होटल-रेस्टोरेंट पर गैस संकट की मार, राजस्थान में कमर्शियल LPG बुकिंग बंद

लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
Follow us on Google News
share

राजस्थान में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर अचानक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने प्रदेशभर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की नई बुकिंग पर अस्थायी रोक लगा दी है।

होटल-रेस्टोरेंट पर गैस संकट की मार, राजस्थान में कमर्शियल LPG बुकिंग बंद

राजस्थान में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर अचानक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने प्रदेशभर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की नई बुकिंग पर अस्थायी रोक लगा दी है। इस फैसले के बाद होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और सड़क किनारे खाने-पीने के स्टॉल चलाने वाले कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कंपनियों ने डिस्ट्रीब्यूटर्स को निर्देश दिया है कि फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों के नए ऑर्डर स्वीकार न किए जाएं।

कमर्शियल बुकिंग रोकने के निर्देश, डिस्ट्रीब्यूटर्स को जारी हुआ एडवाइजरी

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष दीपक गहलोत के अनुसार रविवार शाम को कंपनियों की ओर से आंतरिक एडवाइजरी जारी की गई। इसमें स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सोमवार से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की नई बुकिंग या इंडेंट स्वीकार नहीं किए जाएं। बताया जा रहा है कि सीमित उपलब्धता के चलते कंपनियां फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों को प्राथमिकता देना चाहती हैं।

घरेलू उपभोक्ताओं को भी मिल रही सीमित आपूर्ति

हालांकि हालात ऐसे हैं कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को भी राहत नहीं मिल रही है। कई डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास फिलहाल सिलेंडरों का स्टॉक खत्म होने की स्थिति में है। जयपुर के एक गैस वितरक ने बताया कि उनके पास फिलहाल एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं और नई सप्लाई आने में तीन से चार दिन लग सकते हैं। ऐसे में घरेलू उपभोक्ताओं को भी गैस रिफिल के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

वैश्विक ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल का असर

विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति वैश्विक ऊर्जा बाजार में आई उथल-पुथल का नतीजा है। ईरान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय तनाव और संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव बढ़ गया है। इसका असर एलपीजी की उपलब्धता और कीमतों पर भी पड़ा है। कंपनियां सीमित सप्लाई को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर घरेलू जरूरतों को पूरा करने की रणनीति पर काम कर रही हैं।

होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की बढ़ी चिंता

कमर्शियल सिलेंडरों की बुकिंग बंद होने का सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट और खानपान से जुड़े कारोबार पर पड़ने वाला है। उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि रोजमर्रा के संचालन के लिए एलपीजी उनके लिए बेहद जरूरी है। यदि सप्लाई में रुकावट जारी रही तो कारोबार पर सीधा असर पड़ेगा और ग्राहकों को सेवाएं देना मुश्किल हो जाएगा।

शादी सीजन और पर्यटन के बीच बढ़ी मुश्किलें

इस समय प्रदेश में शादी-विवाह का सीजन चल रहा है और वीकेंड पर पर्यटन गतिविधियां भी तेज रहती हैं। ऐसे में होटल कारोबारियों की चिंता और बढ़ गई है। राजस्थान होटल फेडरेशन के सचिव रणविजय सिंह ने कहा कि यदि जल्द ही समाधान नहीं निकला तो मेहमानों की बुनियादी जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर होटल कारोबारी मंगलवार को मुख्यमंत्री से मिलने की योजना बना रहे हैं।

सरकार की प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराना

सरकारी सूत्रों के अनुसार फिलहाल सरकार और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इसी कारण कमर्शियल इंडेंट या ऑर्डर को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया गया है, ताकि घरेलू मांग को पूरी तरह पूरा किया जा सके।

एलपीजी रिफिल बुकिंग के नियम भी हुए सख्त

इधर कंपनियों ने एलपीजी रिफिल बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब कोई भी उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की बुकिंग के 25 दिन बाद ही नया रिफिल ऑर्डर कर सकेगा। इस निर्णय का असर कमर्शियल और घरेलू दोनों उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है और इससे गैस उपलब्धता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।

विकल्प तलाशने लगे लोग, इंडक्शन चूल्हों की बढ़ी मांग

गैस सप्लाई में अनिश्चितता के चलते कई घरों में लोग अब वैकल्पिक इंतजामों पर विचार कर रहे हैं। कुछ परिवार अस्थायी रूप से इंडक्शन स्टोव या इलेक्ट्रिक कुकर का इस्तेमाल करने की योजना बना रहे हैं। यदि आने वाले दिनों में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो प्रदेश में गैस संकट और गहरा सकता है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।