Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरrajasthan cold alert school closed ice weather update
राजस्थान के 10 जिलों में सर्दी का अलर्ट, 8 जिलों में स्कूल बंद, कई इलाकों में जमी बर्फ

राजस्थान के 10 जिलों में सर्दी का अलर्ट, 8 जिलों में स्कूल बंद, कई इलाकों में जमी बर्फ

संक्षेप:

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में शीतलहर और बर्फीली हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित है।

Jan 13, 2026 09:11 am ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में शीतलहर और बर्फीली हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेश के 10 जिलों में तेज सर्दी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर अलवर सहित नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) से सटे जिलों में ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सर्दी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जयपुर समेत प्रदेश के 8 जिलों में कक्षा 5वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। लगातार गिरते तापमान और सुबह-शाम की गलन के चलते बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि मौसम विभाग ने मकर संक्रांति के बाद सर्दी से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई है।

दूसरे दिन भी माइनस में पारा, कई शहरों में जमी बर्फ

सोमवार को लगातार दूसरे दिन प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस जबकि सीकर के फतेहपुर में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सीकर, चूरू, जैसलमेर, झुंझुनूं, बीकानेर, गंगानगर और फलोदी जिलों के कई इलाकों में सुबह के समय बर्फ जमने की स्थिति देखने को मिली।

प्रदेश के 10 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। झुंझुनूं, लूणकरणसर, दौसा, करौली, सिरोही, नागौर, गंगानगर, चूरू, जैसलमेर, सीकर, पिलानी और अलवर जैसे जिलों में लोग सर्दी से कांपते नजर आए। सुबह के समय खुले स्थानों पर बर्फ की पतली परत दिखाई दी, जिससे वाहन चालकों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।

धूप से दिन में मिली राहत, पारा 5 डिग्री तक चढ़ा

हालांकि सोमवार को कोहरे की स्थिति अपेक्षाकृत कम रही और आसमान साफ रहने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप निकली। कमजोर हवा और धूप के असर से दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पाली, जोधपुर, चूरू, गंगानगर, बीकानेर, सीकर, भीलवाड़ा, अलवर, सिरोही, झुंझुनूं और फतेहपुर समेत कई शहरों में लोगों को दिन के समय कुछ राहत महसूस हुई।

सोमवार को दिन के समय सबसे ठंडा जिला हनुमानगढ़ रहा, जहां अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पाली में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

15 जनवरी से बढ़ेगा न्यूनतम तापमान

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 जनवरी से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके साथ ही दिन के तापमान में भी 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है। इस बदलाव के बाद सुबह और शाम की गलनभरी सर्दी से लोगों को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि फिलहाल उत्तरी हवाओं के असर से रात और सुबह के समय ठंड बनी रहेगी।

बर्फीली हवाओं से बढ़ी गलन

अलवर जिले में सोमवार को न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार सुबह भी बर्फीली हवाओं के कारण लोगों को तेज गलन का सामना करना पड़ा। हालांकि कोहरा नहीं होने से दृश्यता सामान्य रही, जिससे आमजन और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।

उदयपुर में फ्लाइट्स प्रभावित होने की आशंका

सर्द मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ सकता है। इंडिगो एयरलाइंस ने उदयपुर आने-जाने वाली फ्लाइट्स को लेकर एडवाइजरी जारी की है। कम तापमान और मौसम की परिस्थितियों के चलते कुछ उड़ानों के रद्द या विलंबित होने की आशंका जताई गई है।

कुल मिलाकर, प्रदेश में फिलहाल सर्दी का प्रकोप जारी है। लोग अलाव, गर्म कपड़ों और धूप का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो मकर संक्रांति के बाद ठंड से धीरे-धीरे राहत मिलने के संकेत हैं, लेकिन तब तक सतर्कता बरतना जरूरी है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma
इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में पिछले 5 साल का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान से पहले, जी राजस्थान, महानगर टाइम्समें सेवा दे चुके हैं। राजस्थान विश्विद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। गुलाबी नगरी जयपुर में ही जन्म हुआ। राजस्थान की राजनीति और समृद्ध कला, संस्कृति पर लिखना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।