राजस्थान में एक्सप्रेसवे से नाले में गिरी मिनी बस,8 की मौत; 25 से ज्यादा यात्री थे सवार

लाइव हिन्दुस्तान
share

जानकारी के अनुसार, मिनी बस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर जा रही थी। इसी दौरान बस नाले में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में 25 से ज्यादा यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

राजस्थान में एक्सप्रेसवे से नाले में गिरी मिनी बस,8  की मौत; 25 से ज्यादा यात्री थे सवार
कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन के मुताबिक, हादसे में सभी मृतकों और घायलों की पहचान कर ली गई है। सात लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बस ड्राइवर की भी हादसे में मौत हो गई।

कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही 25 से ज्यादा यात्रियों से भरी मिनी बस अचानक पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर दूर हुआ। शुरुआती आशंका है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। लेकिन सुबह का अंधेरा रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा बना। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालात ऐसे थे कि कई शव सीटों के बीच फंस गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, शवों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

पुलिया से नीचे गिरी बस, सीटों के बीच फंसे यात्री

पुलिस के मुताबिक, मिनी बस भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही थी। इसी दौरान सिमलिया थाना क्षेत्र में बस पुलिया से नीचे नाले में गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्रियों को सिर में चोटें आईं, जबकि कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

सात की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन के मुताबिक, हादसे में सभी मृतकों और घायलों की पहचान कर ली गई है। सात लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बस ड्राइवर की भी हादसे में मौत हो गई।

मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू के नाम बताए गए हैं। इसके अलावा बस ड्राइवर की भी जान चली गई। इस तरह हादसे में मरने वालों की कुल संख्या आठ हो गई है।

बस में कई परिवार थे सवार, रिश्तों की जानकारी जुटा रहा प्रशासन

जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बस में अलग-अलग परिवारों के लोग सवार थे। प्रशासन उनके आपसी रिश्तों और परिवारों से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है।

हादसे की खबर मिलने के बाद घायलों के परिजनों में भी चिंता का माहौल है। प्रशासन और अस्पताल की टीमें घायलों की पहचान और इलाज से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर रही हैं।

बेसुध हालत में अस्पताल पहुंचे घायल, CPR देकर बचाने की कोशिश

हादसे में घायल यात्रियों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने के दौरान कई घायल बेसुध हालत में थे। डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए सीपीआर (CPR) दिया। कुछ घायलों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर भी रखा गया है।

डॉक्टरों के अनुसार, ज्यादातर घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। कई यात्रियों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर भी हैं। आशंका है कि बस के नीचे गिरने और यात्रियों के सीटों के बीच फंसने के कारण उन्हें ज्यादा चोटें आईं।

घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल

हादसे में घायल यात्रियों में वंदिता, अजय गावंडे, वेदांत झरबड़े, मोहनिस झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ और सारांश के नाम सामने आए हैं। ये सभी अलग-अलग परिवारों से बताए गए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख, घायलों के इलाज के निर्देश दिए

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मिनी बस दुर्घटना में हुई जनहानि पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर अत्यंत दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरराजस्थान में एक्सप्रेसवे से नाले में गिरी मिनी बस,8 की मौत; 25 यात्री थे सवार