राहुल को बड़ी बेटी के अफेयर का था शक; पत्नी से किया झगड़ा; जयपुर के 4 कत्ल की पूरी कहानी
पूछताछ में सामने आया कि राहुल को अपनी बड़ी बेटी के किसी युवक के संपर्क में होने का शक था। वह पत्नी से बार-बार बेटी को समझाने के लिए कहता था। राहुल को लगता था कि बेटी अनजान लोगों के संपर्क में है और रात के समय कोई उससे मिलने घर आता है।

जयपुर के करधनी इलाके में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल झा (45) से पूछताछ में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि राहुल के निशाने पर शुरुआत से उसकी पत्नी और बड़ी बेटी थी। उसे शक था कि बड़ी बेटी का किसी युवक से अफेयर चल रहा है और रात के समय कोई उससे मिलने घर आता है। इसी बात को लेकर वह पिछले दो-तीन महीने से तनाव में था। आरोपी का आरोप था कि पत्नी बेटी को समझाने के बजाय उसका पक्ष लेती थी। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
बड़ी बेटी को लेकर पत्नी से होता था झगड़ा
पूछताछ में सामने आया कि राहुल को अपनी बड़ी बेटी के किसी युवक के संपर्क में होने का शक था। वह पत्नी से बार-बार बेटी को समझाने के लिए कहता था। राहुल को लगता था कि बेटी अनजान लोगों के संपर्क में है और रात के समय कोई उससे मिलने घर आता है। बड़ी बेटी के परिचितों के साथ बाहर घूमने जाने को लेकर भी वह नाराज रहता था।
पुलिस के मुताबिक, हाल ही में बड़ी बेटी एक परिचित युवक के साथ कांवड़ लेकर भी आई थी। राहुल ने उसे अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने के लिए कई बार समझाया था। बेटी को लेकर यही शक धीरे-धीरे उसके मन में गहराता गया। पत्नी जब बेटी का पक्ष लेती थी तो दोनों के बीच विवाद बढ़ जाता था।
प्लान सिर्फ मां-बेटी की हत्या का था
पुलिस की प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि राहुल ने पत्नी और बड़ी बेटी को मारने की योजना बनाई थी। उसका गुस्सा मुख्य रूप से इन्हीं दोनों को लेकर था। हालांकि, हत्या के बाद वह इस बात को लेकर भी सोच रहा था कि अगर उसे जेल हो गई तो उसकी छोटी बेटियों की देखभाल कौन करेगा।
इसी सोच में उसने छोटी दोनों बेटियों को भी मार डाला। यानी जिस वारदात की शुरुआत उसके दिमाग में पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या से हुई थी, वह देखते ही देखते चार हत्याओं में बदल गई।
घर के बाहर से उठाकर लाया था पत्थर
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल घर के बाहर से दो बड़े पत्थर लेकर आया था। इनमें से एक पत्थर वह घर के अंदर ले गया। इसके बाद उसने सबसे पहले अपनी पत्नी पर हमला किया। फिर नीचे कमरे में सो रही बड़ी बेटी और दोनों छोटी बेटियों को भी निशाना बनाया।
वारदात के बाद वह घर से निकल गया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद भी उसके व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वह सीधे शहर से बाहर भागने के बजाय जयपुर के अलग-अलग मंदिरों में पहुंचा और वहां काफी समय बिताया।
हत्या के बाद तीन मंदिरों में गया
हत्या करने के बाद राहुल ई-रिक्शा से जयपुर के तीन मंदिरों में दर्शन करने गया था। मंदिरों में ही उसने हत्या के बाद पूरा दिन बिताया। इसके बाद वह जयपुर से बाहर निकल गया और खाटूश्यामजी की तरफ पहुंचा।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि राहुल अक्सर खाटूश्यामजी मंदिर जाता था। वारदात से करीब पांच-छह दिन पहले भी वह खाटूश्यामजी गया था। पुलिस ने जब आरोपी के परिचितों और आसपास के लोगों से उसके बारे में जानकारी जुटाई तो उसके बार-बार खाटू जाने की बात सामने आई।
बस से खाटू पहुंचा, फिर रींगस में पकड़ा गया
पुलिस ने राहुल की तलाश में खाटूश्यामजी और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में वह एक होटल के पास दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित मूवमेंट को ट्रैक करना शुरू किया।
रींगस रेलवे स्टेशन और आसपास की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई। दिनभर की फुटेज में राहुल स्टेशन और बीकानेर बस स्टैंड के आसपास घूमता दिखाई दिया। बाद में पुलिस ने रविवार रात रींगस से उसे पकड़ लिया।
85 साल के पिता को क्यों नहीं मारा?
पुलिस पूछताछ में यह सवाल भी सामने आया कि राहुल ने अपने 85 वर्षीय पिता की हत्या क्यों नहीं की। जांच में सामने आया कि उसके पिता को करीब 33 हजार रुपए मासिक पेंशन मिलती है। राहुल को लगता था कि परिवार के बाकी सदस्यों की हत्या के बाद उसका भाई पिता को अपने साथ रख लेगा और उनकी देखभाल कर देगा। इसी वजह से उसने पिता को निशाना नहीं बनाया।

