राजस्थान के चूरू में बोलेरो-डंपर भिड़ंत में लगी आग, 3 जिंदा जले; 5 गंभीर घायल
राजस्थान के चूरू जिले में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां बोलेरो और डंपर की जोरदार टक्कर के बाद गाड़ी में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई

राजस्थान के चूरू जिले में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां बोलेरो और डंपर की जोरदार टक्कर के बाद गाड़ी में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 10 बजे थिरपाली गांव के पास स्थित टोल प्लाजा के नजदीक हुआ।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार लोग सिधमुख क्षेत्र से झुंझुनूं जिले के पिलानी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से उनकी गाड़ी की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो ने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
शवों की नहीं हो सकी पहचान
हादसे के बाद बोलेरो में फंसे तीन लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे जिंदा जल गए। आग इतनी भीषण थी कि शव पूरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को चूरू के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
5 घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल पांच लोगों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया। घायलों में हनुमानगढ़ जिले के मनदरपुरा गांव निवासी पंकज (20), कमल (22) और आनंद (20) शामिल हैं। इसके अलावा चूरू जिले के सिद्धमुख कस्बे के विकास (24) और हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले आशीष भी हादसे में झुलस गए हैं।
ओवरस्पीडिंग बनी हादसे की वजह?
हमीरवास थाना अधिकारी के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में टक्कर के पीछे तेज रफ्तार को एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि डंपर की ओवरस्पीडिंग के चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलाके में मचा हड़कंप
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


