ रहा है कि आखिर इस दवा में ऐसा क्या है, जो बच्चों की जान पर बन आ रहा है?

कुछ दिन पहले भरतपुर में भी यही दवा चर्चा में आई थी। वहां खांसी की सिरप पीने के बाद अस्पताल का स्टाफ बीमार हो गया था। यहां तक कि एक डॉक्टर को निमोनिया हो गया और उन्हें जयपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामले ने तूल पकड़ा तो पूरे जिले में इस दवा के बैच पर बैन लगा दिया गया।

अब सीकर की घटना के बाद प्रदेशभर में दवा वितरण प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त में मिलने वाली दवाओं की क्वालिटी चेक किस स्तर पर होती है? क्या इन्हें बिना टेस्ट किए ही मरीजों तक पहुंचा दिया जाता है? यह लापरवाही है या फिर सिस्टम की बड़ी खामी?

फिलहाल डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। लेकिन गांव वालों का गुस्सा दवा और सिस्टम पर फूटा है। लोग कह रहे हैं कि अगर यही दवा जहर साबित हो रही है तो सरकार कब तक आंख मूंदे रहेगी?

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और सरकार पर दबाव बढ़ गया है। सवाल यह है कि अगर पहले ही भरतपुर में बैच पर बैन लगा दिया गया था तो यह दवा सीकर और आसपास के इलाकों में कैसे पहुंची? कौन लोग हैं जो ऐसी संदिग्ध दवा को बच्चों तक पहुंचा रहे हैं?

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma
इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में पिछले 5 साल का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान से पहले, जी राजस्थान, महानगर टाइम्समें सेवा दे चुके हैं। राजस्थान विश्विद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। गुलाबी नगरी जयपुर में ही जन्म हुआ। राजस्थान की राजनीति और समृद्ध कला, संस्कृति पर लिखना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।