
राजस्थान में डिजिटल ठगी का नया जाल: टेलीग्राम ग्रुप से 5 लाख ठगे, महिला ने किया सुसाइड
संक्षेप: राजस्थान के कोटा शहर में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां साइबर ठगी का शिकार बनी महिला ने आत्महत्या कर ली। ठगों ने टेलीग्राम पर “गोदरेज प्रॉपर्टीज” नाम से अकाउंट बनाकर महिला को निवेश के जरिए रकम डबल करने का लालच दिया था।
राजस्थान के कोटा शहर में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां साइबर ठगी का शिकार बनी महिला ने आत्महत्या कर ली। ठगों ने टेलीग्राम पर “गोदरेज प्रॉपर्टीज” नाम से अकाउंट बनाकर महिला को निवेश के जरिए रकम डबल करने का लालच दिया था। धीरे-धीरे विश्वास जीतने के बाद ठगों ने महिला से करीब 5 लाख रुपये ठग लिए। पैसे डूबने और किसी प्रतिक्रिया के न मिलने से परेशान होकर महिला ने मंगलवार शाम फांसी लगाकर जान दे दी।

घटना कोटा के कैथुनीपोल थाना क्षेत्र की है। मृतका उषा वर्मा (40) एक प्राइवेट टीचर की पत्नी थीं। उनके पति हरीश वर्मा ने बताया कि उषा पिछले दो महीने से मानसिक तनाव में थी। वह टेलीग्राम पर बने एक ग्रुप के जरिए ऑनलाइन निवेश कर रही थी। ग्रुप में मौजूद ठग पहले छोटे निवेश पर उसे मुनाफा देते रहे। इससे उषा का भरोसा बढ़ गया और उसने धीरे-धीरे रकम बढ़ाते हुए पांच लाख रुपये तक का निवेश कर दिया।
हरीश ने बताया, “जब उषा को रिटर्न मिलना बंद हुआ, तो उसने टेलीग्राम पर उनसे कई बार संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। वह दिन-रात मोबाइल पर उसी ग्रुप को देखती रहती थी। मैंने उसका फोन चेक किया, तब पता चला कि ठगों ने ‘गोदरेज प्रॉपर्टीज’ के नाम पर उसे धोखा दिया था।”
पति ने बताया कि पत्नी ने ठगों को आखिरी बार लिखा था अगर मेरा पैसा वापस नहीं किया तो मैं सुसाइड कर लूंगी।”
लेकिन इसके बाद भी कोई जवाब नहीं आया। मंगलवार शाम उषा ने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कैथुनीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल भिजवाया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने पति की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और साइबर टीम ने जांच शुरू कर दी है।
मृतका की मां नीता देवी ने कहा मेरी बेटी बहुत सीधी और भरोसेमंद थी। ऑनलाइन ठगी ने उसकी जान ले ली। ठगों को जल्द पकड़कर सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि कोई और बेटी ऐसे जाल में न फंसे।”
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह साइबर ठगी का एक नया पैटर्न है, जिसमें टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग ऐप पर निवेश के नाम पर लोगों को जोड़ा जाता है। शुरुआत में मामूली रकम पर मुनाफा देकर भरोसा जीता जाता है और फिर बड़े निवेश के बाद रकम गायब कर दी जाती है।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, “ऐसी ठगियां अब निवेश, ट्रेडिंग और रियल एस्टेट के नाम पर तेजी से बढ़ रही हैं। ठग अक्सर नामी कंपनियों या प्रॉपर्टी ब्रांड्स के नाम से नकली अकाउंट बनाकर लोगों को फांसते हैं।”

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




