
राजस्थान में घने कोहरे का कहर,जयपुर से जैसलमेर तक कोहरे की चादर; कल से तेज सर्दी का अलर्ट
राजस्थान इन दिनों घने कोहरे की चपेट में है। सोमवार सुबह राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया रहा। जयपुर के बाहरी इलाकों में दृश्यता 10 मीटर तक सिमट गई, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ।
राजस्थान इन दिनों घने कोहरे की चपेट में है। सोमवार सुबह राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया रहा। जयपुर के बाहरी इलाकों में दृश्यता 10 मीटर तक सिमट गई, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ। कोहरे का असर दौसा, अलवर, करौली, भरतपुर, धौलपुर, श्रीगंगानगर और जैसलमेर जैसे जिलों में भी साफ दिखाई दिया। कई स्थानों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और लगातार बने घने कोहरे के चलते प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। एक ओर जहां दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जिससे कई इलाकों में ‘ठंडा दिन’ दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पूर्वी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली और दौसा जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से धूप कमजोर रही, जिसका सीधा असर दिन के तापमान पर पड़ा। अलवर और करौली में रविवार को सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अलवर में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और करौली में 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। करौली में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री और अलवर में 5.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
इसके अलावा दौसा में अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री, सिरोही में 22.8, बारां में 23.7, गंगानगर में 21.1, पिलानी में 21.9 और कोटा में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और पिलानी समेत लगभग सभी शहरों में दिन के तापमान में 1 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि रात के तापमान में इसके उलट रुख देखने को मिला। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में बादल छाए हुए हैं, जिससे उत्तरी हवाएं कमजोर पड़ी हैं। इसके चलते न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है और सुबह-शाम की सर्दी में थोड़ी राहत मिली है। रविवार को कई शहरों में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 7 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर आज भी बना रहेगा, जिसके चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर से उत्तर भारत से ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा, जिससे न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का असर और तेज होगा। विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने, कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है।
फिलहाल प्रदेश में कोहरा और ठंड का यह दौर जारी रहने के आसार हैं, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है।

लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




