Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरrajasthan churu bus car accident cng blast jeweller death
राजस्थान: चूरू में बस-कार की भिड़ंत से CNG सिलेंडर ब्लास्ट, ज्वेलरी व्यवसायी की जिंदा जलकर मौत

राजस्थान: चूरू में बस-कार की भिड़ंत से CNG सिलेंडर ब्लास्ट, ज्वेलरी व्यवसायी की जिंदा जलकर मौत

संक्षेप:

चूरू जिले के रतनगढ़ इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-11 पर टिडियासर टोल प्लाजा के पास सवारियों से भरी बस और कार की आमने-सामने की टक्कर के बाद कार में लगा CNG सिलेंडर ब्लास्ट हो गया।

Nov 21, 2025 08:12 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, चूरू
share Share
Follow Us on

चूरू जिले के रतनगढ़ इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-11 पर टिडियासर टोल प्लाजा के पास सवारियों से भरी बस और कार की आमने-सामने की टक्कर के बाद कार में लगा CNG सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद कार आग के गोले में बदल गई और उसमें फंसे 22 वर्षीय ज्वेलरी व्यवसायी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर दोनों दिशाओं में लंबा जाम लग गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

हादसा शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार रतनगढ़ निवासी ज्वेलरी कारोबारी ओमप्रकाश सोनी (22) अपनी कार से फतेहपुर (सीकर) की तरफ जा रहे थे। वहीं जयपुर से चूरू की ओर आ रही एक प्राइवेट बस चार नंबर मोड़ के पास पहुंचते ही कार से आमने-सामने भिड़ गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह कुचल गई और अगले ही क्षण उसमें रखा CNG सिलेंडर फट गया। तेज धमाके के साथ कार में आग भड़क उठी।

थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार का दरवाज़ा जाम हो जाने की वजह से ओमप्रकाश बाहर नहीं निकल पाए। कुछ ही सेकंड में आग इतना फैल गई कि बचाव संभव नहीं हो पाया।

दमकल विभाग को भी तुरंत सूचना दी गई। रतनगढ़ से आई दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद कार के अंदर मौजूद युवक का जला हुआ शव बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने बताया कि शव की हालत बेहद गंभीर थी, पहचान भी मुश्किल हो रही थी। बाद में दस्तावेजों के आधार पर पहचान की पुष्टि की गई।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। बस और कार—दोनों सड़क पर एक ही लेन में फंसे होने से ट्रैफिक कई किलोमीटर तक जाम हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। बस में मौजूद यात्रियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन किसी की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि चार नंबर मोड़ के पास पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क का मोड़ अचानक आता है, और तेज रफ्तार में आने वाले वाहन संभल नहीं पाते। ग्रामीणों का कहना है कि यहां संकेतक और स्पीड-रिड्यूसर की कमी भी हादसों का एक बड़ा कारण है। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आवाजाही धीमी रखने और सुरक्षा उपायों की मांग उठाई।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों में से किसी एक वाहन का संतुलन बिगड़ने से टक्कर हुई, लेकिन सटीक कारण तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। 22 वर्षीय युवक की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma
इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में पिछले 5 साल का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान से पहले, जी राजस्थान, महानगर टाइम्समें सेवा दे चुके हैं। राजस्थान विश्विद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। गुलाबी नगरी जयपुर में ही जन्म हुआ। राजस्थान की राजनीति और समृद्ध कला, संस्कृति पर लिखना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।