राजस्थान के बीकानेर में दो समुदायों में पत्थरबाजी, इलाके में तनाव; पुलिस बल तैनात

Apr 07, 2026 12:33 pm ISTSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share

राजस्थान में बीकानेर शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र स्थित चौखूंटी इलाके में सोमवार रात छेड़छाड़ के आरोप को लेकर दो समुदायों के बीच अचानक तनाव फैल गया।मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया

राजस्थान के बीकानेर में दो समुदायों में पत्थरबाजी, इलाके में तनाव; पुलिस बल तैनात

राजस्थान में बीकानेर शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र स्थित चौखूंटी इलाके में सोमवार रात छेड़छाड़ के आरोप को लेकर दो समुदायों के बीच अचानक तनाव फैल गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

पुलिस के अनुसार घटना देर रात उस समय शुरू हुई जब कुछ युवकों पर क्षेत्र में छेड़छाड़ करने का आरोप लगा। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित युवकों ने मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और स्थिति बेकाबू हो गई।

कहासुनी से पत्थरबाजी तक पहुंचा मामला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसा में बदल गया। दोनों ओर से पत्थर फेंके गए, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस

नयाशहर थाना पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भेजा गया। थाना प्रभारी रोहित चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थिति को काबू में करने के प्रयास शुरू किए। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और देर रात तक गश्त जारी रही।

SHO रोहित चौधरी ने बताया कि हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। एहतियात के तौर पर रातभर पुलिस बल इलाके में तैनात रहा, ताकि किसी भी तरह की दोबारा अशांति न हो।

उपद्रवियों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनी हुई है। घटना में शामिल उपद्रवी युवकों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पुष्टि की जा सके।

हालांकि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक रंग भी आया सामने

घटना की सूचना मिलते ही कुछ संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और भाजपा नेता वेद व्यास पुलिस अधिकारियों से उलझते नजर आए। मौके पर दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे माहौल कुछ देर के लिए और गर्मा गया।

भाजपा नेता विजय उपाध्याय भी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लेते रहे। नेताओं की मौजूदगी के कारण इलाके में लोगों की भीड़ बढ़ गई, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी।

छेड़छाड़ से उपजा सामूहिक विवाद

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पूरा विवाद छेड़छाड़ के आरोप से शुरू हुआ, जो देखते ही देखते सामूहिक टकराव में बदल गया। ऐसे मामलों में अक्सर अफवाहें और भीड़ का दबाव स्थिति को और गंभीर बना देता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं घटना को जानबूझकर भड़काने की कोशिश तो नहीं की गई।

स्थिति फिलहाल शांत, पुलिस अलर्ट मोड पर

फिलहाल चौखूंटी इलाके में स्थिति पूरी तरह शांत बताई जा रही है, लेकिन पुलिस सतर्क बनी हुई है। संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।