45°C से ऊपर उबले राजस्थान के कई शहर, अगले 3 दिन और भारी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

राजस्थान इस समय भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। हालात ऐसे हैं कि दिन तो झुलसा ही रहे हैं, अब रातें भी लोगों को चैन नहीं लेने दे रहीं। सिरोही को छोड़ दें तो पूरे प्रदेश में मंगलवार को तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।

45°C से ऊपर उबले राजस्थान के कई शहर, अगले 3 दिन और भारी

राजस्थान इस समय भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। हालात ऐसे हैं कि दिन तो झुलसा ही रहे हैं, अब रातें भी लोगों को चैन नहीं लेने दे रहीं। सिरोही को छोड़ दें तो पूरे प्रदेश में मंगलवार को तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। उत्तर-पश्चिम राजस्थान में हीटवेव ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया, जबकि पूर्वी राजस्थान भी तपते तंदूर में बदलता नजर आया।

जयपुर की रातें बनी सबसे ज्यादा गर्म

सबसे चौंकाने वाली स्थिति राजधानी जयपुर की रही। यहां रात का न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो बाड़मेर और जैसलमेर जैसे रेगिस्तानी जिलों से भी ज्यादा रहा। यानी अब राजस्थान में सिर्फ दिन नहीं, रातें भी लोगों को झुलसा रही हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है और कई जिलों के लिए हीटवेव का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म, कई शहरों में 45 पार पहुंचा पारा

प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म चित्तौड़गढ़ रहा, जहां तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। श्रीगंगानगर 45.9, अलवर 45.8, पिलानी 45.3 और कोटा 44.4 डिग्री के साथ आग उगलते शहरों में शामिल रहे। चूरू और फलोदी में भी लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से लेकर देर शाम तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग जरूरी काम के बिना घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए।

जयपुर में लगातार दूसरे दिन चली लू

जयपुर में लगातार दूसरे दिन लू चली। दिन का तापमान 43.2 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि रात भी गर्म रही। गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी दोगुनी कर दी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिन राजधानी में हालात और कठिन हो सकते हैं। दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली दिखीं और लोग छांव तलाशते नजर आए।

उदयपुर में तापमान गिरा, लेकिन राहत नहीं

उदयपुर में तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज हुई, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। शहर का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। बाजारों में भीड़ कम रही और दोपहर के समय शहर की रफ्तार धीमी पड़ गई।

अजमेर में सड़कों पर पानी का छिड़काव

अजमेर में गर्मी का असर अब रातों में भी महसूस होने लगा है। अधिकतम तापमान 41.8 और न्यूनतम 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में अंतर कम होने से उमस बढ़ गई है। हालात इतने खराब हो गए कि शहर में राहत देने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से सड़कों पर पानी का छिड़काव करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने और तेज गर्म हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

शेखावाटी में छह दिन से प्रचंड गर्मी

शेखावाटी क्षेत्र भी भीषण गर्मी की चपेट में है। सीकर में पिछले छह दिनों से प्रचंड गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को यहां तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। रात में भी गर्म हवा चलने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है।

जोधपुर और कोटा में हीटवेव का असर

जोधपुर और कोटा में भी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। जोधपुर में मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। वहीं कोटा में नगर निगम को शहर के कई हिस्सों में पानी का छिड़काव कराना पड़ा ताकि लोगों को थोड़ी राहत मिल सके।

अलवर में दोपहर को सड़कों पर पसरा सन्नाटा

अलवर में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर वीरानी जैसी स्थिति देखने को मिली। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया।

अगले तीन-चार दिन और बढ़ सकती है मुश्किल

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान में अगले तीन से चार दिन तक गर्मी और ज्यादा खतरनाक रूप ले सकती है। खासतौर पर उत्तर-पश्चिम और पूर्वी जिलों में हीटवेव का असर बना रहेगा। ऐसे में लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। राजस्थान फिलहाल ऐसी तपिश झेल रहा है, जहां सूरज सिर्फ आसमान में नहीं, जमीन पर भी आग बरसाता महसूस हो रहा है।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।