पूर्व हेल्थ मिनिस्टर रघु शर्मा का दावा; राजस्थान सरकार की तैयारी अधूरी, MRI सेवाएं पड़ सकती हैं ठप
राजस्थान के पूर्व चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूदा भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने खास तौर पर MRI जांच में इस्तेमाल होने वाली हीलियम गैस की संभावित कमी को बड़ा खतरा बताते हुए कहा

राजस्थान के पूर्व चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूदा भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने खास तौर पर MRI जांच में इस्तेमाल होने वाली हीलियम गैस की संभावित कमी को बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि यदि समय रहते सरकार ने व्यवस्था नहीं की, तो आने वाले दिनों में राज्य में MRI सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
MRI सेवाओं पर मंडराता संकट
रघु शर्मा ने कहा कि वर्तमान वैश्विक हालात युद्ध जैसे बने हुए हैं, जिससे कई देशों की सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि MRI मशीनों के संचालन के लिए जरूरी हीलियम गैस मुख्य रूप से कतर से आती है। ऐसे में यदि कतर से सप्लाई बाधित होती है, तो राजस्थान के सरकारी और निजी अस्पतालों में MRI जांच कराना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसका सीधा असर मरीजों के इलाज पर पड़ेगा, क्योंकि गंभीर बीमारियों के निदान में MRI अहम भूमिका निभाती है।
सरकार पर तैयारी नहीं होने का आरोप
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि इस संभावित संकट को लेकर राज्य सरकार ने कोई ठोस रणनीति तैयार नहीं की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील क्षेत्र में सरकार को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। शर्मा ने कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
स्वास्थ्य योजनाओं को लेकर भी उठाए सवाल
रघु शर्मा ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई स्वास्थ्य योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने कई योजनाओं को बंद कर दिया है या उन्हें कमजोर कर दिया है। उन्होंने निशुल्क दवा योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भविष्य में इसे भी बंद किए जाने की आशंका है। उनके मुताबिक, सरकारी अस्पतालों में दवाओं की गुणवत्ता और मात्रा दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मेडिकल कॉलेजों का श्रेय विवाद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मेडिकल कॉलेजों को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जिन मेडिकल कॉलेजों को भाजपा अपनी उपलब्धि बता रही है, वे सभी कांग्रेस सरकार की देन हैं। गहलोत सरकार के दौरान हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में काम किया गया था, जिसे अब भाजपा अपने नाम पर प्रचारित कर रही है।
फर्जी डॉक्टरों के मामले पर भी हमला
राजस्थान में SOG द्वारा फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर डॉक्टर बने 18 लोगों की गिरफ्तारी और 90 से अधिक संदिग्धों की पहचान के मामले पर भी रघु शर्मा ने सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से सिस्टम की विफलता है और सरकारी योजनाओं में लीक के कारण ही ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।
अस्पतालों में अधूरी सुविधाओं का मुद्दा
उन्होंने जयपुर सहित कई जिलों के अस्पतालों में अधूरी पड़ी सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार के समय जिन सुविधाओं का विस्तार शुरू हुआ था, उन्हें भाजपा सरकार अब तक पूरा नहीं कर पाई है।
रघु शर्मा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबसे बड़ा मुद्दा MRI सेवाओं पर संभावित संकट का रहा। यदि हीलियम गैस की आपूर्ति बाधित होती है, तो यह स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। ऐसे में अब नजरें राज्य सरकार की तैयारियों पर टिकी हैं कि वह इस खतरे से निपटने के लिए क्या कदम उठाती है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


