राजस्थान में बोरवेल में फंसे भोमाराम की मौत, 39 घंटे बाद देसी जुगाड़ से निकाला

लाइव हिन्दुस्तान
share

हादसा 15 अक्टूबर को फलोदी जिले की पूनिया की ढाणी में हुआ था। भोमाराम दोपहर करीब 12:30 बजे 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। काफी कोशिशों के बाद पता चला कि बच्चा बोरवेल में करीब 640 फीट की गहराई पर अटका हुआ है।

राजस्थान में बोरवेल में फंसे भोमाराम की मौत, 39 घंटे बाद देसी जुगाड़ से निकाला
हादसा 15 अक्टूबर को फलोदी जिले की पूनिया की ढाणी में हुआ था। भोमाराम दोपहर करीब 12:30 बजे 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। काफी कोशिशों के बाद पता चला कि बच्चा बोरवेल में करीब 640 फीट की गहराई पर अटका हुआ है।

राजस्थान के फलोदी जिले में जिस बच्चे को बचाने के लिए हर गुजरते पल के साथ उम्मीदें लगाई जा रही थीं, वह जिंदगी की जंग हार गया। 9 साल का भोमाराम करीब 39 घंटे तक 640 फीट की गहराई में जिंदगी और मौत के बीच फंसा रहा। उसे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों ने दिन-रात कोशिश की। मशीनों से लेकर देसी जुगाड़ तक का सहारा लिया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका।

शुक्रवार देर रात 3:35 बजे भोमाराम को बोरवेल से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत एम्बुलेंस से लोहावट हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिस बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने की उम्मीद में परिजन और रेस्क्यू टीम इंतजार कर रहे थे, उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया।

1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा था भोमाराम

हादसा 15 अक्टूबर को फलोदी जिले की पूनिया की ढाणी में हुआ था। भोमाराम दोपहर करीब 12:30 बजे 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। काफी कोशिशों के बाद पता चला कि बच्चा बोरवेल में करीब 640 फीट की गहराई पर अटका हुआ है।

बच्चे के बोरवेल में गिरने की खबर मिलते ही उसे बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए गए। रेस्क्यू टीमों ने अलग-अलग तरीकों से बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की। हर कोशिश के साथ उम्मीद थी कि भोमाराम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा, लेकिन बोरवेल के भीतर मौजूद बाधाओं ने अभियान को बेहद मुश्किल बना दिया।

बच्चे से 30 फीट ऊपर फंसा था पत्थर

रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे बड़ी परेशानी बोरवेल के अंदर फंसा पत्थर बना। यह पत्थर भोमाराम से करीब 30 फीट ऊपर अटका हुआ था। इसकी वजह से पाइप और दूसरे उपकरणों को बच्चे तक पहुंचाने में दिक्कत आ रही थी।

NDRF और SDRF की टीमें लगातार बच्चे को निकालने की कोशिश करती रहीं, लेकिन पत्थर के कारण अभियान आगे नहीं बढ़ पा रहा था। आखिरकार पत्थर को बाहर निकालने के लिए देसी जुगाड़ का सहारा लिया गया। हादसे के करीब 34 घंटे बाद पत्थर को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद बच्चे को बाहर निकालने की कोशिशें तेज की गईं।

लोहे के सरियों से बनाया चिमटेनुमा उपकरण

पत्थर निकालने के लिए देसी जुगाड़ एक्सपर्ट माधाराम सुथार और उनकी टीम ने लोहे के सरियों से विशेष उपकरण तैयार किया। टीम के सदस्य जगमाल के मुताबिक, सरियों को एक-एक करके वेल्डिंग से जोड़ा गया और उनके ऊपर पत्थर के आकार का ढांचा बनाया गया।

बोरवेल में डाले गए कैमरे की फुटेज देखकर उपकरण का आकार तय किया गया, ताकि अंदर की बनावट के हिसाब से काम किया जा सके और आसपास ज्यादा दबाव नहीं पड़े।

उपकरण को बोरवेल में नीचे उतारा गया। जैसे-जैसे यह पत्थर के पास पहुंचा, इसका चिमटेनुमा लॉक पत्थर पर पकड़ बनाने में सफल रहा। इसके बाद रस्सी की मदद से पत्थर को धीरे-धीरे ऊपर खींचकर बाहर निकाला गया।

कैमरे में मूवमेंट दिखना भी बंद हो गया था

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 16 अक्टूबर की सुबह एक और चिंता बढ़ाने वाली स्थिति सामने आई। बोरवेल में डाले गए कैमरे में भोमाराम की हलचल दिखाई देना बंद हो गई थी। इसके बाद भी बच्चे को बाहर निकालने की कोशिशें जारी रहीं।

पत्थर हटने के बाद लोहे के सरियों से तैयार उपकरण की मदद से बच्चे को निकालने का प्रयास किया गया। आखिरकार शुक्रवार देर रात भोमाराम को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उम्मीदों के बीच थम गई जिंदगी

करीब दो दिन तक चला यह रेस्क्यू ऑपरेशन आखिरकार दुखद नतीजे के साथ खत्म हुआ। भोमाराम को बाहर निकालने के लिए टीमों ने लगातार प्रयास किए। देसी जुगाड़ से पत्थर हटाने में सफलता भी मिली, लेकिन बच्चे की जान नहीं बच सकी।

Sachin Sharma

लेखक के बारे में

Sachin Sharma

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरराजस्थान में बोरवेल में फंसे भोमाराम की मौत, 39 घंटे बाद देसी जुगाड़ से निकाला