आज RCA को मिलेगा नया कप्तान, ढाई साल बाद अध्यक्ष का चुनाव; भाजपा के 2 धड़ों में मुकाबला

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

RCA चुनाव में शुरुआत में 19 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें से 7 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया। अब 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

आज RCA को मिलेगा नया कप्तान, ढाई साल बाद अध्यक्ष का चुनाव; भाजपा के 2 धड़ों में मुकाबला
जुलाई 2026 में हाईकोर्ट ने एडहॉक कमेटी को भंग कर दिया और सीनियर आईएएस भास्कर ए. सावंत को RCA का प्रशासक नियुक्त किया। उन्हें तीन महीने के भीतर चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गई। इसी प्रक्रिया के तहत अब RCA में चुनाव हो रहे हैं।

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) को आज मंगलवार, 29 सितंबर को नया अध्यक्ष मिलने वाला है। ढाई साल से खाली पड़ी RCA अध्यक्ष की कुर्सी पर आज चुनाव के जरिए फैसला होगा। सबसे दिलचस्प बात यह है कि चुनाव मैदान में आमने-सामने खड़े दोनों पैनल के प्रत्याशी भाजपा से जुड़े हुए हैं। ऐसे में मुकाबला सीधे तौर पर भाजपा बनाम भाजपा के रूप में देखा जा रहा है।

करीब पांच साल तक RCA के अध्यक्ष रहे वैभव गहलोत ने फरवरी 2024 में अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की भनक के बीच इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से RCA की कमान एडहॉक कमेटी के पास रही। अब करीब ढाई साल बाद चुनाव होने जा रहे हैं।

10 बार बढ़ा एडहॉक कमेटी का कार्यकाल

वैभव गहलोत के इस्तीफे के बाद राज्य सरकार ने RCA के संचालन के लिए एडहॉक कमेटी बनाई थी। नियमों के मुताबिक कमेटी का कार्यकाल तीन महीने का था और इसी अवधि में चुनाव कराने थे, लेकिन चुनाव नहीं हो सके।

इसके बाद एडहॉक कमेटी का कार्यकाल एक-दो बार नहीं, बल्कि 10 बार बढ़ाया गया। इस दौरान विवादों के चलते कमेटी के कन्वीनर भी बदलते रहे। मामला आखिरकार हाईकोर्ट तक पहुंचा।

जुलाई 2026 में हाईकोर्ट ने एडहॉक कमेटी को भंग कर दिया और सीनियर आईएएस भास्कर ए. सावंत को RCA का प्रशासक नियुक्त किया। उन्हें तीन महीने के भीतर चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गई। इसी प्रक्रिया के तहत अब RCA में चुनाव हो रहे हैं।

चुनाव में भाजपा के ही दो पैनल आमने-सामने

RCA चुनाव में शुरुआत में 19 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें से 7 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया। अब 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

छह पदों के लिए ये प्रत्याशी दो अलग-अलग पैनल में बंटे हुए हैं। एक पैनल को सरकार समर्थित बताया जा रहा है, जिसकी अगुवाई अध्यक्ष पद पर बृजकिशोर उपाध्याय कर रहे हैं। वहीं दूसरा पैनल चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह ने उतारा है।

यानी मुकाबला किसी दूसरे राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि भाजपा से जुड़े दो गुटों के बीच है। यही वजह है कि आज होने वाले RCA चुनाव पर राजस्थान के क्रिकेट और राजनीतिक गलियारों की नजर है।

धनंजय सिंह ने नहीं छोड़ा मैदान

RCA चुनाव से पहले भाजपा के कई बड़े नेताओं के बेटे मैदान में उतरे थे। इनमें चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह, मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर, सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह शामिल थे।

हालांकि पराक्रम सिंह और पवन दिलावर चुनाव मैदान से हट गए। इसके बाद धनंजय सिंह मैदान में डटे रहे। अब अध्यक्ष पद पर बृजकिशोर उपाध्याय और धनंजय सिंह के बीच सीधा मुकाबला है।

अध्यक्ष समेत 6 पदों पर होगा चुनाव

RCA कार्यकारिणी के छह पदों के लिए चुनाव हो रहा है। अध्यक्ष पद पर बृजकिशोर उपाध्याय और धनंजय सिंह आमने-सामने हैं।

उपाध्यक्ष पद पर रतन सिंह शेखावत और मोहित यादव के बीच मुकाबला है। सचिव पद पर पिंकेश जैन और मोहित यादव चुनाव मैदान में हैं। संयुक्त सचिव पद पर राजेश सारस्वत और विनोद सहारण आमने-सामने हैं।

कोषाध्यक्ष पद के लिए विष्णु प्रकाश अग्रवाल और आशीष तिवाड़ी के बीच मुकाबला है। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद पर अरिष्ट सिंघवी और धर्मवीर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

36 जिला सचिव और 2 क्रिकेटर करेंगे मतदान

RCA चुनाव में वोटिंग का अधिकार जिला क्रिकेट संघों के सचिवों को दिया गया है। यानी जिला संघों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी वोट नहीं डाल सकेंगे।

कुल 36 जिला क्रिकेट संघों के सचिव मतदान करेंगे। इनके अलावा दो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी गगन खोडा और पंकज सिंह भी मतदान करेंगे। इस तरह कुल 38 मतदाता RCA की नई कार्यकारिणी के लिए वोट डालेंगे।

इनमें जयपुर से राजेश ताम्बी, जोधपुर से अरिष्ट सिंघवी, अजमेर से जीएस उपाध्याय, अलवर से पवन गोयल, उदयपुर से मनोज चौधरी, कोटा से एसपी शर्मा, बीकानेर से रतन सिंह, नागौर से राजेश बिश्नोई, पाली से धर्मवीर शेखावत, सीकर से सुभाष जोशी और अन्य जिलों के सचिव शामिल हैं।

वोटिंग के तुरंत बाद आएगा रिजल्ट

आज मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना होगी और इसके तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। ऐसे में RCA की करीब ढाई साल से खाली पड़ी अध्यक्ष की कुर्सी के लिए ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरआज RCA को मिलेगा नया कप्तान, ढाई साल बाद अध्यक्ष का चुनाव; भाजपा में ही मुकाबला