
कोहरे–बर्फीली हवा की चपेट में राजस्थान, 20 जिलों में स्कूल बंद, जयपुर में सीजन की पहली बार 0 विजिबिलिटी
राजस्थान में नए साल की शुरुआत के साथ ही सर्दी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश इन दिनों घने कोहरे, शीतलहर और बर्फीली हवाओं की चपेट में है।
राजस्थान में नए साल की शुरुआत के साथ ही सर्दी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश इन दिनों घने कोहरे, शीतलहर और बर्फीली हवाओं की चपेट में है। हालात इतने गंभीर हो गए कि प्रशासन को 20 जिलों में 8वीं कक्षा तक के स्कूलों में अवकाश घोषित करना पड़ा है। वहीं, मौसम विभाग ने मंगलवार को 18 जिलों के लिए कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार सुबह राजधानी जयपुर में हालात सबसे ज्यादा खराब नजर आए। शहर में सीजन में पहली बार विजिबिलिटी शून्य मीटर तक पहुंच गई। सुबह के समय घना कोहरा इस कदर छाया रहा कि सड़कों पर कुछ मीटर आगे देख पाना भी मुश्किल हो गया। ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जयपुर में सीजन का सबसे ठंडा दिन
सोमवार को जयपुर में इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी रात और सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि घने कोहरे और तेज सर्द हवाओं के कारण अधिकतम तापमान भी केवल 14.8 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच सका। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जयपुर समेत कई जिलों में अगले दो–तीन दिन तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
सुबह करीब 8.30 बजे तक पुराने शहर के चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, सुभाष चौक और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। वाहन चालकों को लाइट जलाकर गाड़ियां चलानी पड़ीं।
7 जनवरी तक कोहरा, 9 जनवरी तक शीतलहर का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में कोहरे का असर 7 जनवरी तक बना रहेगा, जबकि शीतलहर का प्रभाव 9 जनवरी तक रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है। राज्य के 19 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।
गंगानगर सबसे ठंडा, माउंट आबू और शेखावाटी में भी पारा लुढ़का
सोमवार को गंगानगर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। वहीं, बीते पांच दिनों में माउंट आबू सहित शेखावाटी अंचल के कई इलाकों में तीन दिन तापमान 1 डिग्री या उससे नीचे दर्ज किया गया। लगातार गिरते तापमान के साथ घना कोहरा और बर्फीली हवाएं आमजन की मुश्किलें बढ़ा रही हैं।
जैसलमेर में विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम
मंगलवार सुबह जैसलमेर भी घने कोहरे की चपेट में रहा। शहर पूरी तरह कोहरे में ढका नजर आया और विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बॉर्डर एरिया होने के कारण प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
फ्लाइट्स पर असर, इंडिगो की एडवाइजरी
जयपुर में घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ सकता है। संभावित देरी को देखते हुए एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को एयरपोर्ट रवाना होने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है।
स्कूल, आंगनबाड़ी और टाइमिंग में बदलाव
कोहरे और शीतलहर को देखते हुए प्रदेश के 20 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। जयपुर में 5वीं कक्षा तक के बच्चों की छुट्टी 10 जनवरी तक और 6 से 8वीं कक्षा तक की छुट्टी 8 जनवरी तक रहेगी।
कोटा में आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 साल तक के बच्चों के लिए 14 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। अजमेर में 5वीं कक्षा तक के स्कूलों में 7 जनवरी तक छुट्टी रहेगी, जबकि 6वीं से ऊपर की कक्षाओं के समय में बदलाव किया गया है।
जैसलमेर और सलूम्बर जिलों में स्कूलों का समय बदला गया है। जैसलमेर में जिला कलेक्टर ने देर रात आदेश जारी कर स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया, वहीं सलूम्बर में स्कूल अब सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
सतर्क रहने की अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड और कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। अगले कुछ दिन राजस्थान के लिए कड़ाके की सर्दी और कोहरे की परीक्षा लेने वाले साबित हो सकते हैं।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




